[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर चंड़ीगढ़ में BJP दफ्तर ब्लास्ट केस से जुड़ी रही। पुलिस ने दफ्तर के बाहर ग्रेनेड फेंकने वाले 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. BJP दफ्तर के बाहर ग्रेनेड फेंकने वाले गिरफ्तार
चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय के बाहर ब्लास्ट के मामले में पंजाब पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इसमें रतनगढ़ मोरिंडा के रहने वाले अमनप्रीत सिंह और गुरतेज सिंह शामिल हैं।
आरोप है कि अमनप्रीत सिंह ने बम फेंका था, जबकि गुरतेज सिंह ने इसका वीडियो बनाया था, उनके पास से एक पिस्टल भी बरामद हुई है। हालांकि इससे पहले भी पुलिस 5 आरोपियों के गिरफ्तार कर चुकी है। जिसमें बलविंदर लाल उर्फ शम्मी, जसवीर सिंह उर्फ जस्सी, चरणजीत सिंह उर्फ चन्नी, रूबल चौहान और मनदीप उर्फ अभिजोत शर्मा शामिल हैं।
पंजाब डीजीपी गौरव यादव ने बताया कि इस पूरी साजिश के तार पुर्तगाल और जर्मनी में बैठे हैंडलर्स से जुड़े हैं, जिनकी पहचान कर ली गई है। उन्होंने कहा कि पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी ISI की पंजाब में अफरातफरी फैलाने की कोशिश थी।
गौरतलब है कि बीते बुधवार (1 अप्रैल) की शाम को ब्लास्ट किया गया था। इससे मौके पर खड़ी कई कारों के शीशे टूट गए और आसपास की दीवार पर छर्रों के निशान बन गए। घटना के 2 वीडियो वायरल हुए, जिसमें से एक में व्यक्ति ग्रेनेड बम फेंकता दिखा। जबकि, दूसरे वीडियो में बाइक पर जाते दो लोग दिखे। वहीं, सोशल मीडिया पर एक पोस्ट भी वायरल हुई थी, जिसमें इस हमले की जिम्मेदारी खालिस्तानी संगठन ने ली। (पढ़ें पूरी खबर)
2. राघव चड्ढा बोले- ये तो ट्रेलर, पिक्चर अभी बाकी है

आम आदमी पार्टी (AAP) से चल रही तकरार के बीच राघव चड्ढा ने नया पोस्ट शेयर किया है। इसमें उन्होंने लिखा है- मेरे उन सहयोगियों के लिए जो मजबूर होकर वीडियो जारी कर रहे हैं और कह रहे हैं कि राघव चड्ढा संसद में पंजाब के मुद्दे उठाने में असफल रहे। उनके लिए एक छोटी झलक। कहानी अभी बाकी है।
चड्ढा ने आगे लिखा- पंजाब मेरे लिए सिर्फ एक विषय नहीं है। यह मेरा घर है, मेरा कर्तव्य है, मेरी मिट्टी है, मेरी आत्मा है।
राघव ने इस पोस्ट के साथ एक वीडियो भी जारी किया है, जिसमें उन्होंने पार्लियामेंट में अपनी स्पीच दिखाई हैं। इनमें चड्ढा को पंजाब के मुद्दे उठाते सुना जा सकता है।
वहीं, AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने दावा किया है कि राघव चड्ढा ने PM नरेंद्र मोदी और भाजपा की आलोचना वाले अपने सभी पुराने पोस्ट डिलीट कर दिए हैं। सौरभ ने सोशल मीडिया पर लिखा- कुछ लोगों के सुझाव पर मैंने राघव की टाइमलाइन में BJP और Modi सर्च किया। कोई आलोचनात्मक पोस्ट नहीं मिली। इसका मतलब है कि उन्होंने अपने सभी पुराने आलोचनात्मक पोस्ट हटा दिए हैं। अब केवल 2 पोस्ट हैं जिनमें Modi शब्द है और वे भी मोदी की तारीफ करने वाले हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
3. पूर्व कांग्रेस MLA का नाम लेकर सुसाइड, टैक्सी ड्राइवर ने VIDEO बनाया

पटियाला में हलका शुतराना में एक टैक्सी ड्राइवर ने जहर निगलकर आत्महत्या कर ली। मरने से पहले उसने एक वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट किया, जिसमें उसने एक पूर्व विधायक और कुछ रसूखदार लोगों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया।
उसने कहा- कुछ लोगों ने मुझे और मेरे बच्चों को टैक्सी स्टैंड पर पीटा। इन्हें पूर्व विधायक की शह है। इसलिए, पूर्व विधायक उल्टा हम पर ही FIR करने का दबाव पुलिस पर डाल रहा था। इसलिए, मुझे मरना पड़ रहा है।
मृतक की पहचान बलजिंदर सिंह के रूप में हुई है, जो हमझेरी गांव का रहने वाला था। पुलिस ने मृतक के अंतिम वीडियो और मृतक के बेटे के बयानों के आधार पर 4 नामजद सहित अन्य अज्ञातों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. फिरोजपुर में आरोपी छोड़ने पर ASI और SHO भिड़े

फिरोजपुर शहर के सिटी थाने में एक आरोपी को छोड़ने को लेकर ASI और SHO भिड़ गए। दोनों में जमकर बहस भी हुई। इसका एक वीडियो भी सामने आया है। आरोप है कि SHO जबरन आरोपी को छुड़ाकर ले गए।
वीडियो में ASI रमन ने कहा कि मेरी तफतीश में आप दखल क्यों देते हैं? मैंने उस दिन आपसे कहा था कि लड़की वाली मिसल(जांच वाली फाइल) आप ले लीजिए, फिर ली क्यों नहीं आपने? इसके बाद SHO गुरमीत कहते हैं मुझे इस तरह अच्छा नहीं लगता यार, आप थानेदार हैं, जिस पर ASI ने कहा- आप भी SHO हैं, SHO जैसा ही काम रखें।
ASI रमन ने कहा कि SHO गुरमीत सिंह ने मुझे सभी के सामने जलील किया, खींचातान में उन्होंने मेरी नेम प्लेट भी तोड़ दी है। वहीं दूसरी तरफ, SHO गुरमीत सिंह ने इन आरोपों को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि थाने में सीसीटीवी कैमरे में लगे हैं, जांच करलें। अगर मेरी कोई गलती है, तो मेरे पर कार्रवाई हो। (पढ़ें पूरी खबर)
5. चंडीगढ़ में पार्किंग पर ₹600 तक की छूट

चंडीगढ़ नगर निगम लोगों को बड़ी राहत देने की तैयारी में है। 8 अप्रैल को होने वाली जनरल हाउस की बैठक में पार्किंग रेट को लेकर एजेंडा लाया जाएगा। इसमें एनुअल पार्किंग पास बनाने वाले लोगों को 10 फीसदी छूट देने का प्रस्ताव रखा जाना है।
मौजूदा समय में चार पहिया वाहन के लिए सालाना 6 हजार रुपए और दो पहिया वाहन के लिए सालाना तीन हजार रुपए का पास बनता है। हाउस में प्रस्ताव पारित होने के बाद डिस्काउंट होने से कार के 5400 रुपए और टू व्हीलर के 2700 रुपए पास हो जाएगा। (पढ़ें पूरी खबर)
6. बुर्के वाली लुटेरी महिला के ससुर बोले- बहू से रिश्ता खत्म

अयोध्या में ज्वेलरी शॉप में बुर्का पहनकर लूट करने वाली महिला पायल (25) का परिवार पंजाब में रहता है। वे यहां रहकर मजदूरी का काम करते हैं। बहू के बारे में पूछे जाने पर नाराजगी जताई। कहा- बेटे के काम पर जाने के बाद पायल बिना बताए घर से बाहर निकल जाती थी। घंटों गायब रहती थी।
पूछने पर वह उल्टा बहस करने लगती थी। वह लंबे समय तक फोन पर बात करती रहती थी, लेकिन किससे बात करती थी, यह स्पष्ट नहीं है। दैनिक भास्कर की टीम पायल के ससुराल पहुंची, तो वहां ताला लगा मिला। ससुर ने फोन पर बातचीत में पायल को लेकर कई अहम जानकारी दी।
उन्होंने कहा कि हमें बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि बहू ऐसा कर सकती है। उसने हमारा सिर झुका दिया। अब उससे कोई रिश्ता नहीं रहा, हम उसे घर नहीं लाएंगे। पायल जब भी पंजाब आती थी, अक्सर बीमार रहने की शिकायत करती थी, लेकिन मायके जाते ही ठीक हो जाती थी। ससुराल में उसका व्यवहार सामान्य नहीं था और वह छोटी-छोटी बातों पर जेठानी से विवाद करती रहती थी।
गैरतलब कि 2 अप्रैल को नकली पिस्टल दिखाकर उसने ज्वेलरी शॉप में लूट की वारदात को अनजाम दिया था। पुलिस ने चोरी किए गए गहने और एक बरामद किया है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। 2 अप्रैल को बाजार भाव के हिसाब से गहनों की कीमत करीब 3 लाख 60 हजार रुपए थी। (पढ़ें पूरी खबर)
7. अमृतसर में महिला कांग्रेस प्रधान ने पार्टी छोड़ी

अमृतसर में महिला कांग्रेस (शहरी) की जिला प्रधान शिवानी शर्मा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। उन्होंने 4 अप्रैल को राष्ट्रीय नेतृत्व को अपना इस्तीफा भेजा, जिसमें उन्होंने व्यक्तिगत कारणों का हवाला दिया है।
इस्तीफे पत्र में शिवानी शर्मा ने अपने कार्यकाल को सम्मानजनक बताया और पार्टी नेतृत्व तथा कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने यह भी लिखा कि वह पार्टी की विचारधारा के प्रति प्रतिबद्ध रहेंगी और भविष्य में भी संगठन का समर्थन करती रहेंगी।
हालांकि, सूत्रों के अनुसार, उनके इस्तीफे के पीछे केवल व्यक्तिगत कारण नहीं हैं। अंदरूनी चर्चा है कि जिला स्तर पर कुछ नेताओं के साथ उनकी अनबन चल रही थी। विशेष रूप से एक सीनियर नेता के साथ उनके मतभेद सामने आए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
8. छात्र ने कान पकड़कर सुनंदा शर्मा से माफी मांगी

गाजियाबाद के आरकेजीआईटी (RKGIT) कॉलेज में 3 अप्रैल को लाइव शो के दौरान सुनंदा शर्मा को टच करने के लिए कूदे युवक ने माफी मांग ली है। उसने कान पकड़कर सुनंदा से माफी मांगी है।
स्टूडेंट ने कहा कि मेरा नाम शिवांग पांडे है। मैं सुनंदा का फैन हूं। जब वह स्टेज पर गा रही थीं तो मैं अचानक से चला गया और पैर छूने चाहे। शिवांग ने कहा कि मैं सॉरी मांगता हूं। आप मुझे माफ कर देंगी तो मुझे कॉलेज का मैनेजमेंट भी माफ कर देगा। सॉरी मैम।
वहीं सुनंदा शर्मा ने कहा कि प्यार जताने का सबका अपना तरीका होता है। स्टूडेंट ने जो किया, उससे मैं डर गई, क्योंकि आजकल सिंगर के साथ कई तरह की घटनाएं हो रही हैं। सुनंदा ने कहा कि अचानक स्टूडेंट के आने का किसी को अंदाजा नहीं था। उन्होंने स्वीकार किया कि उस वक्त वह काफी डर गई थीं और अचानक हुई इस हरकत पर उनका रिएक्शन भी काफी लाउड था। (पढ़ें पूरी खबर)
9. PRTC के बेड़े में 100 नई बसें शामिल होंगी

पंजाब सरकार अपने सार्वजनिक परिवहन नेटवर्क को आधुनिक बनाने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। 6 अप्रैल को PRTC के बेड़े में 100 नई बसें शामिल होंगी, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान हरी झंडी देकर रवाना करेंगे। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य केवल बेहतर कनेक्टिविटी नहीं, बल्कि यात्रियों के आराम और सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देना भी है।
मंत्री चीमा ने आगे बताया कि सरकार कुल 100 मिडी और 309 साधारण बसों के लिए लगभग 125 करोड़ रुपए का निवेश कर रही है। इसके अलावा, किलोमीटर स्कीम के तहत 254 अतिरिक्त साधारण बसें चलाई जाएंगी। पनबस के बेड़े में अब कुल 606 बसें शामिल होंगी, जिसमें 387 नई बसें सीधे बेड़े में जोड़ी जाएंगी। इसी योजना के तहत 19 वोल्वो बसें, 100 एचवीएसी बसें और 100 साधारण बसें भी शामिल होंगी। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके…
10. चोरों ने घर में चिकन बनाया, चाय पी, झूठे बर्तन धोकर रख गए

जालंधर के बस्ती बावा खेल इलाके में चोरी की अजीबोगरीब वारदात हुई। यहां की तारा सिंह एवेन्यू स्थित एक बंद कोठी को चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने घर के ताले तोड़ 10 हजार रुपए, 2 गैस सिलेंडर, बाथरूम की टोंटिया और बिजली का सामान चुरा लिया।
यही नहीं, वे इस घर में काफी समय तक बिना किसी डर के रहे। सीसीटीवी फुटेज में एक युवक को छत के रास्ते घर के अंदर दाखिल होते देखा गया है।
परिवार के मुताबिक, चोर घर में 2 दिन तक रहे और यहीं चिकन बनाकर खाया। इस घटना की सबसे चौंकाने वाली बात यह रही कि चोरों ने घर के अंदर बकायदा अपना ठिकाना बना लिया था। पीड़ित परिवार जब मौके पर पहुंचा तो उन्होंने देखा कि चोरों ने यहां चाय बनाकर भी पी।
चोरों की बेखौफियत का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि खाना खाने के बाद उन्होंने बर्तनों को भी धोकर रखा था। हालांकि, चिकन के लिफाफे और सिंक में चायपत्ती पड़ी छोड़ गए, जिससे उनकी करतूतों का पता चला।
बताया जा रहा है कि पीड़ित परिवार डेढ़ महीने से चंडीगढ़ के पास खरड़ में रह रहा था। पड़ोसी का फोन जाने पर परिवार 4 अप्रैल को जालंधर लौटा। इस दौरान ही उन्हें वारदात का पता चला। (पढ़ें पूरी खबर)
(कल शाम साढ़े 5 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: दावा- राघव चड्ढा ने मोदी विरोधी ट्वीट हटाए, बुर्के वाली लुटेरी दुल्हन का पंजाब कनेक्शन; पूर्व MLA का नाम लेकर सुसाइड – Punjab News

