Chandigarh News: वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर युवक से 7.44 लाख की ठगी Chandigarh News Updates

[ad_1]

चंडीगढ़। ऑनलाइन वर्क फ्रॉम होम के नाम पर एक युवक से 7.44 लाख रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन सेक्टर-17 में शिकायत दी, जिसके आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।

Trending Videos

मिल्क कॉलोनी धनास निवासी गोविंद सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि नवंबर 2024 में उसके पास अलग-अलग मोबाइल नंबरों से वर्क-फ्रॉम-होम का मैसेज आया। पहले व्हाट्सएप पर संपर्क किया गया और बाद में उसे टेलीग्राम पर जोड़ लिया गया। वहां उसे होटल और अन्य जगहों के रिव्यू व रेटिंग देने जैसे छोटे-छोटे टास्क दिए गए और प्रति रिव्यू 50 रुपये देने का झांसा दिया गया।

तीन टास्क पूरे करने के बाद आरोपियों ने उसे 300 रुपये भेजे और टेलीग्राम के एक ग्रुप में जोड़ लिया। इसके बाद आरोपियों ने उसे 10 मिनट में ज्यादा मुनाफा देने का लालच देकर अलग-अलग बैंक खातों में पैसे ट्रांसफर करवाने शुरू कर दिए। जब पीड़ित ने पैसे निकालने की कोशिश की तो आरोपियों ने उसका अकाउंट फ्रीज होने की बात कहकर उसे अनफ्रीज करने के नाम पर और पैसे जमा करवाए। इसके बाद भी पैसे नहीं मिले और आरोपी बहाने बनाते रहे। कुछ समय बाद सभी नंबर बंद हो गए और टेलीग्राम ग्रुप भी डिलीट कर दिया गया। पीड़ित के अनुसार उसने अलग-अलग बैंक खातों में कुल 7.44 लाख रुपये ट्रांसफर किए। पीड़ित ने साइबर क्राइम पोर्टल पर भी कई शिकायतें दर्ज करवाई थीं। पुलिस बैंक खातों और मोबाइल नंबरों के जरिये आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

[ad_2]
Chandigarh News: वर्क फ्रॉम होम का झांसा देकर युवक से 7.44 लाख की ठगी