[ad_1]
अंबाला। नसीरपुर गांव में चोरों ने मकान के ताले तोड़कर अलमारी व बेड में रखे सोने-चांदी के आभूषण व कीमती सामान चुरा लिया। वारदात के समय पीड़ित परिवार अपनी रिश्तेदारी में गया हुआ था। पीड़ित रमेश कुमार ने बताया कि वह मेहनत-मजदूरी का काम करता है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी जसविंदर कौर के साथ किसी काम से शाहपुर गांव स्थित अपनी रिश्तेदारी में गया था। शाम करीब 4 बजे लौटे तो सामान बिखरा पड़ा था। घर से लाखों रुपये का सामान चोरी हो गया था। पुलिस ने अज्ञात पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। संवाद
बाइक की टक्कर से गई जान
शहजादपुर। नगांवा गांव से भंडारा खाकर परिवार के साथ घर लौट रहे एक व्यक्ति को तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए रविंद्र ने मुलाना के एमएमयू अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने मृतक की पत्नी बबीता की तहरीर पर बाइक चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। बबीता ने बताया कि वह उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में रहते हैं। रविंद्र कुमार पांडेय (45) पिछले 15 वर्षों से शहजादपुर के ऊपरी धमौली स्थित एक पोल्ट्री फार्म में नौकरी करते थे। मंगलवार रात करीब 9 बजे वह और रविंद्र 9 वर्षीय बेटे ब्रह्म शंकर के साथ नगांवा गांव में भंडारा खाकर पैदल अपने घर लौट रहे थे कि पीछे से आई बाइक ने टक्कर मार दी। संवाद
धोखाधड़ी के मामले में छठा आरोपी काबू
अंबाला सिटी। जमीन के फर्जी कागजात तैयार कर अंबाला सिटी के विजय कुमार जमीन बेचने वाले गिरोह के छठे सदस्य को पुलिस ने काबू कर लिया। आरोपी की पहचान माेहाली के जांझो गांव निवासी सूरत सिंह के रूप में हुई है। वीरवार आरोपी को कोर्ट में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया। रिमांड के दौरान गहन पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 लाख रुपये की नकदी बरामद की है। इस हाई-प्रोफाइल मामले में आर्थिक अपराध शाखा अब तक 10 लाख रुपये बरामद कर चुकी है। इस मामले में विजय कुमार का आरोप था कि आरोपी कंवलजीत सिंह और उसके अन्य साथियों ने मिलीभगत कर 9 मई से 30 जुलाई 2025 के बीच विजय कुमार की 12 बीघे 8 बिस्वा जमीन के फर्जी दस्तावेज तैयार कर धोखाधड़ी की। संवाद
चोरी के लैपटॉप व चार्जर के साथ तीन काबू
अंबाला सिटी। बलदेव नगर पुलिस ने चोरी का लैपटॉप रखने के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया लैपटॉप और चार्जर बरामद कर लिया है। आरोपियों की पहचान कबीर नगर निवासी जानू, अमन व जसमीत नगर निवासी रमन उर्फ पन्नी के रूप में हुई। पुलिस ने गश्त के दौरान आरोपियों को अंबाला सिटी की मिक्सी चौक के पास घेराबंदी कर काबू किया था। संवाद
2.35 लाख हड़पने में एक और काबू
अंबाला सिटी। विदेश भेजने के नाम पर बरनाला गांव निवासी बलजिंद्र सिंह से 2 लाख 35 हजार रुपये की धोखाधड़ी करने वाले एक अन्य को पुलिस ने काबू कर लिया। आरोपी की पहचान दिल्ली के साउथ वेस्ट निवासी सुभोजीत साधु के रूप में हुई है। वीरवार कोर्ट में पेश कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। इस मामले में बलजिंद्र सिंह ने बताया था कि 4 नवंबर 2023 को आरोपी कर्णदीप सिंह व अन्य ने उसे विदेश भेजने के मामले में उससे 2 लाख 35 हजार रुपये हड़प लिए थे। संवाद
बाइक चोरी के दो आरोपियों को भेजा जेल
अंबाला। बाइक चोरी के दो अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो आरोपियों को काबू कर लिया है। पहले मामले में पुलिस ने 9 फरवरी को दीना की मंडी से दीपक कुमार की चोरी हुई बाइक मामले में कैंट के डेहा कॉलोनी निवासी आशीष को काबू किया। इसी तरह से बाइक चोरी के एक अन्य मामले में कैंट निवासी अभी को काबू किया। दोनों ही मामलों में पुलिस ने बाइक बरामद कर ली है। वीरवार कोर्ट में पेश कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। संवाद
[ad_2]
Source link




