[ad_1]
बाढड़ा/कादमा। क्षेत्र के 25 से अधिक गांवों में मंगलवार दोपहर को बारिश के साथ ओलावृष्टि होने से गेहूं, सरसों के साथ-साथ टमाटर की फसल में काफी नुकसान की संभावना जताई जा रही है। ओलावृष्टि से कई क्षेत्रों में फसल जमीन पर बिछ गई। जिससे किसानों को काफी नुकसान हुआ है।
क्षेत्र में पिछले दो दिन से मौसम में हो रहे परिवर्तन के बाद मंगलवार दोपहर करीब दो बजे अचानक बारिश के साथ ओलावृष्टि शुरू हो गई। बारिश के साथ गिरे ओलों ने कुछ ही मिनटों में खेतों का मंजर बदल दिया। गेहूं की खड़ी फसल पूरी तरह जमीन पर बिछ गई, सरसों की फलियां टूटकर बिखर गईं, जबकि टमाटर की फसल लगभग पूरी तरह नष्ट हो गई। जिले में सरसों की फसल की लगभग कटाई हो चुकी है लेकिन गेहूं की कटाई अभी जारी है। मंगलवार को हुई ओलावृष्टि से पककर तैयार हो चुकी फसल में काफी नुकसान हुआ है। खेतों में काट कर रखी गई फसलों में भी नुकसान हुआ है। कृषि विभाग ओलावृष्टि व बरसात के बाद नुकसान के आंकलन में जुट गया है।
इन गांवों में हुई बारिश व ओलावृष्टि
क्षेत्र के गांव कान्हड़ा, कादमा, बडराई, ऊण, गोपालवास, नौरंगाबास जाटान, माई कलां, रामबास, दगडौली, धनासरी, निमड़-बडेसरा, चांदवास, नांधा, लाड, भांडवा, ढाणी सूरजगढ़, कारीमोद, कारीरूपा, कारीधारणी, कारीदास, सिरसली, डांडमा, लाडावास, बाढड़ा, हंसावास खुर्द, हंसावास कलां, पंचगांव, गोपी आदि गांवों में ओलावृष्टि हुई है। इनमें से कादमा क्षेत्र के गांवों में ओलावृष्टि ज्यादा हुई है और बाढड़ा क्षेत्र के गांवों में ओलावृष्टि मामूली है।
किसानों ने तुरंत गिरदावरी की मांग उठाई
मौसम की मार से प्रभावित किसानों ने सरकार व प्रशासन से तुरंत गिरदावरी करवाने की मांग की है ताकि नुकसान का सही आकलन हो सके। साथ ही शीघ्र व उचित मुआवजा देने, फसल बीमा क्लेम तुरंत जारी करने और विशेष राहत पैकेज की घोषणा करने की मांग भी उठाई गई है। किसान पवन फौजी कान्हड़ा, बिरेंद्र बडराई, अजीत कादमा, नौरंगाबास जाटान सरपंच राजा, नवीन रामबास, चरण सिंह, सुमित, नीरज कान्हड़ा, राकेश चहल बडेसरा, सुनील बीडीसी चांदवास ने बताया कि गेहूं, सरसों के साथ टमाटर की फसल को भी भारी नुकसान हुआ है। प्रशासन जल्द गिरदावरी कर मुआवजा दे। किसानों के अनुसार कान्हड़ा, कादमा और नौरंगाबास जाटान क्षेत्र में सबसे अधिक नुकसान हुआ है।
दादरी में भी हुई बारिश, तापमान गिरा
दादरी में भी मंगलवार दोपहर बाद बारिश हुई। साथ लगते क्षेत्रों में ओलावृष्टि होने के कारण हवाएं भी ठंडी चली। मंगलवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया लेकिन दोपहर बाद हुई वर्षा और ठंडी हवाएं चलने के कारण तापमान 23-24 डिग्री तक पहुंच गया था।
वर्सन :
क्षेत्र के गांवों में मामूली ओलावृष्टि हुई है लेकिन ओलावृष्टि के साथ बारिश व तेज हवाओं के कारण गेहूं व सरसों की फसलों में नुकसान हुआ है। खेतों में खड़ी व कटाई की हुई फसलों की बालियां गिरने के कारण नुकसान है। नुकसान का आंकलन करवाया जा रहा है।
[ad_2]
Charkhi Dadri News: ओलावृष्टि से फसलों पर मार, 25 से अधिक गांवों में गेहूं-सरसों व सब्जी की फसलों को नुकसान



