चंडीगढ़ में एक अप्रैल से पानी महंगा: टैरिफ में पांच फीसदी की बढ़ोतरी, निगम को सालाना 8 करोड़ तक अतिरिक्त आय Chandigarh News Updates

[ad_1]

चंडीगढ़ वासियों को एक अप्रैल से पानी के लिए अधिक भुगतान करना होगा। नगर निगम ने पानी के टैरिफ में 5 प्रतिशत तक बढ़ोतरी का निर्णय लिया है जो 1 अप्रैल से लागू होगा। इसके साथ ही कचरा संग्रहण शुल्क और सीवरेज सेस में पहले से हुई वृद्धि का असर भी उपभोक्ताओं की जेब पर पड़ेगा। 

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार, यह बढ़ोतरी एमसी की वार्षिक राजस्व वृद्धि नीति के तहत की गई है। तय अंतराल पर दरों में संशोधन कर निगम अपनी आय बढ़ाता है, ताकि शहर में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाया जा सके।

हालांकि, निगम के इस फैसले का शहर के रेजिडेंट्स संगठनों ने विरोध शुरू कर दिया है। क्राफ्ड के चेयरमैन हितेश पुरी ने कहा कि हाल ही में बिजली दरों में वृद्धि के बाद पानी का टैरिफ बढ़ाना उचित नहीं है। वहीं, फॉस्वेक के चेयरमैन बलजिंदर सिंह बिट्टू ने आरोप लगाया कि निगम लगातार अलग-अलग शुल्क बढ़ाकर आम लोगों पर आर्थिक बोझ डाल रहा है।

घरेलू उपभोक्ताओं के लिए नई दरें

नई दरों के अनुसार 1 से 15 किलोलीटर तक पानी की दर 3.48 रुपये से बढ़ाकर 3.65 रुपये प्रति किलोलीटर कर दी गई है। 16 से 30 किलोलीटर खपत पर 6.95 रुपये की जगह अब 7.30 रुपये प्रति किलोलीटर देना होगा। वहीं 60 किलोलीटर से अधिक खपत पर दर 11.58 रुपये से बढ़कर 12.16 रुपये प्रति किलोलीटर हो गई है। बिना मीटर कनेक्शन वाले उपभोक्ताओं के मासिक शुल्क में भी वृद्धि की गई है। इसके अलावा संस्थागत और व्यावसायिक श्रेणी के उपभोक्ताओं के लिए भी नई दरें लागू होंगी। ट्यूबवेल पानी की दरों में संशोधन से औद्योगिक इकाइयों पर भी अतिरिक्त भार पड़ेगा।

कचरा और सीवरेज शुल्क भी बढ़ा

पानी के टैरिफ में वृद्धि के साथ ही कचरा संग्रहण शुल्क में भी 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। सीवरेज सेस पानी की खपत का 20 प्रतिशत यथावत रहेगा लेकिन पानी महंगा होने से इसकी कुल राशि स्वतः बढ़ जाएगी। नगर निगम के अनुमान के अनुसार पानी के टैरिफ में वृद्धि से सालाना 7.5 से 8 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आय होगी। वहीं कचरा संग्रहण शुल्क से 1 से 1.2 करोड़ रुपये तक अतिरिक्त राजस्व मिलने की संभावना है। नगर निगम कमिश्नर अमित कुमार ने कहा कि इस आय का उपयोग शहर की बुनियादी सुविधाओं के विकास और रखरखाव में किया जाएगा।

[ad_2]
चंडीगढ़ में एक अप्रैल से पानी महंगा: टैरिफ में पांच फीसदी की बढ़ोतरी, निगम को सालाना 8 करोड़ तक अतिरिक्त आय