[ad_1]
कुरुक्षेत्र। डीएवी कॉलेज चीका, पंडित चिरंजी लाल शर्मा सरकारी पीजी कॉलेज, गवर्नमेंट महिला कॉलेज और दयाल सिंह कॉलेज करनाल के छात्र-छात्राओं ने कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय में कुलपति कार्यालय के सामने धरना दिया। बीएससी चौथा सेमेस्टर, पांचवां सेमेस्टर, एमएससी कंप्यूटर साइंस, एडवांस कंप्यूटर आर्किटेक्चर, बीएससी और बीए प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाए कि उनकी गणित और कंप्यूटर साइंस परीक्षा में पूरी कक्षा को फेल किया गया।
धरने के दौरान छात्राओं ने बताया कि उनकी कक्षा के सभी बच्चे फेल हुए हैं। यहां तक कि 8 से 10 छात्रों को जीरो नंबर दिए गए हैं, जबकि अन्य विषयों में वे सभी अच्छे अंकों से पास हुए हैं। छात्राओं ने कहा कि वे पहले री वैल्यूएशन से लेकर री-अपीयर तक के फॉर्म भर चुके हैं लेकिन हर बार परिणाम वही रहता है। छात्राओं ने कहा कि ऐसा तो नहीं हो सकता कि छात्र एक नंबर का पेपर भी न करके आया हो। छात्रों का आरोप है कि उनके परिणाम को जानबूझकर खराब किया जा रहा है।
इन कॉलेजों से आए करीब 30 छात्र-छात्राओं ने कहा कि उनकी कक्षा में 25 बच्चों में से एक दो ही पास हैं। चीका कॉलेज के छात्रों ने बताया कि गणित में 16 बच्चों में से 11 बच्चे फेल किए हैं। छात्रों ने विवि को एक मांग पत्र दिया जिसके अनुसार सभी संदिग्ध कॉपियों की दोबारा जांच निष्पक्ष तरीके से करवाए जाने की मांग की। री वैल्यूएशन के रिजल्ट तय समय सीमा में जारी किए जाएं।साथ ही जब तक री वैल्यूएशन का रिजल्ट न आए तब तक री-अपीयर फॉर्म की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए।
गणित में ही क्यों फेल हो रहे सभी : बराड़
छात्रों के साथ धरना दे रहे एएसएपी छात्र संघ के नेता भारत बराड़ ने कहा कि ऐसा पहली बार नहीं हुआ है। इससे पहले विवि के आईआईएचएस के छात्र भी गणित के पेपर से संबंधित धरना दे चुके हैं। अब फिर वही मामला इन कॉलेजों से सामने आया है, जो काफी निंदनीय है। विवि री के नाम पर पैसा कमा रही है। कुछ छात्र इस मामले पर आरटीआई भी लगा चुके हैं।
जांच के बाद हल की जाएगी समस्या : ओएसडी
विवि में कुलपति के ओएसडी पवन रोहिल्ला ने बताया कि छात्रों की समस्या सुनी गई है। छात्रों ने कई पेपरों में बार-बार फेल होने की बात कही है जिसकी जांच की जाएगी। उन्होंने कहा कि किसी भी छात्र के साथ गलत नहीं होगा और उनकी समस्या का समाधान किया जाएगा। वहीं विवि के परीक्षा नियंत्रक अंकेश्वर ने बताया कि उनके संज्ञान में ऐसा कोई मामला नहीं आया है।
कुरुक्षेत्र। कुवि कुलपति कार्यालय के सामने धरना देती छात्राएं। स्वयं
[ad_2]
Kurukshetra News: गणित में सभी विद्यार्थी फेल, कैथल व करनाल से आए छात्र सड़क पर उतरे, कुलपति कार्यालय पर दिया धरना




