Rewari News: स्मॉग चला गया..अब गन आई Latest Haryana News

[ad_1]


फोटो : 19नगर परिषद परिसर में खड़ी एंटी स्मॉग मशीन। संवाद

संवाद न्यूज एजेंसी

Trending Videos

रेवाड़ी। धुआं और धूल को हटाने में प्रयुक्त होने वाला एंटी स्मॉग गन नगर परिषद को मुहैया कराई गई है। यह मशीन अगर नवंबर और दिसंबर में मिली होती तो प्रदूषण को दूर करने में काफी मदद मिलती। अब उपलब्ध कराई गई एंटी स्मॉग गन नगर परिषद में पड़ी रहेगी। इसकी देखरेख की जरूरत होगी। वहीं स्काई लिफ्ट ट्री मेंटेनेंस मशीन भी मुहैया कराई गई है।

कुछ वर्ष पहले शहर की सड़कों की सफाई करने के लिए 1.56 करोड़ की लागत से स्वीपिंग मशीन इटली से मंगाई गई थी। मशीन नगर परिषद परिसर में खड़ी रही। धीरे-धीरे मशीन खराब हो गई और उसकी मरम्मत पर 14 लाख रुपये का खर्च हुए थे। अब असमय एंटी स्माॅग मशीन मिलने को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। यह मशीन तब आई है जब प्रदूषण का दौर समाप्त हो चुका है। ऐसे में अब यह मशीन करीब 9 महीने तक नगर परिषद परिसर में खड़ी रह सकती है। एंटी स्मॉग मशीन की जरूरत बढ़ते प्रदूषण के समय ज्यादा होती है। नवंबर-दिसंबर में सबसे ज्यादा प्रदूषण होता है। इस समय वातावरण बिल्कुल साफ चल रहा है, इसलिए इस मशीन की अभी ज्यादा जरूरत नहीं पड़ने वाली है। आगामी गर्मी के सीजन में आंधी व उड़ती धूल को रोकने के लिए एंटी स्मॉग मशीन का इस्तेमाल किया जा सकता है। मशीन ज्यादा समय तक खड़ी रहेगी तो इससे खामियां भी आ सकती है। हालांकि नगर परिषद के अधिकारियों का कहना है कि गर्मी में इस मशीन का इस्तेमाल किया जा सकता है।

नगर परिषद को उपलब्ध कराई गई एंटी स्मॉग मशीन की कीमत 40 लाख रुपये है। पिछले चार-पांच वर्षों से नवंबर से जनवरी तक वायु प्रदूषण बढ़ने के कारण स्मॉग छाने से शहरवासियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। एनसीआर में शामिल होने के कारण रेवाड़ी में ग्रेप की पाबंदियां लागू होती है। संसाधन के अभाव में नगर परिषद को फायर ब्रिगेड व ट्रैक्टरों की सहायता से पेड़ों और अन्य जगह पर पानी का छिड़काव करना पड़ रहा था। अब एंटी स्मॉग मशीन मिलने से सुविधा हो जाएगी।

पेड़ों की टहनियों की छंटाई के लिए आई ट्रीमिंग मशीन

नगर परिषद की ओर से अब ट्रीमिंग मशीन से सड़क के किनारे स्थित पेड़ों की टहनियों की छंटाई कराई जाएगी। नगर परिषद परिसर को 30 लाख रुपये की लागत से स्काई लिफ्ट ट्री मेंटेनेंस मशीन मुहैया कराई गई है। जल्द ही इस मशीन से सड़कों पर लटकते पेड़ों को व्यवस्थित किया जाएगा। पेड़ों की टहनियों में उलझे तार स्पार्किंग से टूट जाते हैं। कटाई-छंटाई के अभाव में शहर की मुख्य सड़कों, कॉलोनियों व सेक्टरों में पेड़ों की टहनियां सड़कों पर झुकी हुई है। काफी पेड़ बिजली के तारों में भी उलझे हुए हैं। मशीन मिलने से इनसपेड़ों की कटाई-छंटाई काफी सुविधा मिलेगी। ट्रीमिंग मशीन में 12 मीटर की स्कॉई लिफ्ट है, जिस पर चढ़कर ऊंचे पेडों की टहनियों की भी कटाई-छंटाई भी व्यवस्थित कर सकेंगे।

वर्जन

ट्रीमिंग मशीन से सड़क के किनारे पेड़ों की टहनियों की छंटाई का कार्य किया जाएगा। एंटी स्मॉग मशीन से पानी का छिड़काव किया जाएगा। इससे लोग को काफी फायदा होगा। दोनों नई मशीनें मिल गई हैं।-पूनम यादव, चेयरपर्सन, नगर परिषद रेवाड़ी।

[ad_2]
Rewari News: स्मॉग चला गया..अब गन आई