[ad_1]
करनाल। करनाल बार के वकील सुखदेव शर्मा को विदेशी नंबर से कॉल करके जान से मारने की धमकी दी गई है। आरोपियों ने शिकायतकर्ता के ससुर प्रेम कुमार की आत्महत्या मामले में गवाही ना देने और समझौता करवाने का दबाव बनाया। वकील की शिकायत पर सेक्टर 32-33 थाना पुलिस ने आपराधिक धमकी देने सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
जिला अदालत में प्रैक्टिस करने वाले वकील सुखदेव शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीती दो जनवरी को रात को करीब 10 बजकर 20 मिनट और 10 बजकर 21 मिनट पर उनके मोबाइल नंबर पर एक अंतरराष्ट्रीय नंबर से दो मिस्ड कॉल आईं। अज्ञात नंबर होने के कारण उन्होंने कॉल नहीं उठाई। अब दो दिन पहले रात 10 बजकर 32 मिनट और 10 बजकर 34 मिनट पर फिर कॉल आई। इस बार उन्होंने कॉल रिसीव की, जिसमें दो अलग-अलग व्यक्ति बात कर रहे थे। एक पंजाबी में और दूसरा हिंदी में बोल रहा था।
फोन पर दोनों आरोपियों ने करीब चार मिनट तक बात करते हुए शिकायतकर्ता सुखदेव शर्मा को केस में समझौता करने और आरोपियों के खिलाफ गवाही न देने का दबाव बनाया। आरोपियों ने ये भी कहा कि अगर समझौता नहीं किया तो जान से हाथ धोना पड़ेगा। इसके बाद उसी रात करीब 11 बजकर 15 मिनट पर फिर कॉल आई। इस बार कॉल करने वाले ने हिंदी में बात करते हुए दोबारा धमकी दी कि अगर गवाही दी या केस वापस नहीं लिया, तो उसे जान से मार दिया जाएगा।
शिकायतकर्ता सुखदेव शर्मा ने बताया कि उनके ससुर प्रेम कुमार ने आरोपियों हरविंदर, सतबीर, कृष्ण और रमेश के दबाव के चलते आत्महत्या कर ली थी। इस मामले में थाना इंद्री में वर्ष 2018 में प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इस केस की सुनवाई करनाल कोर्ट में चल रही है। इस केस की पैरवी सुखदेव शर्मा कर रहे हैं, जिसके चलते आरोपी उनसे रंजिश रखते हैं। सेक्टर-32,33 थाना पुलिस ने मामले में दो लोगों के खिलाफ आपराधिक धमकी देने की प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
[ad_2]
Karnal News: विदेशी नंबर से वकील को दी धमकी, अदालत में चल रहे मुकदमों में गवाही न देने और समझौता करवाने का दबाव बनाया




