Sirsa News: जर्मनी भेजने का सपना दिखाकर रिश्तेदारों ने की 26.5 लाख की ठगी Latest Haryana News

[ad_1]

पंजाब के रहने वाले हैं आरोपी, पीड़ित महिला की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज

संवाद न्यूज एजेंसी

सिरसा। गांव शाहपुर बेगू की रहने वाली एक महिला से उसके रिश्तेदारों ने विदेश भेजने के नाम पर 26.5 लाख रुपये हड़प लिए। सदर थाना पुलिस ने पीड़ित महिला की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस को दी शिकायत में शाहपुर बेगू निवासी सुखविंदर कौर ने बताया कि अप्रैल 2024 में उसकी बुआ परमजीत कौर व फूफा प्रेम सिंह निवासी खरड़, पंजाब उसके घर आए थे। बातचीत के दौरान उन्होंने उसकी 20 वर्षीय बेटी जैसमिन की पढ़ाई के बारे में पूछा। जैसमिन ने हाल ही में 12वीं पास की थी।

इस पर दोनों ने अपनी बेटी अमनदीप कौर का उदाहरण देते हुए कहा कि वे जर्मनी में पढ़ाई के साथ-साथ काम भी कर रही हैं। जैसमिन को भी वहीं भेजा जा सकता है। इसके बाद अमनदीप कौर से फोन पर बात करवाई गई, जिसने जर्मनी में पढ़ाई और नौकरी दिलाने का भरोसा दिया।

जुलाई 2024 में जैसमिन से आईलेट्स की परीक्षा दिलवाई गई, जिसमें उसे 5.5 बैंड प्राप्त हुए। इसके बाद आरोपियों ने वीजा लगवाने के नाम पर 15 लाख रुपये की मांग की। सुखविंदर कौर ने आर्थिक तंगी का हवाला दिया लेकिन उसके पास मौजूद आठ तोला सोना देने की बात कही। इसके बाद सुखविंदर कौर ने परमजीत कौर व प्रेम सिंह को आठ तोला सोना और दो लाख रुपये नकद दे दिए।

आरोप है कि इसके बाद भी आरोपियों ने अलग-अलग बहानों से 26 लाख 50 हजार रुपये वसूल लिए। जब दस्तावेज की जांच करवाई गई तो वीजा सहित सभी कागजात फर्जी पाए गए। सुखविंदर कौर ने अपने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने उसे धमकाना शुरू कर दिया। जांच अधिकारी बाबू लाल का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

[ad_2]
Sirsa News: जर्मनी भेजने का सपना दिखाकर रिश्तेदारों ने की 26.5 लाख की ठगी