[ad_1]
हरियाणा में 18 -45 आयु वर्ग के युवाओं में हार्ट अटैक से मौतों के पांच साल के आंकड़े गंभीर चेतावनी दे रहे हैं। 2020 से 2025 के बीच कुल 17582 मौतें दर्ज हुईं, जिनमें 2025 सबसे घातक साल बनकर सामने आया। साल 2020 में 2394 लोगों की मौत हुई थी जबकि 2025 में 3255 लोगों की हार्ट अटैक से मौत हुई थी। स्वास्थ्य विभाग ने यह जानकारी विधायक विनेश फोगाट के पूछे सवाल पर सदन में दी।
कांग्रेस विधायक विनेश फोगाट ने पूछा कि वर्ष 2020 में कोरोना काल की शुरुआत से लेकर आज तक राज्य में 18 से 45 वर्ष के आयु वर्ग के कितने युवाओं की हार्ट अटैक से मौत हुई है। साथ यह भी पूछा कि इस बारे में कोई अध्ययन किया गया है कि इन मौतों का कोविड या टीकाकरण से कोई संबंध है। इस बारे में हरियाणा सरकार की सदन के पटल में पांच साल का ब्यौरा रखा गया है।
इसके मुताबिक 2020 में हार्ट अटैक के कारण 18 से 45 वर्ष की आयु के 2394 लोगों की मौत हुई है। 2021 में कुल 3188, वर्ष 2022 में 2796, 2023 में 2886, 2024 में 3063, 2025 में 3255 युवाओं की हार्ट अटैक से मौत हुई है। वहीं, जनवरी में 391 युवाओं की हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। विनेश फोगाट के सवाल पर सरकार ने कहा कि इन मौतों का कोरोना टीकाकरण से कोई संबंध है। ऐसे में किसी प्रकार का सर्वे कराने की भी जरूरत नहीं पड़ी।
यमुनानगर, सिरसा में मौत के आंकड़े ज्यादा
जिला-वार विश्लेषण में यमुना नगर सबसे ज्यादा प्रभावित जिला बनकर उभरा है। 2020 में 387 मौतों से शुरू होकर 2025 में यह आंकड़ा 389 तक बना रहा। वहीं, सिरसा में 2020 में 213 और 2025 में 331 मौतें हुईं। फतेहाबाद में 2020 में 214 और 2025 में 270 मौतें दर्ज की गई हैं।
[ad_2]
हरियाणा का दिल कमजोर: 5 साल में हार्ट अटैक से इतने युवाओं की मौत, डराने वाली है स्वास्थ्य विभाग की रिपोर्ट


