[ad_1]
अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन का अनारक्षित टिकट केंद्र। संवाद
अंबाला। अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन के अनारक्षित टिकट घर यूटीएस पर विजिलेंस की रेड के दौरान अनियमितताएं पाई गई। विजिलेंस ने यूटीएस काउंटर पर तैनात कर्मचारियों के पैसों की जांच की तो चार कर्मचारियों से लगभग दो-दो हजार रुपये अतिरिक्त मिले। जब उनसे इसकी पूछताछ की गई तो वो कोई जवाब नहीं दे पाए।
विजिलेंस ने तुरंत सभी दस्तावेज कब्जे में लिए और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। विजिलेंस आगामी कार्रवाई के लिए दिल्ली मुख्यालय पहुंच चुकी है और जल्द ही इसकी रिपोर्ट अंबाला मंडल के विभागीय अधिकारी के पास भेजी जाएगी ताकि आरोपी कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्रवाई हो सके। प्राप्त जानकारी अनुसार यह रेड 13 अगस्त को रात लगभग 11 बजे डाली गई जब कर्मचारियों की शिफ्ट खत्म होने वाली थी।
अचानक विजिलेंस टीम यूटीएस काउंटर पर दाखिल हुई और काटी गई टिकटों का ब्यौरा लेने में जुट गई। इस दौरान सभी काउंटरों पर कार्यरत कर्मचारियों का लेखा-जोखा देखा गया, वहीं कंप्यूटर में टिकटों की गिनती और राशि का जब मिलान किया तो उसमें कुछ गड़बड़ी मिली।
मामले की सूचना मिलते ही स्टेशन पर मौजूद अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। लगभग दो से ढाई घंटे तक विजिलेंस टीम ने प्रत्येक दस्तावेज को खंगाला और इसकी मौके पर ही एक प्राथमिक रिपोर्ट तैयार की। वहीं यह भी जानकारी सामने आई है कि निर्धारित से अधिक नकदी मिलने के बावजूद संबंधित कर्मचारियों को यूटीएस से नहीं हटाया गया है जोकि रेलवे की कार्यशैली पर एक बड़ा सवालिया निशान खड़ा करता है, जबकि अन्य मामलों में अगर किसी कर्मचारी की संलिप्तता पाई जाती है तो उसका तुरंत प्रभाव से सीट से तबादला कर दिया जाता है और रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई आरंभ की जाती है।
वर्जन
मामला संज्ञान में आया है। विजिलेंस ने यूटीएस काउंटर पर रेड की थी। अभी रिपोर्ट नहीं मिली है जो भी रिपोर्ट मिलेगी,उसका आंकलन करने के बाद दोषी कर्मचारियों पर नियमानुसार कार्यवाही की जाएगी।
नवीन कुमार, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।
[ad_2]
Source link



