[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर कोटकपूरा गोलीकांड से जुड़ी रही। हाईकोर्ट ने केस अब चंडीगढ़ ट्रांसफर कर दिया है। इस केस में पूर्व CM समेत कई पुलिस अफसर आरोपी हैं।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. कोटकपूरा गोलीकांड की सुनवाई अब चंडीगढ़ कोर्ट में होगी
कोटकपूरा गोलीकांड केस की सुनवाई अब चंडीगढ़ कोर्ट में होगी। पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेश पर यह मामला फरीदकोट कोर्ट से चंडीगढ़ ट्रांसफर किया है। आरोपी चरणजीत सिंह की याचिका पर यह फैसला लिया गया।
इससे पहले बहबल कलां गोलीकांड का मामला भी चंडीगढ़ ट्रांसफर किया जा चुका है। चरणजीत शर्मा के वकील तनहीर सिंह ने बताया कि उन्होंने सुरक्षा का मुद्दा उठाया। जब भी उनके क्लाइंट पेशी पर जाते हैं, तो वे खुद को असहज महसूस करते हैं।
12 अक्टूबर 2015 को बरगाड़ी में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की बेअदबी की घटना हुई। जिसके बाद प्रदर्शन के दौरान 14 अक्टूबर को पुलिस फायरिंग में 2 सिख युवकों की मौत हो गई थी।
इस मामले में SIT ने पूर्व CM प्रकाश सिंह बादल, अकाली दल के प्रधान सुखबीर सिंह बादल, तत्कालीन DGP सुमेध सिंह सैनी, तत्कालीन IG परमराज उमरानंगल, SSP मोगा चरणजीत शर्मा, SSP फरीदकोट सुखमंदर मान, DIG फिरोजपुर अमरसिंह चाहल और तत्कालीन SHO सिटी कोटकपूरा गुरदीप सिंह को आरोपी बनाया था। (पढ़ें पूरी खबर)
2. स्कूलों में बच्चों की गैरहाजिरी पर पेरेंट्स को आएगा मैसेज

पंजाब सरकार की तरफ से आज से राज्य के 18 हजार सरकारी स्कूलों में ऑनलाइन अटेंडेंस ट्रैकर सिस्टम लागू किया गया है। जिससे अब बच्चों के स्कूल से गैरहाजिर रहने पर उनके पेरेंट्स के पास मैसेज जाएगा। अगर बच्चा तीन दिन से ज्यादा गैरहाजिर रहता है, तो स्कूल की तरफ से पेरेंट्स को कॉल की जाएगी।
यदि यह सिलसिला बढ़ता है तो 15 दिन के बाद जिला व फिर मुख्यालय के अधिकारी बात करेंगे। शिक्षा मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने बताया कि आज यह सिस्टम लॉन्च कर दिया गया है। इससे बच्चों की सिक्योरिटी भी मजबूत होगी। इसमें सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले सारे स्टूडेंट्स कवर होंगे। सरकारी स्कूलों में 30 लाख स्टूडेंट्स पढ़ते हैं।
शिक्षा मंत्री ने बताया कि 2022 में जब वह मंत्री बने थे, तो उन्हें पता चला था कि सितंबर-अक्टूबर तक किताबें स्कूलों में नहीं पहुंचती थीं और फोटोस्टेट से बच्चों को पढ़ाया जाता था। लेकिन आप सरकार के आते ही सिस्टम में सुधार किया गया। इसके लिए स्ट्रेटजी बनाकर काम किया गया है। इस बार फरवरी में किताबें स्कूलों तक पहुंचाई गईं। (पढ़ें पूरी खबर)
3. तलाक लेकर नाची पत्नी, मेजर पति डिप्रेशन में

उत्तर प्रदेश के मेरठ में तलाक के बाद ढोल पर नाचने वाली महिला प्रणिता शर्मा के पति गौरव अग्निहोत्री आर्मी में मेजर हैं और जालंधर में पोस्टेड है। माता-पिता ने बताया कि तलाक के बाद से बेटा गौरव डिप्रेशन में है। पिता ने कहा कि बहू अपने एडवोकेट भाइयों और जज पिता के दम पर झूठ बोल रही है। पहले भी 2019 में केस करवा चुकी है।
उन्होंने कहा कि बहू प्रणिता झूठ बोल रही है। बहू हमारे बेटे से उसका बच्चा और हमसे हमारा पोता छीन लिया। रुंधे गले से मेजर के पिता ने कहा- बहू ने मुझसे दादा का अधिकार छीन लिया। बहू का जब ऑपरेशन हुआ और टांग टूटी तो सास ने मालिश कर सेवा की, जिसका यह सिला मिला। कोर्ट एग्रीमेंट तोड़कर हमें पूरे देश में बदनाम किया जा रहा है।
मेजर के माता-पिता ने कहा कि बेटा आर्मी में है, जिसका एक डिसिप्लिन होता है। यहां महिला को प्रताड़ित नहीं किया जा सकता। एक मिनट में शिकायत पर फौज अपने जवान के खिलाफ कार्रवाई करती है। प्रणिता ने ससुराल पर प्रताड़ना के आरोप लगाकर तलाक मांगा और 4 अप्रैल 2026 को कोर्ट ने तलाक मंजूर कर लिया। तलाक मिलते ही प्रणिता ढोल की थाप पर नाची। इसका वीडियो भी सामने आया। (पढ़ें पूरी खबर)
4. AAP विधायक बोलीं- अधिकारी फोन नहीं उठाते, ट्रांसफर करने मंत्री को पत्र

बठिंडा की विधायक बलजिंदर कौर ने जिले के मुख्य कृषि अधिकारी (CAO) हरबंस सिंह के तबादले की मांग की है। उन्होंने कृषि मंत्री गुरमीत सिंह खुडियां को एक पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि अधिकारी न तो लोगों के काम में सहयोग करते हैं और न ही कभी फोन उठाना जरूरी समझते हैं।
विधायक बलजिंदर कौर ने अपने पत्र में कहा कि हरबंस सिंह के खिलाफ कई शिकायतें मिली हैं। हरबंस सिंह का बठिंडा से तबादला किया जाए और उनके खिलाफ उचित कार्रवाई की जाए।
उधर, मुख्य कृषि अधिकारी हरबंस सिंह ने बताया कि वे एक वीडियो कॉन्फ्रेंस (VC) में व्यस्त थे, जिस कारण फोन नहीं उठा पाए। हरबंस सिंह ने कहा कि बाद में जब उन्होंने विधायक को फोन किया, तो उनके पीए ने फोन उठाया। उन्होंने कहा कि वे आज व्यस्त हैं और बाद में संपर्क करें। बाकी सभी बातें विधायक को पता हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
5. AAP विधायक पठानमाजरा पटियाला से बठिंडा जेल में शिफ्ट, रेप केस में आरोपी

आम आदमी पार्टी के सनौर से विधायक हरमीत सिंह पठानमाजरा को पटियाला सेंट्रल जेल से बठिंडा सेंट्रल जेल में शिफ्ट कर दिया गया है। पठानमाजरा रेप केस में ज्यूडिशियल रिमांड पर पटियाला सेंट्रल जेल में थे। सुरक्षा कारणों से पठानमाजरा को बठिंडा जेल भेजा गया है।
बठिंडा सेंट्रल जेल को सुरक्षित माना जाता है। वहां पर सुरक्षा के अत्याधुनिक उपकरण लगाए गए हैं। हालांकि बठिंडा जेल में कई बड़े हार्डकोर क्रिमिनल भी बंद हैं। पठानमाजरा को कोर्ट ने तीन दिन पहले ही ज्यूडिशल रिमांड पर पटियाला सेंट्रल जेल में भेजा था।
हरमीत सिंह पठानमाजरा को पुलिस ने 25 मार्च तड़के ग्वालियर के शिवपुरी से गिरफ्तार किया था। इसके बाद पटियाला पुलिस उन्हें लेकर पंजाब आई। पुलिस ने पठानमाजरा को कोर्ट में पेश किया और पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया। (पढ़ें पूरी खबर)
6. अविमुक्तेश्वरानंद बोले- चड्ढा को हटाने से AAP को नुकसान, लोगों को उनसे बड़ी उम्मीदें

राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा के विवाद में शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की भी एंट्री हो गई है। उन्होंने एक पॉडकास्ट में राघव को देश का एसेट बताया। शंकराचार्य ने कहा कि राघव के मामले में आम आदमी पार्टी (AAP) अपना नुकसान कर रही है।
शंकराचार्य ने कहा- राजनीतिक गणित अलग होता है। कई लोग तो कह रहे हैं कि उनका राजनीतिक कद बढ़ने लगा था, जो आगे चलकर लीडर के लिए दिक्कत पैदा करता। राघव का कद सिर्फ पार्टी नहीं, बल्कि खुद के चलते बड़ा हुआ है। AAP ने राघव को कुछ दिन पहले ही राज्यसभा के उपनेता पद से हटाया है।
राघव चड्ढा ने पाॉडकास्ट को बुधवार को खुद अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया। इसमें शंकराचार्य के लिए लिखा- आपके श्रीचरणों में सादर प्रणाम। आम आदमी पार्टी ने 2 अप्रैल को राघव चड्ढा को राज्यसभा में पार्टी के डिप्टी लीडर (उपनेता) के पद से हटा दिया। उनकी जगह पंजाब के सांसद अशोक मित्तल को यह जिम्मेदारी सौंपी गई। (पढ़ें पूरी खबर)
7. पति-पत्नी ने सुसाइड की धमकी दी, बोले- पड़ोसी पीट रहे, टॉर्चर किया

लुधियाना में दंपती ने सुसाइड करने की धमकी देते हुआ एक वीडियो बनाया। महिला ने आरोप लगाया कि उसका पड़ोसी उसे लगातार परेशान कर रहा है। उसने इज्जत पर भी हाथ डाला। महिला ने कहा कि उसकी सास और जेठानी के कहने पर उसके साथ यह सब किया जा रहा है। पुलिस भी उनकी नहीं सुन रही।
उसने कहा कि अगर इस मामले में जल्दी कुछ नहीं किया गया तो वे आत्महत्या कर लेंगे। 2 दिन से हमें मार रहे हैं। पीट रहे हैं। हमारे घरवालों से मिलकर, हमारी बात ही नहीं सुनते। हमें टॉर्चर करते हैं। साथ में लड़ते हैं।
दंपती में महिला का नाम दीपा शर्मा है। उनके पति संजीव शर्मा पेशे से ड्राइवर हैं। उन्होंने वीडियो में जिस पड़ोसी पर आरोप लगाए हैं, उसका नाम बलविंदर बाली है। ASI जसविंदर सिंह ने बताया कि पीड़ित महिला की शिकायत पर जांच शुरू कर दी गई है। दोनों पक्षों को थाने बुलाया है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. श्री आनंदपुर साहिब में हेरिटेज स्ट्रीट प्रोजेक्ट कैंसिल

श्री आनंदपुर साहिब में हेरिटेज स्ट्रीट नहीं बनेगी। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) की बदलाव की मांग के बाद प्रोजेक्ट को सरकार ने रद्द कर दिया है। हालांकि SGPC व जत्थेदार की मंजूरी के बाद प्रोजेक्ट शुरू किया था।
सरकार ने पिछले साल नवंबर में गुरु तेग बहादुर की शहादत की 350वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान इस परियोजना की घोषणा की थी। इसके लिए 25 करोड़ रुपए की राशि स्वीकृत की गई थी।
कैबिनेट मंत्री हरजोत सिंह बैंस ने कहा कि एसजीपीसी को लगता था कि हरजोत बैंस को क्रेडिट न मिल जाए, जिसके चलते उन्होंने 90 प्रतिशत ऑब्जेक्शन लगा दिए थे। हमारे लिए एसजीपीसी का आदेश परम है। इस मामले में कौन सही है, इसका फैसला अब संगत व वहां के स्थानीय लोग करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
9. पूर्व मंत्री भुल्लर पर एक और धारा बढ़ी, डीएम सुसाइड केस में सबूत मिटाने का आरोप

पंजाब में डीएम गगनदीप रंधावा सुसाइड केस में आरोपी पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर पर एक और धारा जोड़ी गई है। उन पर आरोप लगा है कि उन्होंने सबूत मिटाने की कोशिश की है। फिलहाल भुल्लर जेल में बंद हैं।
जांच के दौरान यह सामने आया है कि कुछ महत्वपूर्ण साक्ष्यों के साथ छेड़छाड़ या उन्हें खत्म करने की कोशिश की गई। इसी आधार पर पुलिस ने भुल्लर के खिलाफ सबूत नष्ट करने से संबंधित धाराएं जोड़ी हैं। वहीं, भुल्लर के वकीलों का कहना है कि उनके क्लाइंट पर लगाए गए आरोप बेबुनियाद हैं और वे कानूनी प्रक्रिया के जरिए अपना पक्ष मजबूती से रखेंगे।
21 मार्च को डीएम गगनदीप रंधावा ने अपने घर पर जहर खाकर सुसाइड कर लिया था। उन्होंने इससे पहले वीडियो बनाया था, जिसमें उन्होंने भुल्लर पर गंभीर आरोप लगाए थे। इसे बाद सीएम भगवंत मान ने लालजीत सिंह भुल्लर से मंत्री पद से इस्तीफा मांग लिया था। इसके बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया था। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके…
10. पुलिस का डंडा-टोपी ले भागा युवक, गाड़ी ले जाने की भी कोशिश

जालंधर के नकोदर में नशेड़ी युवक बिलगा थाने से पुलिस का डंडा और टोपी लेकर भाग गया। इस दौरान उसने थाने के बाहर खड़ी पुलिस की गाड़ी को भी ले जाने की कोशिश की, लेकिन गाड़ी स्टार्ट नहीं हो पाई। युवक भागकर अपने गांव पहुंचा और यहां एक परिवार को नशा न बेचने के लिए धमकाना शुरू कर दिया।
इस पर परिवार ने उसको पकड़कर पीट दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने युवक को गांव से दबोच लिया। फिलहाल युवक के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने आरोपी से अपना सामान बरामद कर लिया है।
इस संबंध में जब थाना प्रभारी गुरशरण सिंह से बात की गई, तो उन्होंने कहा कि यह घटना थाने की नहीं, बल्कि नाके की है। लोगों ने पुलिस के अधिकारियों से इस घटना की जांच की मांग की है, ताकि पंजाब सरकार के युद्ध नशे विरुद्ध अभियान को सार्थक किया जा सके। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम साढ़े 5 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: तलाक से नाची पत्नी, मेजर पति डिप्रेशन में; MLA बोलीं- फोन नहीं उठाता, अफसर हटाओ; महिला बोली- प्राइवेट पार्ट टच किए – Punjab News

