रेमंड के मालिक गौतम सिंघानिया की मालदीव में बोट पलटी: इलाज के लिए मुंबई एयरलिफ्ट किए गए; हादसे में भारतीय समेत 2 लोग लापता Business News & Hub


रेमंड ग्रुप के मैनेजिंग डायरेक्टर गौतम सिंघानिया मालदीव में स्पीडबोट पलटने से घायल हो गए हैं। उन्हें इलाज के लिए एयरलिफ्ट कर मुंबई लाया गया है, जहां वे फिलहाल डॉक्टरों की देखरेख में हैं। उनके प्रवक्ता ने कहा कि सिंघानिया को मामूली चोटें आई हैं और उनकी हालत स्थिर है। उनके साथ बोट पर सवार भारत के दिग्गज रैली ड्राइवर हरि सिंह और उनके एक अन्य दोस्त अब भी लापता हैं। स्थानीय प्रशासन को अंदेशा है कि लंबा समय बीत जाने के कारण उनकी जान जा सकती है। यह घटना गुरुवार रात करीब 11 बजे मालदीव के फेलिधू एटोल के पास हुई। कोस्ट गार्ड के मुताबिक, हादसा तट से करीब 2 नॉटिकल मील दूर हुआ। स्पीडबोट पर एक कैप्टन और गौतम सिंघानिया समेत कुल 7 लोग सवार थे। इनमें 5 भारतीय, एक ब्रिटिश और एक रूसी नागरिक शामिल थे। रेस्क्यू टीम लापता भारतीय को खोजने की कोशिश कर रही है। एडवेंचर के शौकीन हैं सिंघानिया और हरि सिंह गौतम सिंघानिया और हरि सिंह दोनों एडवेंचर स्पोर्ट्स के शौकीन हैं। सिंघानिया खुद एक प्रोफेशनल रेसर हैं और हरि सिंह ने कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय रैली खिताब जीतकर भारत का नाम रोशन किया है। वे छुट्टियां मनाने और पावर बोटिंग के लिए मालदीव गए थे। हरि सिंह को देश के सबसे सफल रैली ड्राइवरों में गिना जाता है। वे 5 बार के नेशनल रैली चैंपियन रह चुके हैं। हरि सिंह, गौतम सिंघानिया के भी बेहद करीबी दोस्त और उनके मोटरस्पोर्ट्स से जुड़े प्रोजेक्ट्स में सलाहकार रहे हैं। उन्होंने नई पीढ़ी के ड्राइवर्स को ट्रेनिंग भी दी है। सिंघानिया के क्लॉथ, रियल एस्टेट सहित कई बिजनेस गौतम सिंघानिया रेमंड ग्रुप के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर हैं। उनकी नेटवर्थ करीब 11 हजार करोड़ रुपए है। रेमंड ग्रुप के पास क्लॉथ, डेनिम, कंज्यूमर केयर, इंजीनियरिंग और रियल एस्टेट सहित अन्य बिजनेस हैं। रेडिमेड कपड़ों के बाजार में ग्रुप की दमदार मौजूदगी है। यह डेनिम कैटेगरी में भी लीडिंग मैन्युफैक्चरर है। कंपनी हाई क्वालिटी डेनिम सप्लाई करती है। 1925 में ठाणे से हुई थी रेमंड की शुरुआत
रेमंड भारत का एक बड़ा और भरोसेमंद मेंस वियर ब्रांड है, जिसकी शुरुआत 1925 में ठाणे से हुई थी। आज यह हजारों करोड़ रुपए की कंपनी बन चुकी है। इस कंपनी को आगे बढ़ाने में सिंघानिया परिवार की अहम भूमिका रही है, खासकर गौतम सिंघानिया की। सिंघानिया परिवार ने रेमंड को एक साधारण वूलन मिल से देश-विदेश में फैले बड़े ब्रांड में बदल दिया। पहले यह मिल सेना के लिए वर्दी बनाती थी, लेकिन बाद में इसे आम लोगों तक पहुंचाया गया। विजयपत सिंघानिया के समय कंपनी ने तेजी से तरक्की की और छोटे शहरों तक अपने शोरूम खोले। गौतम सिंघानिया ने इस विरासत को आगे बढ़ाते हुए कंपनी को मॉडर्न बनाया। उन्होंने नए फैब्रिक, डिजाइन और टेक्नोलॉजी पर काम किया, जिससे रेमंड की पहचान और मजबूत हुई। आज कंपनी देश के साथ-साथ विदेशों में भी कारोबार कर रही है। पिछले सालों में गौतम सिंघानिया अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी चर्चा में रहे, लेकिन इसके बावजूद कंपनी का बिजनेस लगातार आगे बढ़ रहा है। सिंघानिया परिवार की मेहनत और फैसलों ने रेमंड को एक मजबूत और भरोसेमंद ब्रांड बना दिया है। गौतम पर पिता विजयपत ने घर से निकालने के आरोप लगाए थे गौतम सिंघानिया पर उनके पिता और कंपनी के पूर्व चेयरमैन विजयपत सिंघानिया ने घर से निकालने का आरोप लगाया था। 2015-16 के आसपास अपने बेटे गौतम सिंघानिया को कारोबार की पूरी कमान सौंप दी थी। इसके बाद 2017-18 से दोनों के रिश्तों में खटास आने लगी। विजयपत ने सार्वजनिक रूप से आरोप लगाया कि उन्होंने अपनी संपत्ति बेटे के नाम कर दी, लेकिन बदले में उन्हें ही मुंबई स्थित अपने घर JK House से बाहर कर दिया गया। 2018 में उन्होंने मीडिया इंटरव्यू में कहा कि वे “किराए के घर में रहने को मजबूर” हो गए हैं। दूसरी ओर, गौतम सिंघानिया ने इस मामले को पारिवारिक बताते हुए ज्यादा सार्वजनिक टिप्पणी से बचे, लेकिन यह विवाद लगातार सुर्खियों में बना रहा। ——————- ये खबर भी पढ़ें… जोमैटो से खाना मंगवाना महंगा हुआ: प्लेटफॉर्म फीस 19% बढ़ाई, हर ऑर्डर पर ₹12.50 के बजाय अब ₹14.90 देने होंगे फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो से खाना ऑर्डर करना अब महंगा हो गया है। कंपनी ने आज 20 मार्च से ऑर्डर पर प्लेटफॉर्म फीस में 19% बढ़ोतरी की है। यूजर्स को हर ऑर्डर पर ₹12.50 के बजाय अब ₹14.90 यानी ₹2.40 ज्यादा प्लेटफॉर्म फीस देनी होगी। प्लेटफॉर्म फीस हर एक फूड ऑर्डर पर लागू होने वाला ऐडिशनल चार्ज हैं। ये GST, रेस्तरां चार्ज और डिलीवरी फीस से अलग है। जोमैटो रोजाना 20 से 25 लाख ऑर्डर डिलीवर करता है। पूरी खबर पढ़ें…


Source: https://www.bhaskar.com/g/business/news/gautam-singhania-maldives-boat-accident-mumbai-airlift-137490196.html