[ad_1]
लुधियाना निवासी आरोपी दीपक कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की धाराओं में प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। दो युवकों को अजरबैजान और रूस भेजने का झांसा देकर एजेंट ने 4.40 लाख रुपये ठग लिए। आरोपियों ने युवकों को फर्जी वीजा और हवाई टिकट थमा दिए, इसका खुलासा तब हुआ जब युवक दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे और उन्हें वहां से बाहर निकाल दिया गया। पंजोखरा साहिब थाना पुलिस ने लुधियाना निवासी दीपक कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी और धमकी देने की विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
बरनाला गांव निवासी दिलबाग सिंह और पंजोखरा साहिब निवासी विशाल शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनकी मुलाकात सोशल मीडिया के जरिए लुधियाना निवासी दीपक कुमार (एचवीआई इमिग्रेशन) से हुई थी। आरोपी ने उन्हें अजरबैजान में अच्छे काम और मोटी कमाई का लालच दिया। सौदा 1.30 लाख रुपये प्रति व्यक्ति तय हुआ। युवकों ने भरोसे में आकर शुरुआत में 30-30 हजार रुपये नकद और अपने असल पासपोर्ट आरोपी को सौंप दिए।
एयरपोर्ट पर जांच में पकड़े गए फर्जी दस्तावेज
आरोपी ने व्हाट्सएप पर युवकों को वीजा और ऑफर लेटर की पीडीएफ फाइल भेजी। 5 दिसंबर 2023 को आरोपी अंबाला आया और युवकों से 1-1 लाख रुपये गूगल-पे व पेटीएम के जरिए ट्रांसफर करवा लिए। 24 दिसंबर को जब दोनों युवक फ्लाइट पकड़ने दिल्ली एयरपोर्ट पहुंचे तो वहां जांच के दौरान उनके टिकट और वीजा फर्जी पाए गए। एयरपोर्ट सुरक्षा ने उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया।
रूस भेजने के नाम पर फिर ठगे 1.80 लाख
इसके बाद आरोपी ने युवकों को दोबारा झांसा दिया। उसने अपनी गलती मानी और कहा कि वह उन्हें अब रूस भिजवा देगा। इस पर उसने युवकों से 90-90 हजार रुपये और ऐंठ लिए। जब महीनों बीत जाने के बाद भी काम नहीं हुआ तो युवकों ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपी ने उन्हें उन्हें जान से मारने की धमकियां दीं।
[ad_2]
Source link




