Fatehabad News: घरों से कचरे की उठान, गीला-सूखा अलग नहीं, डंपिंग प्वाइंट पर जला रहे Haryana Circle News

[ad_1]

फतेहाबाद। शहर में डोर टू डोर कचरा उठाने के बाद बीघड़ रोड पर स्थित तीन एकड़ के कचरा संग्रह स्थल पर जलाने का मामला सामने आया है। इससे शहर में प्रदूषण फैलने के साथ-साथ पर्यावरण पर गंभीर प्रभाव पड़ रहा है। जबकि नगर परिषद ने कचरा उठान एजेंसी को करीब 10 करोड़ रुपये में पांच साल के लिए ठेका दिया है, लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हो रहा है।

यह घटना नगर परिषद प्रशासन की लापरवाही और प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की निष्क्रियता उजागर कर रही है क्योंकि इस मामले में न तो कोई सख्त कार्रवाई हो रही है और न ही किसी प्रकार का नियंत्रण लागू किया जा रहा है। कचरा संग्रह स्थल पर रोजाना 35 से 40 टन कचरा पहुंचता है लेकिन स्थिति इतनी खराब हो चुकी है कि तीन एकड़ और दो एकड़ में स्थित अलग-अलग कचरा संग्रह स्थलों पर आग लगी हुई है।

आग के कारण कचरा जलने से पूरे क्षेत्र में धुंआ और प्रदूषण फैल रहा है, जिससे नागरिकों के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। इसके अलावा, नगर परिषद ने गीला और सूखा कचरा अलग-अलग करने के दावे किए थे लेकिन कचरा संग्रह स्थल पर दोनों तरह का कचरा एक साथ डाला जा रहा है।


नगर परिषद प्रशासन की निगरानी नहीं

नगर परिषद ने पहले तीन एकड़ में कचरा संग्रह स्थल बनाया हुआ था। करीब दो साल पहले ठेके पर साथ लगती दो एकड़ जगह ली गई लेकिन पिछले एक साल से यहां पर कचरे का निस्तारण ही नहीं हो रहा है। कचरे के ढेर लगे हुए हैं और उसमें आग लगाई जा रही है। जबकि एनजीटी के नियमों के अनुसार कचरे का प्रबंधन जरूरी है।


तीन साल पहले पढ़ाया था पाठ, वहीं लग रही आग

प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड की तरफ से नगर परिषद प्रशासन को करीब तीन साल पहले नियमों का पाठ पढ़ाया गया था लेकिन हालात ये है कि जिस जगह पर नियम समझाए गए वहीं पर ही कचरे में आग लग रही है। कचरे का कोई प्रबंधन नहीं किया जा रहा है।


कचरा उठान के बिलों में गड़बड़ी पर गिर चुकी है गाज

नगर निकाय की तरफ से नगर परिषद के सीएसआई और कचरा उठान एजेंसी पर बिलों के भुगतान में गड़बड़ी पर पहले कार्रवाई की जा चुकी है। नगर परिषद की तरफ से पिछले माह बिलों की जांच की गई थी इसमें भुगतान को लेकर गड़बड़ी मिली थी। इस मामले में सीएसआई और संबंधित एजेंसी पर प्राथमिकी भी दर्ज हो चुकी है।


मामला संज्ञान में आया है। इस बारे में टीम मौके पर भेजी गई है। पहले भी नगर परिषद को इस संबंध में नोटिस और जुर्माना कर चुके हैं।

-दीपक कुमार, एसडीओ, प्रदूषण कंट्रोल बोर्ड


कचरा डंपिंग प्वाइंट पर आग की सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ी मौके पर भेज दी गई थी। निस्तारण के बारे में ठेका की प्रक्रिया चल रही है।

-सतपाल सैनी, सीएसआई, नगर परिषद

[ad_2]