[ad_1]
भीड़ को देखते हुए परिवहन विभाग ने की है व्यवस्था
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सरस्वती तीर्थ के तट पर लगने वाले ऐतिहासिक चैत्र चौदस मेले की सोमवार से शुरुआत हो गई। मेले में उमड़ने वाली भीड़ को देखते हुए अंबाला सिटी बस अड्डे से विशेष बसों का संचालन किया गया। मेले के पहले दिन आठ विशेष बसों के जरिए श्रद्धालुओं को पिहोवा भेजा गया। यह बसें सुबह से शाम तक चलती रहीं।
यात्रियों की सुविधा के लिए बस अड्डे पर विशेष प्रबंध किए गए हैं ताकि किसी को परेशानी न हो। अपने पूर्वजों की आत्मा की शांति के लिए पिंडदान और तर्पण जैसे धार्मिक अनुष्ठान करने के लिए हरियाणा ही नहीं, बल्कि पंजाब और हिमाचल प्रदेश से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पेहवा पहुंचे।
जनसुई हेड पर हो रही चेकिंग
प्रशासन ने सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए जनसुई हेड बस अड्डे पर विशेष चेक पोस्ट स्थापित की है। अंबाला डिपो के निरीक्षक और उप-निरीक्षकों की देखरेख में यहां तैनात कर्मचारियों ने मेले में जाने वाली बसों की जांच की। बस अड्डे पर पहुंची बसों में सवार यात्रियों की टिकटें चेक की गईं, जिसके बाद ही बसों को मेले के लिए रवाना किया गया। मान्यता है कि सरस्वती तीर्थ के तट पर किए गए पिंडदान और पूजा-अर्चना से पितरों को मोक्ष की प्राप्ति होती है। इसी धार्मिक आस्था के चलते प्रतिवर्ष चैत्र चौदस के अवसर पर यहां श्रद्धालु जुटते हैं। अंबाला डिपो के महाप्रबंधक अश्वनी डोगरा ने बताया कि चैत्र चौदस मेला के लिए अंबाला से आठ स्पेशल बसों का संचालन किया गया।
[ad_2]
Source link




