अंबाला। दो दिवसीय जिला स्तरीय सांस्कृतिक महोत्सव शनिवार को पीकेआर जैन गर्ल्स वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में संपन्न हुआ। कार्यक्रम जिला शिक्षा अधिकारी सुधीर कालडा की अध्यक्षता में हुआ। महोत्सव के दूसरे दिन 5वीं – 8वीं के विद्यार्थियों ने अपनी उत्कृष्ट कला का प्रदर्शन किया। महोत्सव के अंतर्गत विद्यार्थियों के द्वारा चार मुख्य प्रतियोगिता कराई गई। इनमें समूह नृत्य, एकल नृत्य, रागनी और नाटिका शामिल रही। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी ज्योति रानी ने सांस्कृतिक गतिविधियों को बच्चों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण बताया। समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में खंड शिक्षा अधिकारी अंबाला-1 सतबीर सिंह भी उपस्थित रहे। जिला समन्वयक डॉ. अरविंद सिंह ने बताया कि इस महोत्सव में लगभग 391 बच्चों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। उन्होंने बताया कि जिला स्तर पर प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम आने वाली टीम राज्य स्तर पर होने वाले सांस्कृतिक महोत्सव में अंबाला का प्रतिनिधित्व करेगी।

अंबाला सिटी के पीकेआर जैन स्कूल में कार्यक्रम के दौरान मौजूद गणमान्य व छात्र। प्रवक्ता