[ad_1]
गैस किल्लत के बीच जिले में बड़े इंतजार के बाद छोटे एलपीजी सिलिंडर की आपूर्ति देने की व्यवस्था की जा रही है। प्रशासन और गैस कंपनियों के बीच हुए तालमेल के बाद वीरवार से जिले की गैस एजेंसियों पर पांच किलो का छोटा गैस सिलिंडर 600 रुपये में उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए अलग से करीब 944 रुपये की जमानत राशि जमा करवानी होगी। यह राशि सिलिंडर लौटाते समय वापस मिल जाएगी।
जमानत राशि के साथ पहचानपत्र (आईडी) की फोटोकॉपी और एक पासपोर्ट साइज फोटो भी देना होगा। इसके बाद एजेंसी से सिलिंडर दे दिया जाएगा। डीसी उत्तम सिंह ने सभी 42 एजेंसियों को सिलिंडर मंगवाने के आदेश जारी किए थे। ये सिलिंडर बुधवार से एजेंसियों पर पहुंचना शुरू हो गए हैं। इनका वितरण वीरवार से होगा। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने सभी एजेंसियों को छोटे सिलिंडरों की विस्तृत रिपोर्ट वीरवार सुबह कार्यालय में जमा करवाने के लिए कहा गया है।
जिला प्रशासन ने जिले में करीब 15 हजार प्रवासी मजदूरों को ध्यान में रखते हुए गैस कंपनियों को छोटे सिलिंडरों की आपूर्ति बढ़ाने की मांग भेजी थी। हाल के दिनों में गैस की किल्लत के चलते प्रवासी मजदूरों को खुले बाजार में अत्यधिक दामों पर गैस खरीदनी पड़ रही थी। कई जगहों पर 300 रुपये प्रति किलो तक गैस बिकने की शिकायतें सामने आई थीं।
कालाबाजारी की शिकायत करें
जिला खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले के नियंत्रक (डीएफएससी) मुकेश कुमार ने बताया कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। एलपीजी की कालाबाजारी, जमाखोरी रोकने के लिए विभाग की ओर से ब्लॉक व जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं।
जिला स्तर पर मुकेश सिंह को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। उनसे मोबाइल नंबर 9205560871 पर संपर्क किया जा सकता है। करनाल ब्लॉक में एएफएसओ राजीव लागंयान से 9996310011 मोबाइल नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
इंद्री व कुंजपुरा में एएफएसओ अमन सिंह से 9467601875 नंबर पर, असंध व निसिंग में मुकेश गुप्ता से 9467080000 नंबर पर, घरौंडा व जुंडला में एएफएसओ सुभाष चंद्र से 9992678440 नंबर पर, नीलोखेड़ी व तरावड़ी में एएफएसओ कुलदीप सिंह से 9466419300 नंबर पर संपर्क किया जा सकता है।
उपायुक्त उत्तम सिंह ने बताया कि किसी भी समस्या या जानकारी के लिए नागरिक प्रशासन की ओर से जारी कंट्रोल रूम नंबर 0184-2285963 पर संपर्क कर सकते हैं।
[ad_2]
Karnal News: बड़े इंतजार के बाद आज से मिलेगा छोटा एलपीजी सिलिंडर, 600 रुपये करना होगा भुगतान



