[ad_1]
हिसार। शेयर बाजार में निवेश पर मोटा मुनाफा दिलाने के नाम पर साइबर ठगों ने सेना के अस्थायी ड्यूटी पर हिसार कैंट में तैनात सौरव कुमार से करीब 1.34 करोड़ रुपये ठग लिए। पीड़ित ने साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई है। जांच अधिकारी सतेंद्र सिंह ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर संदिग्ध खातों को फ्रीज करने की प्रक्रिया में जुट गई है।
देहरादून के क्लेमेंट टाउन निवासी सौरव कुमार ने बताया कि वह एक फरवरी से 25 मार्च तक हिसार कैंट में अस्थायी ड्यूटी पर तैनात रहा। इस दौरान वह एच 6 फ्री स्टॉक लर्निंग डिस्कशन नामक व्हाट्सएप ग्रुप में जुड़ा। ग्रुप में खुद को शेयर बाजार विशेषज्ञ बताने वाले विकास शर्मा ने निवेश करने पर 500 प्रतिशत तक रिटर्न दिलाने का दावा किया। आरोपियों ने जियोस्फीयर नामक एप के जरिये निवेश कराने का झांसा दिया। साथ ही ‘इंटर्नशिप प्रोग्राम’ के नाम पर अलग-अलग निवेश श्रेणियां बनाकर अधिक पैसा लगाने का दबाव बनाया गया। गिरोह ने खुद को विदेशी व घरेलू संस्थागत निवेशकों से जुड़ा बताकर भरोसा मजबूत किया।
23 बार में ट्रांसफर की राशि
पीड़ित ने 25 फरवरी से 25 मार्च के बीच आरोपियों के बताए विभिन्न बैंक खातों में 23 बार में लगभग 1.34 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए। आरोपियों ने मुंबई में कथित पुस्तक विमोचन कार्यक्रम का झांसा दिया और उसकी यात्रा टिकट भी बुक कर दी। हालांकि कार्यक्रम से एक दिन पहले टिकट रद्द कर दी गई। इस पर उसे धोखाधड़ी का अहसास हुआ और पुलिस को शिकायत दी।
[ad_2]
Hisar News: सेना के अस्थायी कर्मचारी से ठगे 1.34 करोड़ रुपये




