रोहतक। पिछले कुछ दिनों से बनी पेयजल किल्लत से शहरवासियों को रविवार से राहत मिलने की आस जगी है। जवाहर लाल नेहरू (जेएलएन) नहर में शनिवार को पानी आने से दो समय पेयजल आपूर्ति संभव हो गई है। नहर में शाम को 2200 क्यूसेक पानी पहुंचा। इससे घरों में पर्याप्त पेयजल आपूर्ति दी जा सकेगी।
पिछले दो सप्ताह से शहर में पेयजल किल्लत गहराई हुई थी। नहर में पानी न होने के कारण विभाग एक दिन छोड़कर तो कभी एक समय ही पानी की आपूर्ति कर पा रहा था। नहर आने से जलघर को पर्याप्त पानी उपलब्ध होगा। इससे पेयजल सप्लाई व्यवस्था सुचारु होगी। घरों में दो समय पर्याप्त पेयजल मिलने से लोगों को भी राहत पहुंचेगी। लोगों को पानी की एक समय सप्लाई देने के लिए जनस्वास्थ्य एवं अभियांत्रिकी विभाग के जलघर के टैंक में ट्यूबवेल से पानी भरा जा रहा था। भालौठ सब ब्रांच में भी पानी न होने से समस्या और गहरा गई थी।
शहर की बाहरी कॉलोनियों में पेयजल संकट अभी बना रहेगा। इसके लिए विभाग की तरफ से अलग से इंतजाम किए गए हैं। वहां टैंकरों से पानी की आपूर्ति कराई जा रही है। आउटर कॉलोनियों और टेल पर जरूरत के हिसाब से पहले की तरह ही पानी के टैंकर भेजे जाएंगे। पानी की कमी को दूर करने व बाहरी क्षेत्रों में टैंकर भेजने के लिए ट्यूबवेल के पानी का प्रयोग किया जा रहा था। संवाद
इन कॉलोनियों में बनी थी पानी की किल्लत
शहर की जनता कॉलोनी, विशाल नगर, विकास नगर, आजादगढ़, देव कॉलोनी, चौधरी लेन, मॉडल टाउन, शिव कॉलोनी, सलारा मोहल्ला, माता दरवाजा, रेलवे रोड, आंबेडकर कॉलोनी, आर्य नगर, सेक्टर 1, इंदिरा कॉलोनी, सुनारिया चौक, राम नगर, बाबा मस्तनाथ नगर, रामगोपाल कॉलोनी, बोहर गांव, दुर्गा कॉलोनी, आदर्श नगर समेत अन्य कॉलोनियों में भी पानी की समस्या बनी हुई थी। रविवार से पानी की सप्लाई पहले की तरह संपूर्ण तरीके से दी जाएगी।
वर्जन
खुबडू हेड से जेएलएन नहर में 2200 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे शहर के लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी की आपूर्ति की जाएगी। वहीं, जनस्वास्थ्य विभाग अपने जलघरों में पानी भर रहा है। वही नहर में पानी भी देरी से आने के कारण एक समय आपूर्ति दी जा रही थी।
– अनिल कुमार, एसडीओ, जन स्वास्थ्य व अभियांत्रिकी विभाग