[ad_1]
– कैंट के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस परिसर में रखकर पाइप के ऊपर लगी रबड़ को जलाया
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। कैंट में कॉपर चोर गिरोह सक्रिय हो गया है। गांधी मार्केट में सेंधमारी के अगले ही दिन चोरों ने शनिवार रात भगत सिंह मार्केट में एक साथ 9 दुकानों के एसी के आउटडोर को निशाना बनाते हुए उनके कीमती कॉपर पाइप चोरी कर लिए। इतना ही नहीं चोर तीन आउटडोर यूनिट तक ले उड़े। हालांकि सीसीटीवी न होने के कारण यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह चोरी शनिवार की रात को हुई है या कुछ समय पहले। लगातार हो रही इन वारदात से व्यापारियों में भारी रोष है।
चोरों ने कैंट के इंदिरा चौक के पास बनी भगत सिंह मार्केट में दुकानदार जितेंद्र मलिक, संजय सहोत्रा, मनोज, सोम्या, दीपक, लखनपाल, राजू, गुरदर्पण व अशोक के यहां चोरी की। पीड़ित दुकानदार संजय सहोत्रा का कहना था कि रविवार को जब गांधी मार्केट में 10 दुकानों में चोरी की खबर पता लगी तो वह अपने एसी के आउटडोर की जांच करने गए थे। सर्दी के मौसम में एसी नहीं चलते हैं और यह आउटडोर भी दुकान के पीछे दीवार पर लगे हैं इसलिए पहले नजर नहीं पड़ी थी। सुबह देखा तो उनके एसी से भी कॉपर के पाइप चोरी कर लिए गए हैं।
दुकानदारों में रोष, पुलिस गश्त पर सवाल
चोरों के हौसले इतने बुलंद हैं कि उन्होंने चोरी के बाद माल को ठिकाने लगाने के लिए कैंट के पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस के परिसर का इस्तेमाल किया। पहले भगत सिंह मार्केट व रेस्ट हाउस के बीच नाले की जगह से चोरी की। रेस्ट हाउस की दीवार के सहारे ऊपर चढ़े थे। पाइप चुराने के बाद उसे रेस्ट हाउस में लगे ट्यूबवेल के पास बैठकर पाइपों के ऊपर लगी सुरक्षा रबर को जलाया ताकि केवल शुद्ध कॉपर निकाला जा सके। मौके पर जली हुई रबर के अवशेष मिलने से सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। एक के बाद एक कैंट में हो रही चोरी पर दुकानदारों में रोष है। पुलिस की गश्त पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं कि चोर बेखौफ होकर एक ही रात में कई दुकानों में चोरी कर रहे हैं व पुलिस को भनक तक नहीं लगी। दो दिनों में करीब 19 दुकानों को निशाना बनाया जा चुका है। बावजूद पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।
कबाड़ियों का भी रिकॉर्ड खंगालने में जुटी पुलिस
पुलिस की प्राथमिक जांच में शक की सुई नशा करने वाले या कूड़ा बीनने वालों पर भी है। चोरों का सुराग लगाने के लिए पुलिस कैंट के कबाड़ियों की भी जांच कर रही है। अगर कोई कॉपर चुरा रहा है तो बेचने के लिए कबाड़ियों का सहारा लेने की संभावना है। इसके अलावा पुलिस इलाके के सीसीटीवी भी खंगाल रही है।
चोरों को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें बनाकर जांच की जा रही है। मुख्य बाजार में रात के समय नाकाबंदी की जा रही है। 20 अतिरिक्त जवानों का भी रात के समय पहरा लगाया गया है। भगत सिंह मार्केट की दुकानों में चोरी की वारदात पुरानी लग रही है। जल्द चोरों को काबू कर लिया जाएगा।
– इंस्पेक्टर लखबीर, थाना प्रभारी अंबाला कैंट
अंबाला कैंट की भगत सिंह मार्केट में लगे एसी के आउटडोर से कटे कॉपर के पाइप: संवाद

अंबाला कैंट की भगत सिंह मार्केट में लगे एसी के आउटडोर से कटे कॉपर के पाइप: संवाद
[ad_2]
Source link



