[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर आम आदमी पार्टी (AAP) के राज्यसभा उपनेता पद से हटाने के बाद सांसद राघव चड्ढा के रिएक्शन से जुड़ी रही। राघव चड्ढा ने कहा कि मुझे खामोश कराया है, हारा नहीं हूं। इस पर CM भगवंत मान ने कहा कि राघव चड्ढा किसी और स्टेशन से बोल रहे थे। उन्होंने पंजाब के मुद्दे नहीं उठाए।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. राघव चड्ढा की AAP को चेतावनी- सैलाब बनकर आऊंगा
आम आदमी पार्टी (AAP) सांसद राघव चड्ढा ने राज्यसभा में उपनेता पद से हटाए जाने को लेकर शुक्रवार को 2.18 मिनट का VIDEO जारी किया। चड्ढा ने कहा- मुझे खामोश करवाया गया है, लेकिन मैं हारा नहीं हूं। आम आदमी को ये मेरा संदेश है। राघव चड्ढा ने कहा कि मैंने पब्लिक के मुद्दे उठाए, इससे AAP को क्या नुकसान हुआ? वीडियो के आखिर में उन्होंने AAP को चेतावनी दी कि आवाज खामोश कराने वालों के सामने मैं सैलाब बनकर आऊंगा।
इस पर AAP के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनुराग ढांडा ने कहा कि राघव चड्ढा सदन में पार्टी के मुद्दे उठाने के बजाय एयरपोर्ट की कैंटीन में समोसे सस्ते करवाने की बात करते उठाते थे। कोई मोदी से डर जाए तो लड़ेगा क्या देश के लिए?। दिल्ली के AAP नेता सौरभ भारद्वाज ने कहा कि जो डर गया, समझो वह मर गया। राघव ने पार्टी के मुद्दे नहीं उठाए।
CM भगवंत मान ने राघव चड्ढा को कंप्रोमाइज्ड बताते हुए कहा कि अगर कोई पार्टी लाइन के खिलाफ जाता है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाती है। राघव चड्ढा किसी और स्टेशन से बोल रहे हैं। पार्टी की नीति है, जिसमें फैसले बदलते रहते हैं। AAP ने गुरुवार को चड्ढा को राज्यसभा के उपनेता पद से हटा दिया था। पंजाब से ही राज्यसभा सांसद अशोक मित्तल को उनकी जगह दे दी। यह भी कहा कि चड्ढा को सदन में पार्टी की तरफ से बोलने का समय न दिया जाए। (पढ़ें पूरी खबर)
2. चंडीगढ़ ब्लास्ट- पुलिस के आने से पहले भागे आरोपी

यह फुटेज चंडीगढ़ की है, जिसको लेकर दावा किया जा रहा है कि ग्रेनेड अटैक करने वाले हमलावर बस का इंतजार कर रहे हैं।
चंडीगढ़ के सेक्टर-37 स्थित पंजाब बीजेपी हेडक्वार्टर के बाहर हुए ब्लास्ट मामले में 2 संदिग्धों की गिरफ्तारी को लेकर नया मोड़ सामने आया है। सूत्रों के अनुसार, हमलावर कपड़े बदलने के लिए अपने घर रोपड़ के रतनगढ़ में आए थे। जिसकी सूचना लोकल और चंडीगढ़ पुलिस को मिली। इसके बाद टीम गुरूवार देर शाम गांव रतनगढ़ पहुंची।
ज्यादातर पुलिसकर्मी सिविल कपड़ों में थे और उनके पास हथियार भी थे, जिससे गांव में दहशत का माहौल बन गया। पुलिस जब आरोपियों के घर पहुंची तो वे वहां नहीं मिले। इसके बाद पंजाब पुलिस एक आरोपी के भाई को और घर से कुछ संदिग्ध सामान अपने साथ ले गई। वहीं चंडीगढ़ पुलिस ने भी परिवार के एक सदस्य को हिरासत में लिया और इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस जब्त किए।
हालांकि इससे पहले पंजाब पुलिस ने दावा किया था कि दो आरोपियों को रोपड़ से गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान अमन सिंह उर्फ भोलू और गुरतेज सिंह के रूप में हुई है। उधर, शुक्रवार को पुलिस कंट्रोल रूम में एक अज्ञात व्यक्ति ने पूरे शहर को आग लगाने की धमकी भरी कॉल की। वहीं, हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी (HPCC) ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय की सिक्योरिटी बढ़ाने के लिए DGP को लेटर लिखा है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. न्यू चंडीगढ़ में अब चंडीगढ़ जैसी लग्जरी कोठियां बनेंगी

न्यू चंडीगढ़ (मुल्लांपुर) में अब पुराने चंडीगढ़ के VIP सेक्टरों की तरह बड़ी-बड़ी लग्जरी कोठियां और बंगले बनेंगे। पंजाब सरकार ने वहां 309.30 एकड़ में लो डेंसिटी रेजिडेंशियल टाउनशिप डेवलप करने का फैसला लिया है। यहां एक एकड़ से अधिक साइज के प्लॉट काटे जाएंगे। किसानों को प्रति एकड़ जमीन के बदले 6.24 करोड़ रुपए दिए जाएंगे।
किसान 29 जून तक अपने सहमति पत्र ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (GMADA) को दे पाएंगे। इसके बाद GMADA की तरफ से आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह प्रोजेक्ट पूरी तरह ईको-फ्रेंडली होगा। इसमें लोगों को 500 और 1000 गज के बड़े प्लॉट मिलेंगे, जिनकी कीमत 60 हजार रुपए प्रति गज तक हो सकती है।
500 गज का प्लॉट लगभग 3 करोड़ रुपए तक कीमत का हो सकता है। आवेदन करते समय कुल कीमत का 10% पैसा (EMD) जमा करना होगा। स्कीम में कुल प्लॉटों की संख्या अभी तक क्लियर नहीं है, लेकिन योजना में लगभग 185 से 200 के बीच रहने की उम्मीद है। लो-डेंसिटी योजना दिल्ली-एनसीआर, नोएडा, गुरुग्राम, गांधीनगर और लखनऊ में भी है, इसे भी स्टडी किया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. कंधे पर कुल्हाड़ी लटका घूमता रहा हत्यारा

लुधियाना में 29 मार्च को कांग्रेस नेता परमिंदर तिवारी की हत्या से पहले का एक वीडियो सामने आया है। जिसमें आरोपी हत्या से ठीक एक घंटा पहले नशे की हालत में कुल्हाड़ी कंधे पर रखकर गांव में पैदल घूमता दिखा। उसके साथ एक व्यक्ति और भी बातें करते हुए दिख रहा है। आरोपी शाम को 5:47 बजे गांव में ही कैपरी घूमते हुए दिखा और 6:45 बजे उसने परमिंदर तिवारी के सिर पर कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी थी।
परिजनों के अनुसार, हत्यारोपी विजय कुमार उर्फ अजय 15 दिन से तखरां गांव के चक्कर लगाकर परमिंदर तिवारी की रेकी कर रहा था। वह खोखरां गांव का रहने वाला है। इराक गांव का रहने वाला दूसरा आरोपी लक्की भी कुछ दिन से अजय कुमार के साथ ही था। दोनों तखरां में एक लेबर क्वार्टर में रह रहे थे। पुलिस अभी उस मामले में भी जांच कर रही है।
हत्या के वक्त लक्की बाइक चला रहा था, जबकि अजय ने कांग्रेस नेता तिवारी के सिर पर कुल्हाड़ी से वार किए। हत्या करने के बाद दोनों मौके से फरार हो गए और पटना पहुंच गए। थाना कूमकलां की पुलिस ने दोनों आरोपियों को पकड़ लिया है और पटना से लुधियाना लेकर आ गई है।(पढ़ें पूरी खबर)
5. हलवारा एयरपोर्ट से एक टिकट पर होगी पूरी विदेश यात्रा

लुधियाना के हलवारा एयरपोर्ट से अब एक ही टिकट पर पूरी विदेश यात्रा की जा सकेगी। एअर इंडिया ने लुधियाना एयरपोर्ट से फ्लाइट्स का टाइम टेबल ऐसे शेड्यूल किया है ताकि विदेश जाने वाले दिल्ली एयरपोर्ट से कनेक्टिंग फ्लाइट ले सकें। एअर इंडिया ने विदेश जाने वाले यात्रियों को सलाह दी है कि वो लुधियाना से सुबह की फ्लाइट पकड़ें और कनेक्टिंग फ्लाइट में अपनी टिकट साथ ही करवा दें। ऐसा करने से उन्हें बैगेज का बार-बार चेकइन करवाने की जरूरत नहीं होगी।
एअर इंडिया ने तर्क दिया है कि विदेश जाने वालों को दिल्ली एयरपोर्ट पर इमिग्रेशन व अन्य फॉर्मेलिटी को पूरा करने के लिए तीन से चार घंटे का समय लग जाता है। अगर लुधियाना एयरपोर्ट से उड़ान भरने वाले यात्री सुबह की फ्लाइट से दिल्ली पहुंचते हैं तो उन्हें एयरपोर्ट पर फार्मेलिटीज पूरी करने का पर्याप्त समय मिल जाएगा।
हलवारा से सुबह और दोपहर 2 फ्लाइट्स दिल्ली के लिए उपलब्ध होंगी। एअर इंडिया का कहना है कि इस कनेक्टिविटी के जरिए यात्री यूनाइटेड किंगडम और यूरोप के प्रमुख शहरों तक सफर कर सकेंगे। इनमें लंदन, बरमिंगम,रोम, मिलन और पेरिस शामिल हैं।इसके अलावा अन्य देशों की कनेक्टिंग फ्लाइट्स भी ली जा सकेगी। (पढ़ें पूरी खबर)
6. मिल्कफेड ने दूध के रेट ₹10-₹15 बढ़ाए, वेरका का सेल रेट पुराना

पंजाब सरकार ने डेयरी किसानों को राहत देते हुए मिल्कफेड पंजाब (वेरका) के तहत दूध खरीद दरों में बढ़ोतरी कर दी है। सरकार ने दूध के रेट में ₹15 प्रति किलो फैट के हिसाब से बढोतरी की है, जो 1 अप्रैल 2026 से लागू हो चुकी है।मिल्कफेड के अनुसार गाय के दूध का पुराना रेट लगभग ₹770–780 प्रति किलो फैट था, जिसे बढ़ाकर ₹780–795 प्रति किलो फैट कर दिया गया है।
वहीं भैंस के दूध का पुराना रेट करीब ₹810–820 प्रति किलो फैट था, जो अब बढ़कर ₹820–835 प्रति किलो फैट हो गया है। सरकार का कहना है कि यह निर्णय बढ़ती लागत, पशु चारा और अन्य खर्चों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, ताकि किसानों को बेहतर कीमत मिल सके। इस फैसले से राज्य के लगभग 2.5 लाख डेयरी किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, जबकि इसका असर लाखों अन्य दूध उत्पादकों पर भी पड़ेगा।
हालांकि अभी मिल्कफेड ने वेरका दूध के दाम नहीं बढ़ाए हैं। वह पुराने रेट पर ही बिकते रहेंगे। हालांकि किसानों को ज्यादा रेट देने के बाद का हवाला देकर आने वाले दिनों में रेट रिवाइज्ड किए जा सकते हैं। जिसके बाद इस फैसले का असर सीधे लोगों पर पड़ेगा। (पढ़ें पूरी खबर)
7. CBSE टीचर्स का गुड नहीं रहा फ्राइडे

पंजाब में CBSE स्कूलों में पढ़ाने वाले टीचर्स को गुड फ्राइडे के दिन भी ड्यूटी पर बुला लिया गया। इससे टीचर्स नाराज हैं। गुड फ्राइडे की छुट्टी के कारण वीकेंड 3 दिन का हो गया लेकिन CBSE टीचर्स को इसका फायदा नहीं मिला। इन टीचर्स को 10वीं के पेपर चेक करने के लिए बुला लिया गया। इसके लिए सभी जिलों में इवेल्यूशन सेंटर बनाए गए हैं।
CBSE इस साल 10वीं क्लास का रिजल्ट तय समय से पहले घोषित करने की तैयारी में है। इसके लिए इवेल्यूएशन सेंटरों के को-ओर्डिनेटर टीचर्स को छुट्टी वाले दिन भी पेपर चेक करने के लिए बुला रहे हैं ताकि पेपर जल्दी चेक हो सकें। सीबीएसई रिजल्ट 14 से 27 अप्रैल के बीच घोषित करने की प्लानिंग कर रहा है।
लुधियाना के एक शिक्षक ने नाम न बताने की शर्त पर कहा कि एसी कमरों में बैठे अधिकारी फैसले लेते हैं। बोर्ड ने परीक्षा पूरी होने के बाद एडवांस रिजल्ट घोषित करने का फैसला किया। जिसकी वजह से टीचर्स पर जल्दी इवेल्यूएशन का दबाव डाला जा रहा है। छुट्टी वाले दिन भी स्कूल बुलाया जा रहा है। उनका कहना है कि अगर रिजल्ट जल्दी घोषित करना था तो इसकी योजना शुरू में बनानी चाहिए थी और उसके हिसाब से स्टाफ नियुक्त करना चाहिए था। (पढ़ें पूरी खबर)
8. नौकर ने चुराए 80 लाख के गहने, अयोध्या में कोठी बनवा रहा था

खन्ना में इंडस्ट्रियलिस्ट के घर से नौकर 80 लाख के गहने चोरी कर ले गया। इस चोरी का खुलासा नौकर के ही बच्चों ने किया है। परिवार ने जांच शुरू की तो सामने आया कि नौकर अयोध्या में कोठी बनवा रहा था। साथ ही उसने महंगे आईफोन खरीद लिए थे और ब्रांडेड कपड़ों पर खर्च भी काफी बढ़ गया था।
कोरोना काल के दौरान परिवार की 65 वर्षीय बुजुर्ग सदस्य सुवेला कंवर की तबीयत खराब होने के कारण उनकी देखभाल के लिए अयोध्या के रहने वाले ननकू उर्फ पप्पू चौधरी को काम पर रखा गया था।
ननकू अपनी पत्नी और बच्चों के साथ इंडस्ट्रियलिस्ट के घर में ही एक कमरे में रहता था। धीरे-धीरे उसने परिवार का विश्वास जीत लिया। कुछ समय पहले घर की सफाई के दौरान ननकू को पता चला कि परिवार की बेटी ने अपने एक करोड़ रुपए से अधिक के कीमती गहने अलमारी में रखे हैं। यहीं से ननकू के मन में लालच पैदा हुआ। (पढ़ें पूरी खबर)
9. ईरान-इजराइल जंग के बीच दुबई में गुरुद्वारा बंद

ईरान और अमेरिका-इजराइल युद्ध के बीच दुबई सरकार ने 3 अप्रैल को एक गुरुद्वारा अनिश्तिकाल के लिए बंद कर दिया। गुरुद्वारा के चेयरमैन सुरेंदर सिंह कंधारी ने पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि दुबई पुलिस से गुरुद्वारा को बंद करने के निर्देश मिले थे। यह बंदी किसी धार्मिक भेदभाव के कारण नहीं, बल्कि पब्लिक सेफ्टी के लिए है।
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते सैन्य तनाव और सुरक्षा जोखिमों के बीच दुबई सरकार ने जेबेल अली स्थित गुरुद्वारा गुरु नानक दरबार को अगले आदेश तक बंद करने लेटर भी जारी किया है।
कम्युनिटी डेवलपमेंट अथॉरिटी (CDA) द्वारा यह फैसला ईरान और इजराइल-अमेरिका के बीच जारी युद्ध के चलते सुरक्षा कारणों से लिया गया है। प्रशासन का कहना है कि जेबेल अली पोर्ट जैसे संवेदनशील रणनीतिक ठिकाने के करीब स्थित होने के कारण, मिसाइल इंटरसेप्शन के मलबे से जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना इस समय सर्वोच्च प्राथमिकता है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके….
10. पुलिस के जवानों को मिलेगा वीकली ऑफ

लुधियाना के खन्ना में पुलिसकर्मियों को वीकली ऑफ मिलेगा। पुलिस विभाग ने अपने कर्मचारियों के लिए हफ्ते में एक दिन की छुट्टी की नीति लागू कर दी है। स्टाफ की कमी जैसी चुनौतियों के बावजूद SSP दर्पण अहलूवालिया ने पुलिस बल की मानसिक और शारीरिक सेहत को सुधारने के लिए यह कदम उठाया है।
जिले के सभी 8 पुलिस स्टेशनों के SHO के लिए साप्ताहिक रोस्टर भी जारी कर दिया गया है। सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने अधीन काम करने वाले कर्मचारियों के लिए भी इसी तरह का रोस्टर तैयार करें ताकि पुलिसिंग के काम में बाधा न आए।
यह साप्ताहिक अवकाश ‘लीव’ (छुट्टी) नहीं माना जाएगा। कर्मचारी अपने तैनाती स्थल पर ही रहेंगे और किसी भी आपात स्थिति में उन्हें वापस ड्यूटी पर बुलाया जा सकेगा। वरिष्ठ अधिकारियों का मानना है कि लंबे समय तक ड्यूटी करने से पुलिसकर्मी अपनी सेहत और परिवार को समय नहीं दे पाते। इससे अनुशासनहीनता और जनता के साथ व्यवहार में चिड़चिड़ापन आने की संभावना रहती है। (पढ़ें पूरी खबर)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: राघव चड्ढा AAP को बोले- सैलाब बनकर आऊंगा; वेरका ने दूध के रेट बढ़ाए; कंधे पर कुल्हाड़ी टांग घूमते हत्यारे का VIDEO – Punjab News

