Fatehabad News: बरात से लौट रही एसयूवी ट्रॉले से टकराई, दूल्हे के 2 दोस्तों की मौत Haryana Circle News

[ad_1]

भूना। गांव चौबारा में शादी समारोह उस समय मातम में बदल गया जब बरात से लौट रहे दूल्हे के दोस्तों की गाड़ी हादसे का शिकार हो गई। हांसी जिले के गांव सैनीपुरा के पास एसयूवी गाड़ी आगे चल रहे ट्रॉले से टकरा गई। इसमें दूल्हे के दो दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

चौबारा निवासी राजपाल के बेटे मुकेश कुमार की बारात वीरवार रात को भिवानी जिले के गांव बड़सी में गई थी। गाजे-बाजे और खुशी के माहौल के बीच बरात का स्वागत हुआ। शादी की रस्में पूरी होने के बाद शुक्रवार सुबह बरात लौट रही थी। इसी दौरान एक एसयूवी गाड़ी में सवार दूल्हे के पांच दोस्त बड़सी गांव के पास हादसे का शिकार हो गए।

बताया जा रहा है कि गाड़ी तेज रफ्तार में थी और अचानक सामने चल रहे ट्रॉले से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गांव मोचीवाली निवासी महावीर सिंह (42) और चौबारा निवासी मनोज (38) ने दम तोड़ दिया। दोनों मृतक दूल्हे के करीबी दोस्त बताए जा रहे हैं।

मृतक महावीर सिंह अपने पीछे दो छोटे बेटे छोड़ गए हैं जिनकी उम्र 11 और 7 साल है। वहीं मनोज के परिवार में दो बेटियां (10 और 8 साल) और एक 6 साल का बेटा है। इस हादसे में तीन अन्य बराती चौबारा निवासी विक्रम (35), कृष्ण (45) और चंद्रावल निवासी विनोद (32) घायल हो गए।

घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। जिस घर में कुछ समय पहले तक शादी की खुशियां थीं वहां अब मातम पसरा हुआ है। इस हादसे से ग्रामीण और रिश्तेदार गमगीन हैं। हर कोई इस दुखद हादसे से स्तब्ध है।


शवों का किया गया अंतिम संस्कार

सरपंच जोगिंदर सिंह ओला ने बताया कि घायल चंद्रावल निवासी विनोद दूल्हे की सगी बुआ का बेटा है और कृष्ण कुमार सगे ताऊ का लड़का है। पुलिस ने दोनों शवों का हांसी के नागरिक अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया। इसके बाद दोनों शवों का गमगीन माहौल में गांव के श्मशान घाट में अंतिम संस्कार कर दिया गया है।

[ad_2]