फतेहाबाद। नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस चालक की लापरवाही से यात्रियों की जान जोखिम में पड़ गई। किलोमीटर स्कीम की बस डिवाइडर पर चढ़ाते समय फंस गई जिससे बस में सवार 30 से अधिक यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। घटना कब की है पता नहीं पाया।
हरियाणा राज्य परिवहन रोहतक डिपो की बस हिसार होते हुए सिरसा जा रही थी। इसी दौरान चालक फ्लाईओवर की ओर बढ़ गया जबकि सर्विस रोड का कट पीछे छूट गया। गलती का अहसास होने पर चालक ने बस को डिवाइडर पर चढ़ाकर सर्विस रोड पर उतारने की कोशिश की, लेकिन बस बीच में ही फंस गई।
चालक ने बस को निकालने के कई प्रयास किए मगर सफलता नहीं मिली। इस दौरान यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए सभी को बस से उतारकर दूसरी में बैठाकर गंतव्य की ओर भेजा गया। बाद में क्रेन मंगाकर बस को डिवाइडर से नीचे उतारा गया। घटना के दौरान मौके से गुजर रहे लोगों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया। मामले में बस अड्डा इंचार्ज हवा सिंह ने जानकारी होने से इनकार किया।