[ad_1]
चरखी दादरी। अनाज मंडी के बजाय मिलों में सरसों की सीधी खरीद होने का आरोप लगाते हुए आढ़तियों ने मंगलवार को मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर बैठक कर विरोध जताया। आढ़तियों ने कहा कि तेल मिलों में सरसों की सीधी खरीद हो रही है। इसके कारण किसान मंडी में फसल लेकर नहीं आ रहे हैं।
आढ़तियों ने कहा कि मार्केट कमेटी द्वारा इसे रोकने के लिए ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। बैठक में पहुंचे मार्केट कमेटी सचिव ने इन आरोपों को पूरी तरह से निराधार बताया। अब आढ़ती एसोसिएशन ने मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी को ज्ञापन सौंपने का निर्णय लिया है।
सरसों की सरकारी खरीद शुरू होने के चार दिन बाद भी दादरी की नई अनाज मंडी में सरसों की खरीद शुरू नहीं हो सकी जिससे नाराज अनाज मंडी आढ़ती एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को मार्केट कमेटी कार्यालय के बाहर बैठक की। बैठक में आढ़तियों ने बगैर रोक-टोक के मिलों में पहुंच रही सरसों के बारे में गहनता से विचार किया। उन्होंने कहा कि मंडी में खरीद शुरू न होने से किसान सीधे मिलों में फसल बेच रहे हैं जिससे आढ़तियों के साथ-साथ सरकार को भी राजस्व का नुकसान हो रहा है।
आढ़तियों का कहना है कि मार्केट कमेटी की अनदेखी के कारण 90 प्रतिशत तक फसल सीधी मिलों में बेची जा रही है। इससे मंडी में कारोबार न के बराबर रह गया है। बैठक में पहुंचे मार्केट कमेटी सचिव विजय कुमार ने कहा कि मिलों में सीधी खरीद पर निगरानी रखने के लिए दो मंडी सुपरवाइजरों की ड्यूटी लगाई गई है।
टीमों द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है लेकिन अभी तक सीधी खरीद का कोई मामला सामने नहीं आया है। यदि ऐसा कोई मामला सामने आता है तो नियमानुसार कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
आढ़ती एसोसिएशन के प्रधान मोहन मकड़ानियां ने कहा कि सरसों खरीद की व्यवस्था को लेकर बैठक बुलाई गई थी। उन्होंने बताया कि पिछले करीब 10 दिनों से सरसों की आवक हो रही है लेकिन मंडी से बाहर सरसों की अवैध रूप से खरीद हो रही है। अब 11 अप्रैल को दादरी आगमन पर सीएम को ज्ञापन सौंपा जाएगा। बैठक में आढ़ती एसोसिएशन के पूर्व प्रधान रामकुमार रिटोलिया, राधेश्याम हड़ोदिया, विनोद गर्ग, पूर्व सरपंच दिनेश आदि आढ़ती मौजूद रहे।
[ad_2]
सीधे मिलों में हो रही है सरसों की खरीद : आढ़ती
सचिव बोले-आरोप बेबुनियाद, निगरानी कर रही टीमें



