[ad_1]
13 एकड़ में किया जाएगा तैयारए युवाओं को मिलेगा रोजगार
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। शाहपुर में ड्राइविंग ट्रेनिंग एवं रिसर्च संस्थान (आईडीटीआर) और आटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन (एटीएस) की स्थापना के लिए 11.49 करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। 13 एकड़ से अधिक भूमि पर बनने वाला यह केंद्र न केवल सड़क सुरक्षा के नए मानक स्थापित करेगा बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर भी पैदा करेगा।
परिवहन मंत्री अनिल विज ने बताया कि शाहपुर की 13 एकड़, 5 कनाल भूमि पर जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। इस संस्थान में युवाओं को वैज्ञानिक पद्धति से ड्राइविंग सिखाई जाएगी। यहां अत्याधुनिक सिमुलेटर और ऑटोमेटेड ड्राइविंग ट्रैक होंगे, जहां लाइट और हैवी व्हीकल चलाने का पेशेवर प्रशिक्षण दिया जाएगा। विज ने कहा, उनका उद्देश्य हरियाणा की सड़कों को सुरक्षित बनाना और युवाओं को इतना हुनरमंद बनाना है कि उन्हें रोजगार के लिए भटकना न पड़े।
हर हफ्ते 300 वाहनों की होगी फिटनेस जांच
प्रस्तावित आटोमेटेड व्हीकल टेस्टिंग स्टेशन तकनीक के मामले में बेहद उन्नत होगा। यहां मशीनों के जरिए वाहनों की तकनीकी बारीकियों की जांच होगी। मशीनी जांच से मानवीय चूक की गुंजाइश खत्म होगी। प्रति सप्ताह लगभग 300 वाहनों की फिटनेस जांची जा सकेगी। यहां से जारी प्रमाण पत्र पूरे देश में वैध होगा। वहीं, अनफिट वाहनों को सड़क पर उतरने से रोककर हादसों में कमी लाई जाएगी।
रोजगार और कौशल विकास पर जोर
मंत्री अनिल विज ने बताया, इस संस्थान से अंबाला ही नहीं बल्कि आसपास के जिलों के हजारों युवाओं को लाभ मिलेगा। संस्थान के संचालन और वाहनों की टेस्टिंग प्रक्रिया में सैंकड़ों लोगों को काम मिलेगा। परिवहन क्षेत्र में आधुनिक सेवाओं को आमजन तक पहुंचाने के लिए सरकार लगातार तकनीक का विस्तार कर रही है।हरियाणा में परिवहन सुविधाओं को सुगम और आधुनिक बनाना उनका लक्ष्य है। शाहपुर का यह केंद्र तकनीक और सुरक्षा का संगम होगा।
[ad_2]
Source link




