Jind News: एसडी महिला कॉलेज की 45 खिलाड़ियों को मिला 9.36 लाख का नकद पुरस्कार haryanacircle.com

[ad_1]

जींद। चौधरी रणबीर सिंह विश्वविद्यालय में हुए वार्षिक खेल पुरस्कार वितरण समारोह में एसडी महिला महाविद्यालय की छात्राओं ने प्रतिभा का लोहा मनवाया। विश्वविद्यालय के स्पोर्ट्स काउंसिल ने 45 छात्राओं को 9.36 लाख रुपये का नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

प्राचार्य डॉ. अंजना लोहान ने बताया कि महाविद्यालय ने सत्र 2023-24 में रनर-अप ट्रॉफी और सत्र 2024-25 में ओवरऑल ट्रॉफी जीतकर खेल जगत में संस्थान का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि पर खेल प्रशिक्षक मनीषा और सभी विजेता छात्राओं का महाविद्यालय पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया।

खेल प्रशिक्षक मनीषा ने बताया कि सत्र 2023-24 में 24 छात्राओं और सत्र 2024-25 में 21 छात्राओं को कुल 9,36,100 रुपये की नकद पुरस्कार राशि से नवाजा गया है। छात्रा सोनिया को बेस्ट एथलीट चुना गया। संस्था के प्रधान सुरेश सिंघल, उपप्रधान राजकुमार गोयल, महासचिव जियालाल गोयल और कोषाध्यक्ष धर्मवीर गोयल ने खेल प्रशिक्षक और संपूर्ण स्टाफ को बधाई दी।

प्राचार्य ने रीनू, पूनम, ज्योति, मोनिका, सुमिति, निशा, संजू, कोमल और अन्य को कहा कि उपलब्धियां न केवल खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाती हैं बल्कि अन्य छात्राओं को भी जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा देती हैं।

[ad_2]