[ad_1]
करनाल। अब शहर की हर गली के हर घर से डोर टू डोर कूड़े का उठान हो सकेगा। पुराने शहर गलियों से कूड़ा उठाने के लिए निगम ने 150 रिक्शा खरीदी हैं। मुख्य सड़कों से मशीनें धूल उठाएंगी। निगम ने 1.72 करोड़ से एक बड़ी और एक छोड़ी रोड स्वीपिंग मशीन खरीदी है। सेक्टर-13 के पार्क को कबाड़ से बनी चीजों से सजाते हुए सेल्फी प्वाइंट बनाया है। 72 लाख रुपये से पांच आकांक्षी शौचालय बनवा दिए हैं।
डॉ. भीमराव आंबेडकर जयंती के अवसर पर रोड स्वीपिंग मशीन और रिक्शाओं को केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल ने हरी झंडी दिखा रवाना किया। पार्क और शौचालयों का लोकार्पण किया। उन्होंने कहा कि शहर की सफाई में निगम लगातार प्रयासरत है। इसमें सबसे बड़ी भागीदारी निगम के सफाईकर्मियों की है।
नगर निगम ने करीब 76 लाख रुपये की लागत से एक बड़ी रोड स्वीपिंग मशीन खरीदी है। निगम के पास एक बड़ी मशीन पहले से है। करीब 96 लाख रुपये की लागत से दो छोटी रोड स्वीपिंग मशीनों में से एक आ गई है। इसका केंद्रीय मंत्री ने शुभारंभ किया। आधुनिक आकांक्षी शौचालय मेरठ चौक फ्लाईओवर के नीचे, कर्ण कैनाल पार्क के पास, मीरा घाटी चौक पार्क के नजदीक, काछवा रेलवे ओवरब्रिज के नीचे और पश्चिमी यमुना नहर किनारे बनाए गए हैं। मेयर रेणु बाला गुप्ता ने बताया कि इनके अलावा 12 अन्य स्थानों पर शौचालय निर्माण कार्य जारी है जबकि दो नए स्थानों का चयन किया जा रहा है।
49 बीट में बंटी सफाई व्यवस्था
मेयर रेणु बाला गुप्ता ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र को सफाई व्यवस्था के लिहाज से 49 बीट (छोटी इकाइयों) में विभाजित किया गया है, जहां 49 सफाई सुपरवाइजर तैनात हैं। निगम ने इन सभी के बीच बेहतर कार्य के लिए मेरी बीट, मेरी पहचान नाम से मासिक प्रतियोगिता शुरू की है। इस प्रतियोगिता के तहत हर महीने बेहतर कार्य करने वाले सुपरवाइजर को सम्मानित किया जाता है। मार्च माह के परिणाम भी घोषित किए गए हैं। जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के सुपरवाइजरों को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए प्रशस्ति पत्र और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया।
[ad_2]
Karnal News: अब हर गली और हर घर से उठेगा कूड़ा



