[ad_1]
– अंबाला के होटल में रुके थे मुख्य साजिशकर्ता, यहीं से खरीदे थे भरे सिलिंडर
बलदेव नगर थाने में कार जलाने का मामला
माई सिटी रिपोर्टर
अंबाला सिटी। बलदेव नगर थाने में कार में सिलिंडर रखकर आग लगाने के मामले में सीआईए और एसटीएफ अंबाला की संयुक्त टीम ने पंजाब के पटियाला से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। बताया जाता है कि गिरफ्तार पटियाला निवासी कर्मजीत सिंह को पंजाब के दो लोगों ने कार को बलदेव नगर थाने में खड़ी करने के लिए पटियाला से बुलाया था। कार चालक से पूछताछ में पता चला कि दोनों संदिग्ध अंबाला के एक होटल में एक दिन रुके भी थे। उन्होंने यहीं से तीन भरे सिलिंडर खरीदे, जिनका प्रयोग कार में रखने के लिए किया जाना था। इसके बाद 10 जनवरी को चालक कर्मजीत को कार दी और थाने में खड़ी करने को कहा था। कर्मजीत ने कार थाने में खड़ी कर दी और कान पर मोबाइल रखकर एक वीडियो भी बना ली, जिसे दाेनों संदिग्धों के पास सुबूत के तौर पर भेज दिया गया। विशेष टीमों की जांच अब खालिस्तानी साजिश पर केंद्रित होती दिख रही है।
अमृतसर राजमार्ग से पकड़ी थी बस
पूछताछ में कार चालक कर्मजीत सिंह ने बताया कि कार को थाने में खड़ा करने के बाद और वीडियो भेजने के उपरांत वह पैदल आसानी से अंबाला-अमृतसर राजमार्ग पर पहुंच गया था। यहां से पटियाला जाने वाली रोडवेज बस में बैठकर वह घर चला गया था। कर्मजीत का कहना है कि कार कहां से आई और उसे वहां भेजने वाले संदिग्ध कौन थे इसकी उसे जानकारी नहीं है। इन्ही कड़ियों को आपस में जोड़ने के लिए पुलिस ने कार चालक की दो दिन की रिमांड ली है। पुलिस दो से तीन दिन में इस वारदात का पटाक्षेप कर सकती है।
खालिस्तानी साजिश का हो सकता है पर्दाफाश
खालिस्तानी साजिश होने का प्रमुख कारण थाने में कार में आग लगाने के माड्यूल से जोड़कर देखा जा रहा है। क्योंकि खालिस्तानी मूवमेंट चलाने वाले कट्टरपंथियों ने इसी तरह से पंजाब को दहलाने की साजिश की थी, हालांकि वहां ग्रेनेड और अन्य तरीकों का प्रयोग किया गया था। अंबाला पंजाब से सटा हरियाणा का जिला है। यहां पर पंजाब से भी लोगों का आना जाना लगा रहता है। हालांकि खालिस्तानी मूवमेंट को लेकर अंबाला से जोड़कर कई बार कट्टरपंथी अलग-अलग धमकी तो दे चुके हैं मगर कभी कोई बड़ी वारदात को अंजाम नहीं दे सके। पुलिस ने ऐसी हर गतिविधि को प्राथमिक स्तर पर ही रोकने की कोशिश भी की है।
[ad_2]
Source link


