पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: रील देख डूबने से बची महिला; बाप-बेटे को गोली मारी; AAP MLA बैंक स्टेटमेंट से फंसे; लेडी डॉक्टर का पहले दिन इस्तीफा – Punjab News Chandigarh News Updates

[ad_1]

.

पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ से जुड़ी रही। सरकार ने इसके लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दिए हैं। CM भगवंत मान ने जालंधर में इसकी शुरुआत की।

वहीं, चंडीगढ़ की सबसे बड़ी खबर डंपिंग ग्राउंड से जुड़ी रही। मेयर सौरभ जोशी ने खुद इस का जायजा लिया और अधिकारियों को समय पर सफाई का काम करने के आदेश दिए। साथ ही चूक होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी।

दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।

इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…

1. महिलाओं को ₹1000 महीना, रजिस्ट्रेशन शुरू

पंजाब में मंगलवार (14 अप्रैल) से ‘मावां धीयां सत्कार योजना’ के लिए रजिस्ट्रेशन की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने जालंधर में इसका शुभारंभ किया।

सीएम ने कहा- नौ हलकों में रजिस्ट्रेशन शुरू हो रहा है। यह कभी नहीं सोचना कि कार्ड लेट बना, तो पैसे कब मिलेंगे? पैसे उसी दिन से दिए जाएंगे, जब से स्कीम शुरू हो रही है। जाति सर्टिफिकेट बनाने में देरी हो रही है। रजिस्ट्रेशन करवा लो। जैसे ही जाति सर्टिफिकेट आ जाएगा, तो उनके 500-500 रुपए आना शुरू हो जाएगा।

15 अप्रैल से 9 विधानसभा हलकों में इस योजना का पायलट प्रोजेक्ट शुरू किया जाएगा। इनमें आदमपुर, मलोट, श्री आनंदपुर साहिब, दीड़बा, सुनाम, मोगा, कोटकपूरा, बटाला और पटियाला देहाती शामिल हैं।

इसके बाद राज्य के बाकी 108 हलकों में 15 मई से रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया शुरू की जाएगी। योजना के तहत जुलाई महीने से जनरल वर्ग की महिलाओं को प्रतिमाह 1000 रुपए और SC वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपए की सम्मान राशि मिलना शुरू हो जाएगी। सरकार ने इस योजना के लिए 9300 करोड़ रुपए के बजट का प्रावधान किया है। पढ़ें पूरी खबर…

2. BBMB के अहम पदों पर पंजाब-हरियाणा का वर्चस्व खत्म

केंद्र सरकार ने भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (BBMB) के अहम पदों पर पंजाब और हरियाणा के वर्चस्व को खत्म कर दिया है। अब खुली भर्ती के नियम अधिसूचित किए गए हैं, जिसके बाद मेंबर पावर और मेंबर इरिगेशन पंजाब व हरियाणा के अलावा अन्य राज्यों के अधिकारी भी बन सकेंगे।

केंद्र सरकार ने BBMB नियम, 1974 में संशोधन किया है। इन नियमों को भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड (संशोधन) नियम, 2026 के नाम से जाना जाएगा। इन पदों को अब देश भर के उन उम्मीदवारों के लिए खोल दिया गया है, जो नई तकनीकी और अनुभव संबंधी शर्तों को पूरा करते हैं।

नए नियमों के तहत उम्मीदवारों के पास संबंधित क्षेत्र में इंजीनियरिंग की डिग्री और कम से कम 20 साल का अनुभव होना अनिवार्य है, जिसमें से कम से कम एक साल चीफ इंजीनियर के पद पर होना जरूरी है। इसमें केंद्र सरकार का तर्क है कि ये बदलाव उच्च अनुभवी पेशेवरों के चयन को सुनिश्चित करने के लिए किए गए हैं। पढ़ें पूरी खबर…

3. मेयर का आदेश- डंपिंग ग्राउंड का कचरा 30 अप्रैल तक हटाओ

चंडीगढ़ के डंपिंग ग्राउंड में फैले कचरे को लेकर नगर निगम अब सख्त नजर आ रहा है। मेयर ने खुद मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया और अधिकारियों को निर्देश दिए कि 30 अप्रैल तक हर हाल में कचरा पूरी तरह साफ किया जाए। निरीक्षण के दौरान कचरा उठाने की धीमी रफ्तार पर मेयर ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को फटकार लगाई।

मेयर सौरभ जोशी ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड पर कचरे का ढेर लंबे समय से लोगों के लिए परेशानी बना हुआ है। आसपास रहने वाले लोगों को बदबू और गंदगी के कारण दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है, जिसे अब और बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि तय समयसीमा में काम पूरा न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान डंपिंग साइट पर लगे सीसीटीवी में खामियां सामने आईं। कुछ कैमरे बंद मिले तो कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी गायब थे। इस पर मेयर ने नाराजगी जताते हुए पूरे मामले की जांच के आदेश दिए। पढ़ें पूरी खबर…

4. इंस्टाग्राम रील से बची महिला की जान, बोली- मैंने उसी के इंस्ट्रक्शन फॉलो किए

वृंदावन नाव हादसे में बची लुधियाना की रजिंदर कौर के लिए इंस्टाग्राम की एक रील जीवनदान बनी। नाव पलटने के बाद पानी में गिरी रजिंदर ने रील में देखे टिप्स याद रखे और उसी के मुताबिक खुद को संभाला।

रजिंदर ने बताया कि पानी में गिरने के बाद मैंने मुंह नहीं खोला। सांस रोके रखी। दोनों हाथ सीधे किए और पैर चलाए। बाद में नाव वालों ने बाहर निकाला। मैंने नाव वालों को एक युवक के बारे में भी बताया, जिसे बाद में सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इसके साथ एक अन्य महिला की भी जान बची।

उधर, हादसे में जान गंवाने वाले यश भल्ला की मां से आखिरी बार की गई बातचीत सामने आई। मां ने कहा कि बस में बैठते ही बेटे ने फोन कर कहा- अब मुझे कॉल मत करना। मैं ढोलक बजा रहा हूं, डिस्टर्ब हो जाऊंगा। मंगलवार को उसका अंतिम संस्कार किया गया। हादसा 10 अप्रैल को हुआ था, जिसमें 15 श्रद्धालुओं की मौत गई। एक अभी भी लापता है। पढ़ें पूरी खबर…

5. लंगर के ₹21 हजार को लेकर बाप-बेटे को गोली मारी

अमृतसर में लंगर के 21 हजार रुपए के लिए घर में घुसकर बाप-बेटे को गोली मार दी गई। हमलावर पैसे लेने के लिए आए थे। इसी दौरान उनके बीच जमकर बहस हो गई। इसके बाद वे जबरन घर से सामान ले जाने लगे। उन्हें रोकने की कोशिश की गई तो एक आरोपी ने ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

इससे इलाके में हड़कंप मच गया। मामले का पता चलते ही पुलिस वहां पहुंची। इसके बाद घायल पिता-पुत्र के बयान दर्ज कर जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की तलाश कर रहे हैं। उन्हें जल्द गिरफ्तार कर लेंगे।

जानकारी के मुताबिक, अमृतसर के जंडियाला गुरू में बलविंदर सिंह और उनका बेटा गुरप्रीत सिंह बरयावल रोड पर रहते हैं। उनका किसी किराना स्टोर से रुपयों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। करीब 21 हजार रुपए की पेमेंट को लेकर उनका करियाना स्टोर के मालिक के साथ कहासुनी हुई थी। पढ़ें पूरी खबर…

6. ट्रॉली विवाद में बैंक स्टेटमेंट सामने आई, दावा- धालीवाल ने पैसे ट्रांसफर किए

ट्रॉली विवाद में फंसे पंजाब सरकार के मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां और विधायक कुलदीप सिंह धालीवाल की मुसीबत एक स्क्रीनशॉट ने बढ़ा दी है। केंद्रीय राज्यमंत्री रवनीत सिंह बिट्टू और अकाली दल के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया ने दावा किया है कि यह स्क्रीनशॉट धालीवाल के बैंक स्टेटमेंट का है। इसमें साफ दिख रहा है कि उन्होंने आननफानन साढ़े 6 लाख रुपए का भुगतान किया है।

विपक्षी नेताओं ने कहा है कि धालीवाल पहले कह रहे थे कि उन्होंने कोई ट्रॉली नहीं खरीदी। जब उन्होंने कोई ट्रॉली खरीदी ही नहीं तो फिर जैलदार नाम के व्यक्ति के खाते में ये साढ़े 6 लाख रुपए क्यों ट्रांसफर किए गए हैं?

आरोप है कि कुलदीप सिंह धालीवाल के बेटे ने जैलदार नाम के व्यक्ति के खाते में यह राशि जमा करवाई। नेताओं का कहना है कि यह कट्टर वसूली का मामला है। पहले ट्रॉली ली गई, फिर भुगतान को लेकर विवाद हुआ और मामला बढ़ा, तो आनन-फानन में सबूत मिटाने या मामला दबाने के लिए ट्रांजेक्शन किया गया। पढ़ें पूरी खबर…

7. इटली से संगरूर पहुंचा युवक का शव, 4 साल पहले गया था

संगरूर जिले के भवानीगढ़ स्थित गांव काकड़ा के नवदीप सिंह का शव मंगलवार को इटली से उनके पैतृक गांव पहुंचा। यहां उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। काकड़ा निवासी सूरत सिंह तुंग के बेटे नवदीप सिंह तुंग लगभग 4 साल पहले रोजी-रोटी कमाने के लिए इटली गए थे।

परिवार के सदस्यों ने बताया कि नवदीप जनवरी में भारत लौटने वाले थे, लेकिन किसी तकनीकी समस्या के कारण उन्हें रास्ते से ही इटली लौटना पड़ा। इसके बाद 22 मार्च को इटली में नवदीप सिंह की रहस्यमय परिस्थितियों में मौत हो गई। लंबी कागजी कार्रवाई पूरी करने के बाद मृतक नवदीप सिंह का शव आज सुबह नई दिल्ली पहुंचा।

इस अवसर पर पूर्व विधायक जगतार सिंह राजला, रणजीत सिंह तूर, हरविंदर सिंह काकड़ा, पूर्व कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंगला के पीए जगतार नमाड़ा सहित बड़ी संख्या में लोगों ने परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने पंजाब सरकार से पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की अपील भी की। पढ़ें पूरी खबर…

8. होटल में रेड, 7 लड़कियां रेस्क्यू, 5 गिरफ्तार

मोहाली के जीरकपुर के एक होटल में सोमवार देर रात पुलिस ने रेड कर देह व्यापार के संदेह में 7 लड़कियों को रेस्क्यू किया। जबकि, होटल के 5 स्टाफ सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई। जीरकपुर की एएसपी गजलप्रीत कौर खुद मौके पर मौजूद थीं।

उन्होंने कहा कि जीरकपुर पुलिस व ट्रैफिक पुलिस का जॉइंट ऑपरेशन था। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एके ग्रैंड होटल में अवैध देह व्यापार चल रहा है। सूचना के बाद पुलिस टीम ने होटल में रेड की। जांच में पता चला है कि इनमें से ज्यादातर लड़कियां पश्चिम बंगाल की रहने वाली हैं।

आरोपियों पर इनमोरल ट्रैफिकिंग (प्रिवेंशन) एक्ट के तहत FIR दर्ज की है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इन लड़कियों को यहां कौन लेकर आया और इस पूरे नेटवर्क के पीछे कौन लोग शामिल हैं? पढ़ें पूरी खबर…

9. लेडी डॉक्टर ने पहले दिन ही जॉब छोड़ी, बोली- गलत काम होता था

चंडीगढ़ के प्रा‌इवेट अस्पताल में महिला डॉक्टर डॉ. प्रभलीन कौर ने नौकरी के पहले ही दिन इस्तीफा दे दिया। डॉक्टर ने कहा कि अस्पताल की मालकिन ही तय करती थी कि मरीज को कितने दिन भर्ती रखना है और कितने दिन ICU में रखना है। उन्होंने कहा कि नाम मेरा और गलत काम उनका। इसलिए मैंने रिजाइन कर दिया।

महिला डॉक्टर ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें वह ये सारी बातें कह रही है। उसी वीडियो को पंजाब ह्यूमन राइट्स कमीशन के मेंबर पद्मश्री जतिंदर सिंह शंटी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शेयर किया। उन्होंने पोस्ट में लिखा है कि इस बहादुर डॉक्टर बेटी ने बेधड़क होकर चंडीगढ़ में प्राइवेट अस्पताल माफिया का काला चिट्ठा खोलकर रख दिया है।

कमीशन इस बहादुर बेटी के साहस की सराहना करता है और डटकर इस बेटी के साथ खड़ा होगा। पढ़ें पूरी खबर…

खबर हटके…

10. कैश-मोबाइल छीनकर भागे लुटेरे, दुकानदार ने गिराकर पीटा

लुधियाना से एक रोचक घटना सामने आई। दुकान में लूट के इरादे से घुसे बदमाशों से दुकानदार भिड़ गया। 2 लुटेरे दुकान पर हथियार लेकर पहुंचे थे। उस समय दुकानदार का बेटा फोन पर बात कर रहा था। इतने में लुटेरे डराकर उसका फोन और गल्ले से कैश ले गए।

लुटेरे दुकान से निकले तो दुकानदार उनके पीछे दौड़ा और एक को पकड़ लिया। उसे जमीन पर गिरा कर मुक्के मारे। हालांकि, बाहर खड़े उनके तीसरे साथी ने ईंट-पत्थर चलाए। इससे तीनों भागने में सफल रहे। पूरी घटना दुकान में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई।

घटना रविवार रात करीब साढ़े 8 बजे 33 फीट रोड स्थित आरपी बिलिंग मटेरियल की दुकान में सामने आई। दुकान मालिक राम नाथ गुप्ता के बेटे मनीष ने बताया कि वह बी-फार्मेसी का छात्र है। रात को दुकान पर बैठा किसी पार्टी से पेमेंट के सिलसिले में फोन पर बात कर रहा था। इसी दौरान यह वारतात हुई। पढ़ें पूरी खबर…

(कल शाम साढ़े 5 बजे फिर होगी मुलाकात)

[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: रील देख डूबने से बची महिला; बाप-बेटे को गोली मारी; AAP MLA बैंक स्टेटमेंट से फंसे; लेडी डॉक्टर का पहले दिन इस्तीफा – Punjab News