Ambala News: नन्हेड़ा और मिलाप नगर सहित कई इलाकों में बिछेगी नई सीवर लाइन, 22.37 करोड़ रुपये मंजूर Latest Haryana News

[ad_1]

अंबाला। अंबाला सदर के निवासियों को एक बड़ी सौगात मिलेगी। शहरी स्थानीय निकाय निदेशालय, हरियाणा ने क्षेत्र के कई प्रमुख गांवों और कॉलोनियों में सीवर व्यवस्था के विस्तार को हरी झंडी दे दी है । इस परियोजना के लिए मुख्यमंत्री शहरी समग्र विकास योजना के तहत लगभग 22.37 करोड़ के बजट को प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी गई है। यह योजना हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन व श्रम मंत्री अनिल विज के निर्देश पर तैयार की गई थी ताकि लोगों को गंदगी से निजात दिलवाई जा सके। इस योजना का फायदा संबंधित क्षेत्र के लगभग 15 से 18 हजार लोगों को होगा।

इन इलाकों को मिलेगा लाभ

सरकारी आदेश के अनुसार, इस योजना के तहत मुख्य रूप से कुछ क्षेत्रों को शामिल किया जाएगा। इसमें नन्हेड़ा गांव, मिलाप नगर, रंगिया मंडी, आनंद विहार और इसके साथ लगते अन्य क्षेत्र शामिल होंगे। इस कार्य के लिए शुरुआत में 2976.21 लाख रुपये का अनुमानित बजट तैयार किया गया था, लेकिन निदेशालय द्वारा बारीकी से जांच के बाद इसे संशोधित कर 2237.64 लाख रुपये कर दिया है, जाे लगभग 22.37 करोड़ है। निदेशालय ने स्पष्ट किया है कि निविदा प्रक्रिया शुरू करने से पहले नगर परिषद अंबाला सदर को सक्षम प्राधिकारी से तकनीकी स्वीकृति लेनी अनिवार्य होगी।

अवैध कनेक्शनों पर रहेगी सख्ती

विभाग ने कुछ सख्त शर्तें भी लागू की हैं। इसके तहत अनिवार्य कनेक्शन के आधार पर नगर परिषद को यह सुनिश्चित करना होगा कि क्षेत्र के सभी घरों में सीवर कनेक्शन लिए जाएं। सभी घरों में वैध और मीटर वाले पानी के कनेक्शन होना भी अनिवार्य किया गया है। निर्माण कार्य के दौरान निकलने वाली पुरानी ईंटों का रिकॉर्ड रखा जाएगा और उन्हें दोबारा इस्तेमाल में लाया जाएगा। इसके अलावा, पूरी परियोजना की जानकारी पीएम गति शक्ति पोर्टल पर भी अपलोड करनी होगी। निदेशालय के उप-मंडल अभियंता सत्यवीर सिंह द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि कार्य के दौरान मजदूरों और जनता की सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी नगर परिषद के अधिकारियों की होगी।

यह एक सौगात उन क्षेत्र के लोगों के लिए है जोकि मूलभूत सुविधाओं से वंचित थे। सीवर लाइन बिछने से यह क्षेत्र पूरी तरह से गंदगी मुक्त हो जाएंगे और इससे पूरे क्षेत्र में साफ व स्वच्छ माहौल रहेगा।

– देवेंद्र नरवाल, कार्यकारी अभियंता, नप सदर, अंबाला।

[ad_2]

Source link