[ad_1]
मनीमाजरा। नॉर्थ जोन कल्चरल सेंटर के कलाग्राम में चल रहे हरियाणवी ‘सांग उत्सव-26’ के तीसरे दिन लोक कलाकारों ने अपनी दमदार प्रस्तुतियों से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। सुहावने मौसम के बीच बड़ी संख्या में लोग पारंपरिक सांग कला का आनंद लेने पहुंचे, जिससे पूरा परिसर हरियाणवी रंग में रंगा नजर आया।
सोनीपत से आए करण सिंह एंड पार्टी ने मंच पर हरियाणवी लोक संस्कृति की जीवंत झलक पेश की। उन्होंने राजस्थानी राजा की पुत्री पद्मावत और रणबीर सेन की प्रेम कथा को सांग शैली में प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी संवाद शैली, भाव-भंगिमा और गायन ने खूब तालियां बटोरीं, वहीं बीच-बीच में हास्य के तड़के ने माहौल को और भी रोचक बना दिया।
हिसार से धर्मवीर एंड पार्टी ने अपनी ऊर्जावान प्रस्तुति से कार्यक्रम में नई जान डाल दी। उनकी टीम ने ‘हीरा मल जमाल’ सहित प्रेम, संघर्ष और ग्रामीण जीवन से जुड़े किस्सों को प्रभावशाली अंदाज में प्रस्तुत किया। साथ ही ‘चोरी, जुआ, जामिनी और परायी नार’ जैसी रागिनियों के माध्यम से समाज सुधार का संदेश भी दिया।
कार्यक्रम के दौरान मंच संचालन और दर्शकों को हंसाने की जिम्मेदारी जींद की रेनू दुहन ने बखूबी निभाई, जिनकी चुटीली प्रस्तुति ने दर्शकों को बांधे रखा। एनजेडसीसी के निदेशक फुरकान खान ने बताया कि सांग प्रस्तुतियां प्रायः पौराणिक, ऐतिहासिक, प्रेम और देशभक्ति से जुड़ी कहानियों पर आधारित होती हैं, जिनमें संवाद, लोकगीत और नृत्य का अनूठा संगम देखने को मिलता है। आयोजकों के अनुसार उत्सव के अंतिम दिन 22 मार्च को करनाल के रामशरण और मुजफ्फरनगर के संजय मलिक अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिनका दर्शकों को बेसब्री से इंतजार है।
[ad_2]
Chandigarh News: पद्मावत और रणबीर सेन की प्रेम कथा को सांग शैली में प्रस्तुत कर दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया


