[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर प्रीमियम पेट्रोल के रेट बढ़ने की रही। अमेरिका-इजराइल और ईरान की जंग की वजह से पंजाब और चंडीगढ़ में प्रीमियम पेट्रोल के रेट 2 रुपए बढ़कर लागू हो गए। इससे लोगों को चिंता है कि सामान्य पेट्रोल और डीजल के रेट भी बढ़ सकते हैं।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. पंजाब में प्रीमियम पेट्रोल के रेट बढ़े, ₹2 महंगा हुआ, बढ़ी कीमतें लागू
पंजाब में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत 2 रुपए बढ़ा दी गई है। यह बढ़ोतरी अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग के चलते कच्चे तेल की कीमतें बढ़ने की वजह से की गई है। नॉर्मल पेट्रोल और डीजल के दाम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। नए रेट आज सुबह छह बजे से लागू हो गए हैं। सभी जिलों में दो रुपए ही रेट में इजाफा हुआ है।
इस समय पूरे पंजाब में 3600 के करीब पेट्रोल पंप हैं। मोहाली जिला पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष व पंजाब इकाई के सीनियर मेंबर अश्विंदर सिंह मोंगिया ने बताया कि पहले तो कुछ पंपों पर प्रीमियम पेट्रोल बिकता था। लेकिन अब सारे पंपों पर यह सुविधा दे दी गई है। इस संबंध में कंपनियों को मैसेज आए हैं। इस बढ़ोतरी का सबसे ज्यादा असर शहरी इलाकों के पेट्रोल पंपों पर पड़ेगा।
उनका कहना है कि मोहाली, जालंधर, लुधियाना और अमृतसर जैसे शहरों में एक पेट्रोल पंप पर अगर रोजाना 100 लीटर पेट्रोल बिकता है, तो उसमें करीब 35 लीटर प्रीमियम पेट्रोल की खपत होती है। प्रीमियम पेट्रोल की कीमतों में इजाफे के पीछे मुख्य वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में उतार-चढ़ाव और प्रीमियम फ्यूल में मिलाए जाने वाले एडिटिव्स की लागत बढ़ना माना जा रहा है।
सामान्य पेट्रोल के मुकाबले यह पहले से ही 5 से 10 रुपए महंगा होता है। अब इस बढ़ोतरी के बाद यह अंतर और बढ़ जाएगा। आम जनता के लिए राहत की बात यह है कि बेस फ्यूल यानी सामान्य पेट्रोल और डीजल की कीमतों को नहीं छेड़ा गया है (पढ़ें पूरी खबर)
2. CM बोले- रेहड़ीवाला हो या टाटा, पंजाब में नहीं होता किसी को घाटा

लुधियाना में CM भगवंत मान ने टाटा स्टील के अत्याधुनिक इको फ्रेंडली ग्रीन स्टील प्लांट का उद्घाटन किया। सीएम ने कहा कि पंजाब की धरती पर चाहे कोई रेहड़ी लगाए, चाहे टाटा स्टील का प्लांट। यहां किसी को घाटा नहीं होता है। यह गुरुओं की धरती है। सीएम ने कहा कि पंजाब अब पहला ग्रीन स्टील बनाने वाला राज्य बन गया है। लोग जेब के अमीर बहुत हैं। लेकिन दिल के अमीर नहीं होते। जबकि जेब दिल के ऊपर होती है। लेकिन टाटा के चेयरपर्सन दोनों से अमीर हैं।
सीएम ने कहा कि टाटा ने युवाओं को नौकरी दी है, नहीं तो ये सभी वीजा सेंटरों में जाते। मैं पंजाब के युवाओं से नशे के टीके छुड़ाकर टिफिन पकड़ाना चाहता हूं। वो नशा छोड़कर काम करें। मान ने कहा कि पिछले कुछ समय में पंजाब के हालात खराब हो गए थे। बच्चे ड्रग व बेरोजगारी के शिकार हो गए थे। पंजाब की सरकारें इंडस्ट्री फ्रेंडली नहीं थी। अब हम हैं तो इंडस्ट्री को पूरा सहयोग है तो फिर से इंडस्ट्री यहां आ रही हैं।
इससे पहले टाटा स्टील के चेयरमैन एनचंद्र शेखरन ने मंत्री संजीव अरोड़ा को बताया कि हलवारा से अगले हफ्ते से दिल्ली के लिए फ्लाइट की बुकिंग शुरू कर दी जाएगी। जानकारी के अनुसार, टाटा स्टील ने प्लांट पर 3200 करोड़ रुपए इन्वेस्ट किए हैं और इसमें 2500 से अधिक लोगों को सीधे तौर पर रोजगार मिलेगा। टाटा स्टील का देश में यह दूसरा रिसाइकिल बेस्ड ग्रीन स्टील प्लांट है (पढ़ें पूरी खबर)
3. चंडीगढ़ चिन्नी हत्याकांड, बीमार मां को 2 दिन बाद भी मौत का पता नहीं

चंडीगढ़ में जिम के बाहर 18 मार्च को दिनदहाड़े मारे गए मोहाली में कुब्बाहेड़ी के रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर चमनप्रीत सिंह उर्फ चिन्नी कुब्बाहेड़ी के शूटरों को पंजाब पुलिस ने हरियाणा में पकड़ लिया। आरोपियों की पहचान फिरोजपुर के रहने वाले राजन उर्फ पीयूष पहलवान और नवांशहर निवासी प्रीतम शाह के रूप में हुई है।
कैथल में एनकाउंटर के दौरान ये दोनों घायल हो गए। इन्हें अब इलाज के लिए चंडीगढ़ PGI लाया गया है। यहां उनका ऑपरेशन कराया जाएगा। दोनों के पैरों में गोलियां लगी हैं। पुलिस सूत्रों से पता चला है कि चमनप्रीत को मारने के लिए गैंगस्टर गौरव पटियाल ने राजन को हायर किया था। 15 जनवरी को वह विशेष रूप से मलेशिया से भारत आया। वह ZING एप से पटियाल के संपर्क में थे। चिन्नी के रेगुलर जिम आने का भी उनको पता था।
इस दौरान उसने चंडीगढ़, कैथल (हरियाणा) और मोहाली में रहकर रेकी की। हत्या को अंजाम देने के बाद वह कैथल में ही जाकर छिपा था, जहां उसका एनकाउंटर हुआ। इधर, मृतक का पोस्टमॉर्टम हो गया है। 2 शूटरों की गिरफ्तारी के बाद परिवार इस पर राजी हो गया। वहीं 2 दिन बीत जाने के बाद भी मृतक की मां को इस बारे में नहीं बताया गया, क्योंकि वह बीमार रहती हैं। ऐसे में घरवाले किसी तरह का कोई रिस्क नहीं लेना चाहते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
4. आप MLA अनमोल मान के पति की सजा पर रोक

मोहाली जिला कोर्ट ने आम आदमी पार्टी (AAP) की MLA अनमोल गगन मान के पति शाहबाज सिंह सोही की सजा पर रोक लगा दी है। गुरुवार देर शाम इस संबंध में आदेश जारी किए गए। इससे पहले 16 मार्च को डेराबस्सी कोर्ट ने सोही व उनके 2 साथियों को चेक बाउंस केस में 2 साल कैद की सजा सुनाई थी।
शाहबाज सिंह सोही के वकील विक्रमजीत पासी ने बताया कि सेशन कोर्ट ने निचली अदालत के फैसले पर स्टे लगा दिया है। वहीं, उनकी अपील भी मंजूर कर ली है। हालांकि अभी तक इस संबंध में डिटेल ऑर्डर आना बाकी है। जिसके बाद इसके बारे में पूरी जानकारी मिल सकेगी। शाहबाज सोही पेशे से एडवोकेट हैं।
यह मामला 30 नवंबर 2018 को जीरकपुर के सरपंच और पार्षद रहे जसपाल सिंह के छोटे भाई कमलजीत सिंह की याचिका से जुड़ा है। उनका कहना था कि शाहबाज सिंह सोही, जतिंदर सिंह, नश्तर सिंह, तीनों मेसर्स प्लेटिनम स्मार्ट बिल्डर्स में पार्टनर थे और राजपुरा में सिल्वर सिटी नाम से प्रोजेक्ट बनाने की योजना बना रहे थे।
शिकायतकर्ता के अनुसार उसने आरोपियों के साथ 18 दिसंबर 2017 को 7 करोड़ रुपए में रेजिडेंशियल व कॉमर्शियल प्लॉट का सौदा कर फुल पेमेंट की। मगर आरोपियों ने जनवरी 2018 में 3 करोड़ रुपए का चेक देकर सौदा रद्द कर दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
5. नवरात्रि पर शराब का लंगर, दरबार के बाहर बेंच पर रखी बोतलें

फरीदकोट में कोटकपूरा के गांव मरहाना में चैत्र नवरात्रि के दौरान एक अनोखी परंपरा देखने को मिली, जहां बाबा काला महर के यादगार मेले में शराब का लंगर लगाया गया। दरबार के बाहर बेंचों पर देसी और अंग्रेजी शराब की बोतलें सजाकर श्रद्धालुओं को प्रसाद के रूप में शराब परोसी गई। मान्यता के अनुसार, यहां भक्त बाबा को शराब चढ़ाते हैं और उसी को लंगर के रूप में बांटते हैं।
दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालु अपनी मनोकामनाएं पूरी होने की अरदास लेकर पहुंचते हैं। इनमें नवविवाहित जोड़े संतान प्राप्ति की कामना लेकर यहां आते हैं और शराब चढ़ाकर मुराद मांगते हैं। स्थानीय मान्यताओं के मुताबिक, बाबा काला महर के पूर्वज गजनी से आए थे और उनकी आस्था से जुड़ी यह परंपरा लंबे समय से चली आ रही है।
बाबा काला माहिर के धार्मिक स्थान की प्रबंधक कमेटी के प्रधान परमजीत सिंह ने बताया कि हर साल ही मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है। इस स्थान के प्रति संधू गोत्र के लोगों की गहरी आस्था जुड़ी हुई है और यहां पर अपनी मुरादें पूरी करने के लिए लोग अरदास करने पहुंचते हैं। मुराद पूरी होने पर शुकराना करने भी आते हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
6. CM बोले- राजस्थान से पानी की रॉयल्टी पर कोर्ट जाएंगे, चोर कभी नहीं कहता कि उसने चोरी की

पंजाब-हरियाणा के बीच SYL विवाद अभी कोर्ट में चल रहा है, वहीं अब पंजाब और राजस्थान के बीच पानी की रॉयल्टी को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। राजस्थान सरकार द्वारा रॉयल्टी को लेकर इनकार के बयान पर पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान का कहना है कि वे इस मामले को लेकर कोर्ट जाएंगे।
कोर्ट में जाकर राजस्थान अपना पक्ष रखे। जो भी बताना है, वहां पर जाकर बता दे। हालांकि, उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि चोर कभी नहीं कहता कि वह चोर है। लेकिन बाद में सारी बात कबूल लेता है। शुक्रवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान CM मान से पूछा गया था कि राजस्थान अब पानी की रॉयल्टी देने से इनकार कर रहा है।
इस पर मुख्यमंत्री ने जवाब देते हुए कहा- पहले तो वह ऐतराज ही करेंगे। चोरी करने के बाद कोई व्यक्ति नहीं कहता कि मैंने चोरी की है। वह तो बाद में मनवाना पड़ता है। पकड़ा तो वह ट्रांसफार्मर से तेल चोरी के आरोप में जाता है। लेकिन बाद में 14-15 मोटरें चोरी करने और दो-चार मोटरसाइकिल चोरी करने की बात कबूल लेता है। उसी तरह हम कोर्ट केस लड़ेंगे। जो भी कहना है, कोर्ट में कह दें। (पढ़ें पूरी खबर)
विदेश से
7. कनाडा में फर्जी पंजाबी अरेस्ट, लेडी डॉक्टरों से प्राइवेट पार्ट टच करवा भाग जाता

कनाडा में युवक के फर्जी पंजाबी नाम से लेडी डॉक्टरों के साथ अश्लील हरकतें करने के मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस युवक को दिसंबर महीने में अरेस्ट किया था। मगर, वह सुर्खियों में तब आया, जब उसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर ट्रोल किया जाने लगा। कनाडा की पील रीजनल पुलिस के मुताबिक आरोपी प्राइवेट पार्ट में बीमारी के बहाने अस्पताल में जाता।
वहां लेडी डॉक्टर से मिलता और क्लिनिक जाकर सारे कपड़े उतार देता। फिर लेडी डॉक्टर को प्राइवेट पार्ट छूने को कहता। जिससे पता चलता कि उसे कोई बीमारी नहीं है। पोल खुलते ही वह वहां से भाग जाता। ऐसा एक-दो नहीं। लेकिन उसने कई लेडी डॉक्टरों के साथ किया।
तब किसी लेडी डॉक्टर ने उसकी शिकायत कर दी तो पूरे मामले का खुलासा हुआ। अब वैभव से आकाशदीप सिंह बने आरोपी युवक को डिपोर्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। पुलिस लेडी डॉक्टरों से सामने आने की अपील कर रही है। कनाडा की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर रूबी भसीन ने भी 15 मार्च को वीडियो पोस्ट कर डॉक्टरों से सामने आने की अपील की है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. ASI ने महिला को बाल पकड़ घसीटा, बेटे ने एएसआई को जड़ा थप्पड़

जालंधर में झगड़े के एक मामले में आरोपी को पकड़ने गई पुलिस और परिवार के बीच विवाद हो गया। मामला इतना बढ़ गया कि मौके पर मौजूद ASI ने युवक की पीठ पर मुक्के मार दिए। वहीं हंगामे के दौरान ASI आरोपी की मां को घर के अंदर से बाल पकड़कर बाहर घसीटते हुए ले आया।
बताया जा रहा है कि जब ASI महिला को गली में बालों से पकड़कर गाड़ी में बैठाने लगा, तो महिला के बेटे ने पुलिसकर्मी को थप्पड़ मार दिया। करीब 10 मिनट तक चले इस हाईवोल्टेज हंगामे के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस के खिलाफ रोष जताया। लोगों का आरोप है कि बिना लेडी पुलिसकर्मी के महिला के साथ गलत व्यवहार किया गया।
पुलिस के अनुसार, टीम पुराने झगड़े के एक केस में युवक को पकड़ने के लिए मौके पर पहुंची थी। थाना प्रभारी राजिंदर कुमार ने बताया कि वह उस समय ड्यूटी पर नहीं थे और उन्हें बाद में मामले की जानकारी मिली। इस मामले में ADCP ने ACP से जांच रिपोर्ट तलब कर ली है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. चंडीगढ़ में पत्थरबाजी-हाथापाई, जमकर लात-घूंसे चले

चंडीगढ़ में दो लोगों के बीच सड़क पर मारपीट और पत्थरबाजी हो गई। इसका वीडियो भी सामने आया है। जिसमें दिख रहा है कि दो व्यक्ति आपस में झगड़ रहे हैं। एक ने ब्लैक जैकेट पहनी हुई है, जबकि दूसरा कुर्ता-पायजामा में नजर आ रहा है। शुरुआत में ब्लैक जैकेट पहने व्यक्ति पत्थर उठाकर कुर्ता-पायजामा पहने व्यक्ति पर फेंकता है।
इसके बाद दूसरा व्यक्ति भी पास पड़ा बड़ा पत्थर उठाकर उस पर हमला करता है, हालांकि सामने वाला व्यक्ति बाल-बाल बच जाता है। पत्थर टूटने के बाद दोनों फिर छोटे-छोटे टुकड़े उठाकर एक-दूसरे पर फेंकने लगते हैं। इसी दौरान आसपास मौजूद लोग मौके पर रुककर दोनों को समझाते हैं। लेकिन कुछ देर बाद दोनों फिर से झगड़ा शुरू कर देते हैं।
इसके बाद मामला और बढ़ जाता है और दोनों एक-दूसरे पर लात-घूंसे बरसाने लगते हैं। घटना सेक्टर-22 स्थित लाइट पॉइंट की है। इस मामले को लेकर चंडीगढ़ पुलिस के डीएसपी दलबीर ने कहा कि इस मामले में पुलिस को किसी ने शिकायत नहीं दी है। फिर भी अगर वीडियो वायरल हो रहा है, तो जांच करवाएंगे। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर हटके…
10. स्नैपचैट पर प्यार, प्रेमी से मिलने 1500km दूर लुधियाना पहुंची लड़की

मध्यप्रदेश की एक नाबालिग लड़की स्नैपचैट पर हुए प्यार के चक्कर में 1500KM दूर लुधियाना पहुंच गई। वह लुधियाना रेलवे स्टेशन पहुंची। यहां किसी के मोबाइल से प्रेमी से संपर्क किया। फिर प्रेमी उसे अपने साथ ले गया। करीब 4 महीने तक वह उसके साथ भी रही। उधर, MP में परिवार ने बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करवा दी।
जिसके बाद मध्यप्रदेश पुलिस ने करीब एक हफ्ते पहले उसे लुधियाना में ट्रेस किया और दोनों को पकड़कर ले गई। इसके बाद इस पूरे मामले का लुधियाना में खुलासा हुआ। हालांकि पुलिस ने जब उसे कोर्ट में पेश किया तो लड़की ने कोर्ट में कहा कि मैं जब गई थी तब नाबालिग थी। लेकिन अब बालिग हो चुकी हूं। युवक मेरा फ्रेंड है। इसने मेरे साथ कुछ गलत नहीं किया। मुझे अलग रूम में रखा।
लड़की के बयान के बाद कोर्ट ने युवक को छोड़ने के आदेश दिए। पुलिस ने युवक को मध्यप्रदेश से वापस भेज दिया। जबकि लड़की को उसके परिवार के हवाले कर दिया। युवक का नाम सचिन झा है। वह लुधियाना में एक फैक्ट्री में काम करता है (पढ़ें पूरी खबर)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: नवरात्रि पर शराब का लंगर; प्रीमियम पेट्रोल के रेट बढ़े; लेडी डॉक्टरों को प्राइवेट पार्ट दिखाने वाला अरेस्ट – Punjab News

