[ad_1]
कुरुक्षेत्र। बिजली बिल जमा कराने और शिकायतों के समाधान के लिए पिपली के भीड़भाड़ वाले क्षेत्र में जाने की समस्या से अब हजारों ग्रामीण उपभोक्ताओं को राहत मिलने वाली है। उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) का पिपली स्थित उपमंडल कार्यालय जल्द ही लाडवा रोड स्थित गांव मथाना में शिफ्ट किया जाएगा। इसके लिए निर्माण कार्य भी शुरू हो चुका है और करीब 10 से 12 माह में भवन तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है।
उपमंडल कार्यालय का परिसर लगभग आधा एकड़ में विकसित किया जाएगा। इसमें करीब 4200 वर्ग फीट क्षेत्र में भवन का निर्माण होगा। इस पर लगभग दो करोड़ रुपये का खर्च आएगा। परिसर में चारदीवारी के साथ आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन तैयार किया जाएगा।
भवन में एसडीओ, जेई, लिपिक, हेड कैशियर, कॉमर्शियल असिस्टेंट और फॉरमैन सहित करीब 35 कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी। इसके अलावा बिजली से संबंधित सामग्री रखने के लिए मिनी स्टोर और उपभोक्ताओं के लिए वेटिंग हॉल भी बनाया जाएगा।
इस उपमंडल कार्यालय के अंतर्गत आने वाले 13 कंप्लेंट सेंटर भी मथाना में संचालित किए जाएंगे। इससे मथाना, उमरी, कौलापुर, कनिपला, भगवानपुर सहित आसपास के करीब 50 गांवों के 25 हजार से अधिक उपभोक्ताओं को मौके पर ही शिकायत दर्ज कराने और समाधान पाने की सुविधा होगी।
दो करोड़ में जल्द बनकर पूरा होगा भवन : नितिन वर्मा
पिपली उपमंडल कार्यालय के एसडीओ नितिन वर्मा ने बताया कि भवन का निर्माण यूएचबीवीएन की सिविल विंग, अंबाला के अधीन कराया जा रहा है। 10 माह में पूरा होने की उम्मीद है। चारदीवारी पर करीब दो करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। नए कार्यालय से लगभग 50 गांवों के 25 हजार उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा।
कुरुक्षेत्र। गांव मथाना में बिजली निगम के उपमंडल कार्यालय का चलता निर्माण कार्य। संवाद
[ad_2]
Kurukshetra News: पिपली से मथाना शिफ्ट होगा यूएचबीवीएन उपमंडल कार्यालय, 25 हजार उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत




