Punjab: आतंकी हमले की साजिश नाकाम, हैंड ग्रेनेड समेत दो गिरफ्तार, पाकिस्तान से भेजा गया था धमाके का सामान Chandigarh News Updates

[ad_1]

पंजाब में बड़े आतंकी हमले की साजिश को काउंटर इंटेलिजेंस ने समय रहते नाकाम कर दिया। बठिंडा यूनिट ने मोगा-फिरोजपुर रोड पर कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को पाकिस्तान से आए दो हैंड ग्रेनेड समेत गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, इन ग्रेनेड का इस्तेमाल राज्य में विस्फोट के लिए किया जाना था।

जांच में सामने आया है कि पहले पकड़े गए आरोपी गुरप्रीत सिंह उर्फ गोपू के पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई से जुड़े हैंडलर्स से संपर्क थे। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों की जानकारी दी जिसके बाद काउंटर इंटेलिजेंस ने जाल बिछाकर बूटा सिंह (फिरोजपुर) और हरिमंदिर सिंह उर्फ निक्का (मोगा) को डिलीवरी से पहले काबू कर लिया। 

दोनों हैंड ग्रेनेड पाकिस्तान से भेजे गए बताए जा रहे हैं। थाना काउंटर इंटेलिजेंस फाजिल्का में आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उनसे पूछताछ जारी है। एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में लगातार छापे मार रही हैं। 

सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में यह साफ हुआ है कि आरोपी पंजाब में अस्थिरता फैलाने के मकसद से बड़ी साजिश को अंजाम देने की तैयारी में थे। कुछ माह पहले भी फाजिल्का क्षेत्र में दो चचेरे भाइयों को हैंड ग्रेनेड के साथ गिरफ्तार किया गया था जिससे सीमा पार से हथियारों की लगातार सप्लाई की आशंका और गहरा गई है।

टारगेट पर सस्पेंस, पूछताछ जारी

पंजाब में प्रस्तावित विस्फोट के सटीक टारगेट को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं हो पाई है। सुरक्षा एजेंसियां गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर संभावित निशानों की जानकारी जुटा रही हैं। आशंका है कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, धार्मिक स्थलों या अहम संस्थानों को निशाना बनाया जा सकता था। पुलिस नेटवर्क के अन्य कड़ियों की भी तलाश में जुटी है।

ड्रोन से सप्लाई, फिरोजपुर बना रूट

जांच में सामने आया है कि हैंड ग्रेनेड पाकिस्तान से ड्रोन के जरिये फिरोजपुर सेक्टर में गिराए गए थे। यहीं से आरोपी इन्हें उठाकर आगे सप्लाई करने की तैयारी में थे। डिलीवरी का नेटवर्क पहले से सक्रिय था और तय लोकेशन पर ग्रेनेड पहुंचाने की योजना थी। पुलिस अब ड्रोन रूट और रिसीविंग मॉड्यूल की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

[ad_2]
Punjab: आतंकी हमले की साजिश नाकाम, हैंड ग्रेनेड समेत दो गिरफ्तार, पाकिस्तान से भेजा गया था धमाके का सामान