[ad_1]
गोंदर गांव में जमानत पर आए युवक की हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से गुस्साए परिजनों ने रविवार को करनाल-कैथल हाईवे पर जाम कर दिया। लोगों ने सड़क के बीचों-बीच ट्रैक्टर खड़े कर शव को हाईवे पर रखा। इसके बाद मौके पर लंबा जाम लग गया। वहीं, परिजनों ने प्रशासन को अल्टीमेटल दिया कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी तब तक वह न तो जाम खोलेंगे और न ही शव को उठाएंगे।
सूचना पर डीएसपी असंध गोरखपाल राणा, डीएसपी हेडक्वार्टर संदीप कुमार पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया लेकिन परिजन नहीं माने। परिजनों ने पुलिस के समक्ष गांव के ही पांच लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया है।
मृतक सूरज के पिता कर्मबीर ने कहा कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होगी, बेटे के शव का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। परिजनों ने सुबह 11 बजे से ही निसिंग में गुरूद्वारा रोड़ी साहब चौक पर जाम लगा दिया। परिजनों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वहीं यहां से आने-जाने वाले वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
पुलिस ने निसिंग से पहले सांभली रोड और ब्रास रोड की ओर से वाहनों को डायवर्ट करके निकाला। इस जाम के कारण करनाल से कैथल रूट पर जाने वाले वाहन चालकों को एक घंटे का अतिरिक्त सफर तय करके अपने गंतव्य पर पहुंचना पड़ा। इसके अलावा शाम पांच बजे तक निसिंग में भारी पुलिस बल तैनात रहा। लगातार परिजनों को मनाने का प्रयास चलता रहा लेकिन परिजन आरेापियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे।
मृतक के परिजनों ने मांग की कि 6 साल पहले जिस युवक की मौत हुई थी, उस मामले में प्रशासन ने सभी बदमाशों को हथियार के लाइसेंस दे रखे हैं, उनके लाइसेंस रद्द किए जाएं। आरेापियों का एनकाउंटर किया जाए। इसके अलावा कपिल की हत्या मामले में जेल में बंद युवकों की तुरंत रिहाई की जाए। इन सभी मांगों के पूरा होने के बाद ही वह जाम खोलेंगे। विदित हो कि शनिवार शाम को करीब साढ़े छह बजे एक बाइक पर आए तीन बदमाशों ने गली में खड़े सूरज के सिर और माथे में कई गोलियां मारी थी। इसके बाद घायल अवस्था में से अस्पताल पहुंचाया गया तो उसने रास्ते में दम तोड़ दिया।
[ad_2]
सूरज हत्याकांड: परिजनों ने शव रखकर करनाल-कैथल हाइवे किया जाम, आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग




