अंबाला। उत्तर रेलवे मंडलीय चिकित्सालय अंबाला में बिना आग के खाना बनाना प्रतियोगिता आयोजित की गई। यह प्रतियोगिता भारत सरकार के पोषण पखवाड़ा-2026 अभियान के तहत आयोजित हुई। इस प्रतियोगिता के आयोजन का मुख्य उद्देश्य कर्मचारियों और आमजन के बीच स्वस्थ एवं पोषक आहार के प्रति जागरूकता पैदा करना था। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने बिना आग का प्रयोग किए अत्यंत स्वादिष्ट, रचनात्मक और पौष्टिक व्यंजन तैयार कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। व्यंजनों का मूल्यांकन अपर मण्डल रेल प्रबंधक, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक और अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। निर्णय का आधार व्यंजनों का स्वाद, उनकी प्रस्तुति और पोषण मूल्य रहा। कार्यक्रम के समापन पर वरिष्ठ अधिकारियों ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर सम्मानित किया। उपस्थित जनसमूह ने रेल प्रशासन की इस अनूठी और स्वास्थ्यवर्धक पहल की जमकर सराहना की।