[ad_1]
Dec 14, 2024
7:28 PM (IST)
‘कांग्रेस को जुमला शब्द बहुत प्रिय है’
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस को एक शब्द बहुत प्रिय है। उनका सबसे प्रिय शब्द है – ‘जुमला’, देश को पता है हिंदुस्तान में अगर सबसे बड़ा जुमला कोई था और वह 4 पीढ़ी ने चलाया, वह जुमला था – ‘गरीबी हटाओ’। यह ऐसा जुमला था जिससे उनकी राजनीति की रोटी तो सेकी जाती थी लेकिन गरीब का हाल ठीक नहीं होता था।’
Dec 14, 2024
7:14 PM (IST)
UCC पर भी बोले PM नरेंद्र मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने UCC पर बोलते हुए कहा, ’12 कांग्रेस की प्रदेश कमिटियों ने सरदार पटेल के नाम पर सहमति दी थी। नेहरू जी के साथ एक भी कमेटी नहीं थी। संविधान के तहत सरदार साहब ही देश के प्रधानमंत्री बनते। जो लोग अपनी पार्टी के संविधान को नहीं मानते वो कैसे देश के संविधान को स्वीकार कर सकते हैं? समान नागरिक संहिता, यह विषय संविधान सभा के ध्यान के बाहर नहीं था। संविधान सभा ने UCC को लेकर लंबी चर्चा की और उन्होंने बहस के बाद निर्णय किया कि अच्छा होगा कि जो भी सरकार चुनकर आए वह उसका निर्णय करे और देश में UCC लागू करे। सुप्रीम कोर्ट ने भी कई बार कहा है कि देश में UCC लाना चाहिए। संविधान और संविधान निर्माताओं की भावना को ध्यान में रखते हुए, हम सेक्युलर सिविल कोड के लिए पूरी ताकत से काम कर रहे हैं।’
Dec 14, 2024
7:07 PM (IST)
‘कांग्रेस ने संविधान के महत्व को कम किया’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘कांग्रेस ने निरंतर संविधान की अवमानना की, संविधान के महत्व को कम किया। कांग्रेस इसके अनेक उदाहरणों से भरा पड़ा हुआ है। 370 के बारे में तो सबको पता है लेकिन 35-ए के बारे में पता बहुत कम है। भारत के संविधान का अगर कोई पहला पुत्र है तो ये संसद है लेकिन उसका भी इन्होंने गला घोटने का काम किया। 35-ए को संसद में लाए बिना उन्होंने देश पर थोप दिया। राष्ट्रपति के आदेश पर ये काम किया गया और देश की संसद को अंधेरे में रखा गया।’
Dec 14, 2024
6:53 PM (IST)
‘करीब 6 दशक में 75 बार संविधान बदला गया’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संविधान पर चर्चा का जवाब देते हुए लोकसभा में कहा, ‘करीब 6 दशक में 75 बार संविधान बदला गया। जो बीज देश के पहले प्रधानमंत्री जी ने बोया था उस बीज को खाद-पानी देने का काम एक और प्रधानमंत्री ने किया, उनका नाम था श्रीमति इंदिरा गांधी। 1971 में सुप्रीम कोर्ट का एक फैसला आया था, उस फैसले को संविधान बदलकर पलट दिया गया था, 1971 में संविधान संशोधन किया गया था। उन्होंने हमारे देश की अदालत के पंख काट दिए थे।’
Dec 14, 2024
6:44 PM (IST)
कांग्रेस पर पीएम मोदी का जोरदार निशाना
कांग्रेस के एक परिवार ने संविधान को चोट पहुंचाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ी। 75 साल की यात्रा में 55 साल एक ही परिवार ने राज किया। इसलिए देश को ये जानने का अधिकार है कि क्या हुआ है। इस परिवार के कुविचार और कुनीति की परंपरा निरंतर चल रही है। हर स्तर पर इस परिवार ने संविधान को चुनौती दी। 1947 से 1952 तक देश में चुनी हुई सरकार नहीं थी, एक अस्थाई सरकार थी।
Dec 14, 2024
6:34 PM (IST)
कांग्रेस के माथे पर लगा पाप धुलने वाला नहीं है: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इमरजेंसी का जिक्र करते हुए कहा, ‘जब संविधान के 25 साल पूरे हुए तो देश के संविधान को नोच लिया गया। देश को जेलखाना बना दिया गया। नागरिकों के अधिकारों को लूट लिया गया, प्रेस की स्वतंत्रता को ताले लगा दिए गए। कांग्रेस के माथे पर जो ये पाप लगा है, वो कभी धुलने वाला नहीं है। क्योंकि लोकतंत्र का गला घोट दिया गया था।’
Dec 14, 2024
6:31 PM (IST)
‘धारा 370 को हमने जमीन में गाड़ दिया’
पीएम मोदी ने लोकसभा में कहा, ‘भारत की एकता को मजबूती देने का निरंतर हम प्रयास करते रहे हैं। धारा 370 देश की एकता पर रुकावट बना पड़ा था, दीवार बना पड़ा था। देश की एकता हमारी प्राथमिकता थी जो कि हमारे संविधान की भावना थी और इसलिए धारा 370 को हमने जमीन में गाड़ दिया। हमारे देश में एक लंबे समय तक GST को लेकर चर्चा चलती रही। मैं समझता हूं अर्थव्यवस्था की एकता में GST ने बहुत बड़ी भूमिका अदा की है। यह ‘वन नेशन-वन टैक्स’ की भूमिका को आगे बढ़ा रहा है। हमारे देश में राशन कार्ड गरीब के लिए एक मूल्यवान दस्तावेज रहा है लेकिन गरीब एक राज्य से दूसरे राज्य में जाता था तो उसके पास कुछ भी प्राप्त करने का अधिकार नहीं था। एकता के भाव को मजबूत करने के लिए हमने ‘वन नेशन वन राशन’ कार्ड की बात की’
Dec 14, 2024
6:27 PM (IST)
‘भारत आज मदर ऑफ डेमोक्रेसी के रूप में जाना जाता है’
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘भारत का लोकतंत्र भारत का गणतांत्रिक अतीत बहुत समृद्ध और विश्व के लिए प्रेरक रहा है। तभी तो भारत आज मदर ऑफ डेमोक्रेसी के रूप में जाना जाता है। हमारा संविधान भारत की एकता का आधार है। विकसित भारत के संकल्प की सिद्धि के लिए सबसे बड़ी आवश्यकता भारत की एकता है।’
Dec 14, 2024
6:23 PM (IST)
‘सबसे बड़ी आवश्यकता है भारत की एकता’
भारत के संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ पर चर्चा के दौरान, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, ‘अब हमारा देश बहुत तेज गति से विकास कर रहा है। भारत बहुत जल्द विश्व की तीसरी बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की दिशा में बहुत मजबूत कदम रख रहा है। यह 140 करोड़ देशवासियों का संकल्प है कि जब हम आजादी की शताब्दी बनाएंगे हम देश को विकसित भारत बनाकर रहेंगे। यह हर भारतीय का संकल्प है लेकिन इस संकल्प से सिद्धि के लिए सबसे बड़ी आवश्यकता है भारत की एकता। हमारा संविधान भी भारत की एकता का आधार है।’
Dec 14, 2024
6:22 PM (IST)
’75 वर्ष की ये उपलब्धि साधारण नहीं है’
पीएम मोदी ने कहा, ’75 वर्ष की ये उपलब्धि साधारण नहीं है, असाधारण है। जब देश आजाद हुआ और उस समय भारत के लिए जो-जो संभावनाएं व्यक्त की गई थी उन संभावनाओं को निरस्त करते हुए, परास्त करते हुए भारत का संविधान हमें यहां तक ले आया है। इसलिए इस महान उपलब्धि के लिए, संविधान निर्माताओं के साथ साथ देश के कोटि-कोटि नागरिकों का आदरपूर्वक नमन करता हूं।’
Dec 14, 2024
6:20 PM (IST)
‘वे जहरीले बीज बोने के प्रयास करते रहे’
प्रधानमंत्री ने कहा, ‘मुझे बड़े दुख के साथ कहना है कि आजादी के बाद एक तरफ संविधान निर्माताओं के दिल और दिमाग में एकता थी, लेकिन आज आजादी के बाद सबसे बड़ा प्रहार देश की एकता के मूल भाव पर प्रहार हुआ है। हम विविधता को सेलिब्रेट करते हैं, लेकिन गुलामी की मानसिकता में पले-बढ़े लोग, भारत का भला ना देख पाने वाले लोग, विविधता में विरोधाभास ढूंढते रहे। विविधता के इस अमूल्य खजाने को सेलिब्रेट करने के बजाय ऐसे जहरीले बीज बोने के प्रयास करते रहे, जिससे देश की एकता को चोट पहुंचती रहे।’
Dec 14, 2024
6:17 PM (IST)
‘आज हर बड़ी योजना के सेंटर में महिलाएं होती हैं’
पीएम मोदी ने संविधान पर चर्चा का जवाब देते हुए कहा, ‘जब जी20 समिट हुई तो विश्व के सामने हमने विमेन लेड डेवलेपमेंट का विचार रखा। हम सभी सांसदों ने मिलकर एक स्वर से नारी शक्ति वंदन अधिनियम पारित करते हमारी महिला शक्ति को भारतीय लोकतंत्र में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए हमने कदम उठाए। आज हर बड़ी योजना के सेंटर में महिलाएं होती हैं।’
Dec 14, 2024
6:14 PM (IST)
‘भारत तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा’
पीएम मोदी ने कहा, ‘हमारा देश बहुत तेजी से विकास कर रहा है। भारत बहुत जल्द विश्व की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने जा रहा है। जब हम आजादी की शताब्दी मना रहे होंगे तब हम विकसित देश बन चुके होंगे। ये हम सभी देशवासियों का सपना है।’
Dec 14, 2024
6:05 PM (IST)
‘नागरिकों के लिए ये बहुत गर्व का पल है’
लोकसभा में पीएम मोदी ने कहा, ‘हम सभी के लिए, सभी देशवासियों के लिए, दुनिया के लोकतंत्र पसंद नागरिकों के लिए ये बहुत गर्व का पल है। लोकतंत्र के पर्व को बड़े गौरव के साथ मनाने का अवसर है। संविधान के 75 वर्ष की यात्रा एक अविस्मरणीय यात्रा है और दुनिया के सबसे महान और विशाल लोकतंत्र की इस यात्रा के मूल में हमारे संविधान निर्माताओं की दूरदर्शिता का योगदान है, जिसे लेकर हम आगे बढ़ रहे हैं। 75 वर्ष पूरे होने पर ये उत्सव का क्षण है।’
Dec 14, 2024
5:58 PM (IST)
लोकसभा में पीएम मोदी का भाषण शुरू
लोकसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का भाषण शुरू हो गया है। वह संविधान पर चर्चा का जवाब दे रहे हैं।
Dec 14, 2024
5:54 PM (IST)
लोकसभा में पहुंचे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में पहुंच गए हैं। सदन में संविधान के गौरवशाली 75 वर्षों पर चर्चा का आज दूसरा दिन है। पीएम मोदी थोड़ी देर में सदन में बोलेंगे।
Dec 14, 2024
5:49 PM (IST)
‘विपक्ष में जाकर इनकी भाषा बदल जाती है’
केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष व कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के भाषण पर कहा, ‘मेरी समझ के परे हैं कि वे (राहुल गांधी) उस पार्टी के नेता हैं जो आजादी के बाद अधिकांश समय तक सत्ता में रही और आज वे ये सारी बातें और वादे कर रहे हैं। आप इतने साल से कर क्या रहे थे? आज से 10 साल पहले भी तो आपकी सरकार थी, उस समय आप जातीय जनगणना करवा सकते थे। विपक्ष में जाकर इनकी भाषा बदल जाती है। सत्ता में रहकर सत्ता के सुख को भोगने के अलावा उन्होंने और उनके परिवार ने कभी कुछ नहीं किया।’ (ANI)
Dec 14, 2024
5:48 PM (IST)
‘एक-दूसरे पर आरोप लगाने से कुछ नहीं होगा’
सांसद और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चन्द्रशेखर आजाद ने कहा, ‘जब हम संविधान की 75 साल की यात्रा की बात कर रहे हैं, तो उसके एक हिस्से में लिखा है ‘इंडिया दैट इज भारत’, अगर आप संविधान की चर्चा कर रहे हैं तो भारत बोलें, हिंदुस्तान नहीं। प्रस्तावना में लिखा है ‘वी द पीपल ऑफ इंडिया’, क्या हम भारतीय बन पाए हैं? क्या हम अपनी जाति, धर्म, संस्कृति से ऊपर उठकर भारतीय बन पाए हैं? क्या देश में फैली छुआछूत और भेदभाव खत्म हो पाया है? बहुत कुछ ऐसा है जो नहीं हुआ है, एक-दूसरे पर आरोप लगाने से कुछ नहीं होगा।’
Dec 14, 2024
4:54 PM (IST)
थोड़ी देर में लोकसभा में बोलेंगे पीएम मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकसभा में आज शाम 05:45 पर बोलेंगे। बता दें कि भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर लोकसभा में विशेष चर्चा का आज दूसरा दिन है।
Dec 14, 2024
4:51 PM (IST)
राहुल के भाषण पर आया शैलजा का बयान
कांग्रेस सांसद कुमारी शैलजा ने कहा, ‘राहुल जी ने हमेशा किसानों, गरीबों और मजदूरों की आवाज उठाई है। आज उन्होंने एकलव्य का उदाहरण दिया और यह स्पष्ट रूप से दिखाई देता है कि इस (भाजपा) सरकार के पास ऐसे विचार हैं जो गरीबों, मजदूरों और अन्नदाताओं को दबाते हैं।’
Dec 14, 2024
4:48 PM (IST)
संविधान पर चर्चा का आज दूसरा दिन
लोकसभा में भारत के संविधान की 75 वर्षों की गौरवशाली यात्रा पर विशेष चर्चा का आज दूसरा दिन है। विभिन्न दलों के सांसद इस चर्चा में हिस्सा ले रहे हैं।
Dec 14, 2024
4:18 PM (IST)
लोकसभा में ओवैसी ने कहा- मस्जिदें अब खतरे में आ गईं, मुसलमान चुनाव नहीं जीत पा रहे
लोकसभा में ओवैसी ने कहा कि मस्जिदें अब खतरे में आ गईं हैं। मुस्लिम बेटियों को हिजाब पहनने से रोका गया। मुसलमान चुनाव नहीं जीत पा रहे हैं। गौरक्षक मॉब लिंचिंग कर रहे हैं। मुस्लिमों को कमजोर करने की कोशिश हो रही है। डिलिमिटेशन में सच्चर कमेटी की रिपोर्ट मानी जाए। वक्फ की जायदाद छीनने की कोशिश हो रही है।
Dec 14, 2024
3:32 PM (IST)
अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर साधा निशाना, कहा- आपने संविधान की धज्जियां उड़ाईं
बीजेपी नेता अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए कहा कि आपने संविधान की धज्जियां उड़ाईं। संविधान की रक्षा आपने कभी नहीं की। इमरजेंसी का काल आया।
Dec 14, 2024
2:58 PM (IST)
एकलव्य की तरह देश के युवाओं का अंगूठा काट रही है सरकार: राहुल
राहुल गांधी ने लोकसभा में सरकार पर तीखा प्रहार किया और आरोप लगाया कि जिस तरह एकलव्य का अंगूठा काटा गया उसी तरह से आज सरकार देश के युवाओं का अंगूठा काट रही है। उन्होंने कहा कि आज भारत में एक वैचारिक लड़ाई चल रही है और विपक्ष की तरफ संविधान के विचारों के संरक्षक हैं। राहुल गांधी ने कहा कि द्रोणाचर्य और एकलव्य की गाथा का उल्लेख करते हुए कहा कि जैसे एकलव्य का अंगूठा काटा गया, उसी तरह सरकार पूरे देश आप पूरे देश का युवाओं का अंगूठा काट रही है। उन्होंने कहा, ‘‘जब आप एक उद्योगपति को धारावी परियोजना देते हो, बंदरगाह और हवाईअड्डे को देते हैं तो आप हिंदुस्तान का अंगूठा काटते हैं।’’ राहुल गांधी ने दावा किया कि विनायक दामोदर सावरकर ने संविधान के बारे में कहा था कि इसमें कुछ भी भारतीय नहीं है। कांग्रेस नेता ने सत्तापक्ष पर कटाक्ष करते हुए कहा, ‘‘जब आप संविधान की रक्षा की बात करते हैं तो आप सावरकर को कमतर और अपमानित करते हैं।’’
Dec 14, 2024
2:48 PM (IST)
राहुल ने हाथरस के मामले पर योगी सरकार को घेरा
राहुल गांधी ने 26 मिनिट का भाषण दिया। उन्होंने कहा कि 50% रिजर्वेशन की दीवार को हम तोड़ेंगे। जातीय जनगणना हम करके दिखाएंगे। आपको जो कहना है कहिए। राहुल ने कहा कि बीजेपी के लोग 24 घंटे संविधान पर हमला करते रहते हैं। इंडिया एलायंस की विचारधारा ऐसी है कि, हम सब मिलकर संविधान की रक्षा करते हैं। उन्होंने सम्भल में पांच मौत का मामला उठाते हुए कहा कि जहां आप जाते हो नफरत फैलाते हो। राहुल ने कहा संविधान में कही नहीं लिखा कि मोनोपली होनी चाहिए, अग्निवीर होने चाहिए। उन्होंने कहा “कुछ दिन पहले मैं हाथरस गया था। हाथरस में चार साल पहले एक लड़की का बलात्कार होता है। मैं दो तीन दिन पहले उसके घर गया। जिन्होंने गैंग रेप किया वो बाहर घूम रहे हैं, अपराधी बाहर घूम रहे हैं। बेटी का अंतिम संस्कार नहीं करने दिया और सीएम ने खुलकर इसपर झूठ बोला। यह संविधान में कहा लिखा है? यह आपकी किताब मनुस्मृति में लिखा है? संविधान में तो नहीं लिखा।”
Dec 14, 2024
2:41 PM (IST)
भारत में आज भी एक युद्ध हो रहा है- राहुल
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा, “मैंने अपने पहले भाषण में, एक युद्ध के विचार का वर्णन किया, मैंने महाभारत का वर्णन किया, कुरुक्षेत्र का वर्णन किया। आज भारत में एक युद्ध हो रहा है। इस तरफ (विपक्ष की तरफ) संविधान के विचार के रक्षक हैं। प्रत्येक राज्य से हमारे पास एक है, अगर आप हमसे तमिलनाडु के बारे में पूछेंगे तो हम आपको पेरियार कहेंगे, अगर आप हमसे कर्नाटक के बारे में पूछेंगे तो हम कहेंगे बसवन्ना, अगर आप हमसे महाराष्ट्र के बारे में पूछेंगे तो हम कहेंगे फुले जी, अंबेडकर जी, अगर आप हमसे गुजरात के बारे में पूछेंगे तो हम कहेंगे महात्मा गांधी। आप इन लोगों की प्रशंसा झिझकते हुए करते हैं, क्योंकि आपको करना ही पड़ता है। लेकिन सच्चाई यह है कि आप चाहते हैं कि भारत उसी तरह चले जैसे पहले चलता था।”
Dec 14, 2024
2:31 PM (IST)
सावरकर मनुस्मृति को संविधान से ऊपर मानते थे- राहुल
राहुल गांधी ने कहा, “मैं अपना भाषण भाजपा के नहीं बल्कि आरएसएस के विचारों की आधुनिक व्याख्या करने वाले सर्वोच्च नेता के शब्दों से शुरू करना चाहता हूं, जो भारत के संविधान के बारे में कहते हैं और उनके अनुसार भारत को कैसे चलाया जाना चाहिए – “भारत के संविधान की सबसे बुरी बात यह है कि इसमें कुछ भी भारतीय नहीं है। मनुस्मृति वह शास्त्र है जो हमारे हिंदू राष्ट्र के लिए वेदों के बाद सबसे अधिक पूजनीय है और जिससे हमारा प्राचीन काल हमारी संस्कृति, रीति-रिवाज, विचार और व्यवहार का आधार बना है। इस पुस्तक ने सदियों से हमारे राष्ट्र की आध्यात्मिक और दैवीय यात्रा को संहिताबद्ध किया है। आज मनुस्मृति ही कानून है।” ये सावरकर के शब्द हैं…सावरकर ने अपने लेखन में स्पष्ट रूप से कहा है कि हमारे संविधान में कुछ भी भारतीय नहीं है। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा है कि जिस पुस्तक से भारत चलता है, उसे इस पुस्तक से हटा दिया जाना चाहिए। इसी बात को लेकर लड़ाई है।”
Dec 14, 2024
2:22 PM (IST)
हमारा संविधान हमारी आवाज है- राहुल
संसद में राहुल गांधी ने संविधान पर चर्चा में कहा कि हमारा संविधान हमारी आवाज है। वह मनुस्मृति और संविधान की कॉपी लेकर संसद पहुंचे हैं। उन्होंने इस मुद्दे पर बीजेपी को घेरते हुए वीर सावरकर का जिक्र किया। राहुल ने कहा कि वीर सावरकर ने कहा था कि हमारे संविधान में हमारा कुछ नहीं है। उन्होंने मनुस्मृति को संविधान से बेहतर बताया था।
Dec 14, 2024
2:20 PM (IST)
राहुल गांधी का संबोधन शुरू
संसद में संविधान पर दो दिवसीय चर्चा का दूसरा दिन है। राहुल गांधी का संबोधन शुरू हो चुका है। इसके बाद सुप्रिया सुले, डॉ. एस जयशंकर और पीएम मोदी को बोलना है। पीएम मोदी शाम 5.45 बजे विपक्ष के सवालों और आरोपों पर जवाब देंगे।
Dec 14, 2024
2:18 PM (IST)
तेजस्वी सूर्या ने कच्चातीवु द्वीप के मुद्दे पर कांग्रेस को घेरा
लोकसभा में भाजपा सांसद तेजस्वी सूर्या ने कहा, “कच्चातीवु नामक द्वीप को कांग्रेस पार्टी और डीएमके ने संविधान में वर्णित किसी भी उचित प्रक्रिया का पालन किए बिना 1974 में श्रीलंका को दे दिया था। जब पंडित नेहरू से इस अत्यंत महत्वपूर्ण द्वीप कच्चातीवु के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, “मैं इस छोटे से द्वीप को बिल्कुल भी महत्व नहीं देता और मुझे इस पर अपना दावा छोड़ने में कोई हिचकिचाहट नहीं होगी।” यह पंडित नेहरू का एक अत्यंत महत्वपूर्ण द्वीप पर रुख था। संसद को विश्वास में नहीं लिया गया। भारत से संबंधित एक अत्यंत महत्वपूर्ण द्वीप को कांग्रेस ने राजनीतिक कारणों से उपहार में दे दिया। हाल ही में पता चला कि यूपीए सरकार सियाचिन को भी पाकिस्तान को देने के लिए तैयार थी। यह इस देश की क्षेत्रीय अखंडता के प्रति उनकी प्रतिबद्धता है।”
Dec 14, 2024
1:46 PM (IST)
शाम 5.45 बजे पीएम मोदी देंगे जवाब
सदन में किरेन रिजिजू बोल चुके हैं। उनके बाद ए राजा, राहुल गांधी, सुप्रिया सुले, तेजस्वी सूर्या, डॉ. एस जयशंकर और पीएम मोदी को बोलना है। पीएम मोदी शाम करीब 5:45 बजे बोलेंगे। वह पहले चार बजे बोलने वाले थे। ऐसे में राहुल गांधी के बोलने का समय भी आगे बढ़ाया जा सकता है।
Dec 14, 2024
1:08 PM (IST)
किरेन रिजीजू ने कांग्रेस पर साधा निशाना
किरेन रिजिजू ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा”पूर्व रक्षा मंत्री ने राज्यसभा में कहा कि मैं देश का रक्षा मंत्री हूं और मुझे यह कहने में कोई संकोच नहीं है कि हमारी कांग्रेस सरकार ने नीति तय की थी कि सीमावर्ती इलाकों में सड़कें नहीं बननी चाहिए। अगर सड़कें बनीं तो चीन उसी रास्ते से आएगा और हमारी जमीन पर कब्जा कर लेगा।”
Dec 14, 2024
11:47 AM (IST)
पीड़ित अल्पसंख्यक भारत में शरण लेते हैं- रिजीजू
किरेन रिजिजू ने कहा “एक नैरेटिव बनाया जा रहा है। यूरोपियन यूनियन में सेंटर फॉर पॉलिसी एनालिसिस के सर्वे के अनुसार यूरोपियन यूनियन में 48% लोग भेदभाव के शिकार हुए हैं। इनमें से ज़्यादातर मुसलमान हैं, इस्लाम को मानने वाले हैं। फ्रांस में भेदभाव की कई रिपोर्ट पेश की गईं। उसमें बहुसंख्यक मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सिर पर स्कार्फ़, बुर्का पहनने वालों पर आपत्ति जताई और कहा कि उनके साथ ये भेदभाव हो रहा है। स्पेन में मुसलमानों के खिलाफ़ आंतरिक घृणा अपराधों की रिपोर्ट इतनी ज़्यादा है, इसका भी रिपोर्ट में ज़िक्र किया गया है…आप पाकिस्तान की हालत जानते हैं, बांग्लादेश में क्या होता है, आप लोग जानते हैं कि अफ़गानिस्तान में सिखों, हिंदुओं, ईसाइयों के साथ क्या हुआ है, चाहे तिब्बत की समस्या हो या म्यांमार की, श्रीलंका की या बांग्लादेश की, पाकिस्तान की या अफ़गानिस्तान की, अगर अल्पसंख्यकों पर अत्याचार होता है या कोई समस्या आती है, तो सबसे पहला देश जहां वे सुरक्षा मांगने आते हैं, वो है भारत। फिर ऐसा क्यों कहा जाता है कि इस देश में अल्पसंख्यकों के लिए कोई सुरक्षा नहीं है…मैं यह कह रहा हूं कि ऐसी बातें नहीं कही जानी चाहिए जिससे देश की छवि को नुकसान पहुंचे, मैं यह किसी एक पार्टी के लिए नहीं कह रहा हूं। मैं यह देश के लिए कह रहा हूं।”
Dec 14, 2024
11:45 AM (IST)
हमारा संविधान सबसे सुंदर- रिजीजू
किरेन रिजिजू ने कहा “मैं ऐसे क्षेत्र से आता हूं, जहां मैंने पहले हवाई जहाज देखे और बाद में कारें देखीं, क्योंकि मेरे सांसद बनने के बाद ही कारों के लिए सड़कें बनीं। जब प्रधानमंत्री ने मुझे उस जगह बैठने का मौका दिया, जहां बाबा साहब भीमराव अंबेडकर बैठे थे। जब मैं इस देश का कानून मंत्री बना। कानून मंत्री का पद संभालने से पहले मैंने सबसे पहले यह समझने की कोशिश की कि बाबा साहब अंबेडकर क्या चाहते थे, उनके मन में कौन सी बातें और विचार थे, जो वे नहीं कर पाए। पहली बात जो मेरे दिमाग में आई, वो ये थी कि बाबा साहब अंबेडकर इस देश के पहले कानून मंत्री बने लेकिन उन्होंने इस्तीफा क्यों दिया, इस पर अक्सर लोगों के सामने चर्चा नहीं होती। मैंने वो पत्र पढ़ा जो बाबा साहब अंबेडकर ने पंडित नेहरू जी को लिखा था, जो उस समय प्रधानमंत्री थे। हमारा संविधान न केवल दुनिया का सबसे बड़ा संविधान है बल्कि दुनिया का सबसे सुंदर संविधान भी है।”
Dec 14, 2024
11:28 AM (IST)
किरेन रिजीजू ने की चर्चा की शुरुआत
भारत के संविधान को अपनाने की 75वीं वर्षगांठ पर चर्चा के दौरान लोकसभा में बोलते हुए केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा, “मुझे गर्व है कि जब प्रधानमंत्री मोदी का कार्यकाल शुरू हुआ तो उन्होंने संविधान की इसी भावना का पालन करते हुए अपनी सरकार का मंत्र इस देश के सामने रखा। और वह मंत्र है सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास।”
[ad_2]
लोकसभा में PM मोदी ने संविधान पर चर्चा का दिया जवाब, कांग्रेस पर जमकर बरसे – India TV Hindi