Ambala News: जिले के 1810 किसान आयकर देने पर भी ले रहे थे पीएम सम्मान निधि का लाभ Latest Haryana News

[ad_1]

अंबाला। जिले में पीएम किसान सम्मान निधि योजना के तहत एक बड़ी गड़बड़ी सामने आई है। जांच में 1810 किसान आयकर दाता पाए गए हैं। ये किसान योजना के मानदंडों के अनुसार अपात्र हैं, क्योंकि योजना केवल छोटे और सीमांत किसानों के लिए है। अब प्रशासन इन अयोग्य लाभार्थियों के खातों को योजना से हटाने की प्रक्रिया कर रहा है। पिछले दिनों सरकार ने आयकर के डाटा से लाभार्थियों की जानकारी का सत्यापन किया था, जिसमें यह किसान चिह्नित किए गए थे।

सात वर्षों में 5411 लाभार्थी हुए कम

बीते सात वर्षों में 5,411 किसान पीएम सम्मान निधि योजना का लाभ लेना बंद कर चुके हैं। जिले में वर्ष 2019 में 59814 किसानों ने योजना के लिए पंजीकरण कराया था। बीते सात वर्षों में सक्रिय किसान सिर्फ 54403 ही शेष रह गए हैं। इन पांच हजार से अधिक किसानों के योजना का लाभ लेना बंद करने के पीछे प्रमुख कारण है कि इनमें से कुछ किसानों का तो निधन हो गया है। कुछ किसानों ने अपनी जमीन बच्चों के नाम करा दी, वहीं कुछ लोग नौकरी पर लग गए। कुछ किसानों ने वॉलिंटियर के रूप में अपनी राशि सरेंडर कर दी।

वर्ष 2019 में 22.76 लाख रुपये की हुई थी रिकवरी

अधिकारियों की मानें तो वर्ष 2019 में कई संदिग्ध लाभार्थी चिह्नित किए गए थे। इस दौरान नोटिस देकर 22.76 लाख रुपये रिकवर भी किए थे। बाद में केंद्र सरकार ने लाभार्थियों को मौका भी दिया था कि वह ऑनलाइन पोर्टल पर अपनी रिकवरी की राशि को सरेंडर भी कर सकते हैं। वहीं जिन लाभार्थियों ने रिकवरी की राशि जमा नहीं कराई है उनसे वसूली के लिए अभी तक कोई निर्देश नहीं आए हैं। अभी भी लोग अपनी रिकवरी राशि सरेंडर कर सकते हैं।

8503 से अधिक किसान डाटा नहीं करा रहे अपडेट

पीएम सम्मान निधि योजना में 21 किस्तें किसानों के खातों में भेजी जा चुकी हैं। अब 22वीं किस्त आनी है। अब योजना में दिक्कत यह आ रही है कि पांच हजार किसान ऐसे हैं जो अपना डाटा अपडेट नहीं करा रहे हैं। इसमें 4995 लाभार्थियों ने अभी तक ई-केवाईसी नहीं कराई है, इसमें सबसे अधिक नारायणगढ़ के 1077 किसान हैं। वहीं 752 किसान जमीन का सत्यापन नहीं करा रहे हैं और 2756 किसानों की बैंक खाते में आधार सीडिंग नहीं हुई है। कृषि एवं कल्याण विभाग बार-बार सभी से सत्यापन करने को कह रहा है। योजना को देख रहे अधिकारी बताते हैं कि पिछले कुछ समय में ऐसे लाभार्थियों को भी चिह्नित किया गया जो एक ही परिवार से हैं। उनके खाते में जो धनराशि पहुंची है, अब आगामी किस्तों में एक राशन कार्ड पर एक ही लाभार्थी को सुविधा मिलेगी। उनकी पुरानी धनराशि को आगामी किस्तों में समायोजित कर दिया जाएगा।

पीएम किसान सम्मान निधि योजना में सक्रिय किसानों की संख्या कम हुई है। 1810 लाभार्थियों का डाटा सत्यापन में आयकर से मिला था। इस मामले में आगामी कार्रवाई चल रही है।

– जसविंदर सिंह, डीडीए, कृषि एवं कल्याण विभाग

[ad_2]

Source link