Ambala News: जम्मू के बाल सुधार गृह से भागे दो पाकिस्तानी नागरिकों को अंबाला एसटीएफ ने पकड़ा Latest Haryana News

[ad_1]

– अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से उत्तर प्रदेश जाकर नेपाल भागने की फिराक में थे आरोपी

– दोनों आरोपियों को अंबाला एसटीएफ ने जम्मू पुलिस को सौंपा, दो अन्य की तलाश जारी

– तीनों आरोपियों ने जम्मू में छीनी थी दो बाइक, फिर चौथे आरोपी के संग आए थे अंबाला

संवाद न्यूज एजेंसी

अंबाला सिटी। जम्मू के आरएस पुरा स्थित बाल सुधार गृह से फरार दो पाकिस्तानी नागरिकों को अंबाला एसटीएफ ने काबू कर लिया है। आरोपी पुलिस पर हमला कर 16 फरवरी को भागे थे। आरोपियों की पहचान पाकिस्तान के मुजफ्फरगढ़ निवासी एहसान अनवर (21) व ननकाना साहिब निवासी मोहम्मद सनाउल्लाह (20) के रूप में हुई है। एसटीएफ ने दोनों को मंगलवार अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन से उस समय काबू किया, जब वह यूपी जाकर नेपाल भागने की फिराक में थे। हालांकि एसटीएफ व सुरक्षा एजेंसियां दोनों आरोपियों के साथ फरार हुए आरएस पुरा के दबलैंड निवासी कर्मजीत सिंह उर्फ गुग्गा की तलाश में जुट गई है। पूछताछ के दौरान आरोपियों के जरिये चौथे आरोपी ठाकुर का नाम सामने आया है। जो अंबाला में भी उनके साथ था। ठाकुर ने ही आरोपियों की भागने में मदद की।

एसटीएफ एसपी विक्रांत भूषण ने बताया कि दोनों पाकिस्तानी नागरिक जम्मू के आरएस पुरा स्थित बाल सुधार गृह में बंद थे। 16 फरवरी को पुलिसकर्मियों पर अचानक हमला कर दोनों चकमा देकर फरार हो गए थे। जम्मू पुलिस व सेंट्रल एजेंसी से मिले इनपुट पर आरोपियों को पकड़ा गया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने स्वीकार किया कि वह वही हैं जो जम्मू से फरार हुए थे। अंबाला एसटीएफ डीएसपी अमन के नेतृत्व में एसटीएफ इंस्पेक्ट प्रतीक की टीम ने आरोपी काबू किए। आरोपी यूपी बॉर्डर से नेपाल भागने की फिराक में थे।

तीन आरोपियों ने जम्मू में छीनी थी दो बाइकें, बस व कैब से पहुंचे थे अंबाला

आरोपियों से पूछताछ में सामने आया है कि तीन आरोपियों ने बाल सुधार गृह से भागते समय जम्मू में ही पहले एक बाइक छीनी थी। जो आगे चलने के बाद खराब हो गई थी। दोबारा से दूसरी बाइक लेकर वह चौथे साथी ठाकुर के पास पहुंचे थे। ठाकुर ने ही आरोपियों को मोबाइल, नकदी व अवैध हथियार उपलब्ध करवाया था। चारों एक साथ पहले कैब से लुधियाना और स्लीपर बस में अंबाला पहुंचे थे। अंबाला आने के बाद एहसान अनवर व मोहम्मद सनाउल्लाह दोनों कैंट के ही एक होटल में फर्जी आईडी देकर रुके थे। जबकि तीसरा आरोपी कर्मजीत सिंह उर्फ गुग्गा व ठाकुर रात को ही भाग गया था। सुबह जैसे ही दोनों आरोपी होटल से निकलने के बाद रेलवे स्टेशन पर पहुंचे टीम ने उन्हें राउंडअप कर लिया था।

सनाउल्लाह 2021 तो एहसान ने 2019 में पार किया था बॉर्डर, उस समय थे नाबालिग

अंबाला एसटीएफ डीएसपी अमन ने बताया कि मोहम्मद सनाउल्लाह को वर्ष 2021 में अवैध तरीके से बॉर्डर पार करने के कारण भारतीय जेल आरएस पुरा में लाया गया था। जबकि एहसान को 2019 में अवैध तरीके से बॉर्डर पार करने के कारण लाया गया था। उस समय दोनों नाबालिग थे। जेल में रहते हुए अब दोनों व कर्मजीत भी बालिग हो गए थे।

पहचान छिपाने के लिए कटवा दी थी दाढ़ी

जेल से भागने के बाद दोनों आरोपियों ने दाढ़ी भी कटवा दी थी ताकि वह आसानी से पहचान में न आ सकें। उधर, पूछताछ में यह सामने आया है कि ठाकुर से फोन मिलने के बाद आरोपियों ने रास्ते में कुछ और लोगों से भी बातचीत की थी जो उन्हें नेपाल बॉर्डर पार करवाने में मदद कर रहे थे। पुलिस अब उन तक पहुंचने का प्रयास करेगी।

अंबाला एसटीएफ पकड़े गए दो पाकिस्तानी नागरिक को जम्मू पुलिस के सौंपने जाती हुई: स्वयं

[ad_2]

Source link