[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर गैस संकट से जुड़ी रही। बरनाला में लाइन में खड़े व्यक्ति की अचानक मौत हो गई। लुधियाना में भगदड़ मच गई। वहीं अमृतसर में गैस एजेंसी मैनेजर और ग्राहक भिड़ गए।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. सिलेंडर के लिए भगदड़, लाइन में लगे कस्टमर की मौत
अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रही जंग का पंजाब- चंडीगढ़ में गहरा असर हुआ है। यहां गैस सिलेंडर के लिए लोगों को कई घंटे तक लाइनों में लगना पड़ रहा है। 2 दिन पहले तक केवल कॉमर्शियल सिलेंडरों की डिलीवरी बंद हुई थी, लेकिन अब घरेलू गैस भी नहीं मिल रही।
लुधियाना में शेरपुर में लोगों ने धरना लगा दिया। इसके बाद एजेंसी मालिक ने एक छोटी गाड़ी भेज दी। जिसके बाद लोग सिलेंडर लिए दौड़ लगाते हुए दिखे। वहीं पुलिस से भी लोगों की बहस हुई। शांति नगर में एक व्यक्ति का सिलेंडर लूट लिया।
बरनाला के गांव शैहना में सिलेंडर लेने के लिए लाइन में भूषण कुमार मित्तल (66) की हार्ट अटैक से मौत हो गई। उनका उनका नंबर 25वां था। वे दो घंटे लाइन में खड़े रहे, फिर अचानक गिर पड़े।
वहीं अमृतसर में सुबह इस्लामाबाद में देश भगत गैस एजेंसी पर मैनेजर और ग्राहक मनोज के बीच सिलेंडर को लेकर झड़प हो गई। वहीं सिलेंडर न मिलने पर बुजुर्ग महिला रो पड़ी। जालंधर में इंडेन उपभोक्ता अरुण ने बताया कि सिलेंडर डिलीवर का मैसेज आया, लेकिन सिलेंडर नहीं दिया गया। चंडीगढ़ में भी लाइनें लगी हुई हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
2. मोहाली में गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग, पिकअप पकड़ी

मोहाली के डेराबस्सी में LPG गैस सिलेंडरों की ब्लैक मार्केटिंग शुरू हो गई है। स्थानीय लोगों ने सिलेंडरों से भरी महिंद्रा पिकअप वाहन को पकड़ा, जिसमें कई सिलेंडरों की सील टूटी हुई मिली।
लोगों का आरोप है कि गैस एजेंसी के कर्मचारी सिलेंडरों से गैस निकालकर उसे खाली सिलेंडरों में भरकर ब्लैक में बेच रहे थे। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह घटना शुक्रवार को डेराबस्सी इलाके में हुई।
पिछले कुछ दिनों से डेराबस्सी, जीरकपुर और आसपास के इलाकों में एलपीजी गैस सिलेंडरों की कमी है। उपभोक्ताओं को गैस एजेंसियों के बाहर लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है और कई बार उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ता है।
वहीं, प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जाएगी। यदि कोई दोषी पाया जाता है, तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)
3. केजरीवाल बोले- चांद पर जब बसेंगे तो पहले पंजाबी ढाबा खुलेगा

प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट मोहाली में शुरू हो गई है। सीएम मान ने समिट का उद्घाटन किया। इस दौरान अरविंद केजरीवाल भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि यह मेहनतकश लोगों की धरती है। यहां के किसानों ने जब-जब देश में अनाज का संकट आया है, उन्होंने अपनी मेहनत से अन्न मुहैया करवाया। पंजाब देशभक्तों की धरती है। स्वतंत्रता संग्राम में कुर्बानी देने वाले पंजाबी थे। आज भी देश फौज में सबसे ज्यादा पंजाबी हैं।
उन्होंने कहा कि पंजाब एंटरप्रेन्योर की धरती है। यहां के लोग बिजनेसमैन हैं। यहां के खून में एंटरप्रेन्योरशिप है। यहां बच्चा पैदा होते ही यह सोचता है कि आगे चलकर क्या करना है। एक मजाक चलता है कि कल को चांद पर मनुष्य का निवास हुआ तो वहां पर सबसे पहले पंजाबी ढाबा खुलेगा।
उन्होंने कहा कि एक समय 1980 में ऐसा था कि पंजाब प्रति व्यक्ति आय में नंबर एक पर होता था। इकोनॉमिक स्टेटस में नंबर एक पर होता था। पंजाब सबसे ज्यादा तरक्की करने वाला राज्य होता था। लेकिन पिछले 40 सालों में कुछ ऐसा हुआ कि धीरे-धीरे पंजाब 18वें स्थान पर पहुंच गया है।
अरविंद ने कहा कि इन चालीस सालों में क्या हुआ, उसके बारे में मैं नहीं जाऊंगा, क्योंकि यह राजनीतिक मंच नहीं है। लेकिन जब 2022 में हमने सरकार संभाली, उस समय इंडस्ट्री पंजाब छोड़-छोड़ कर जा रही थीं। कोई मध्य प्रदेश, कोई हिमाचल तो कोई उत्तर प्रदेश जा रहा था। पंजाब की आर्थिक स्थिति बहुत खराब थी। कर्ज बहुत ज्यादा था। हमने उस हालत में पंजाब को संभाला। (पढ़ें पूरी खबर)
4. चंडीगढ़ में थार ने बाइक सवारों को कुचला, एक की मौत

चंडीगढ़ में तेज रफ्तार थार गाड़ी ने बाइक सवारों को कुचल दिया। जिससे एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार दूसरा युवक घायल हो गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी और दोनों को इलाज के लिए सेक्टर-16 अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक की पहचान हरभजन सिंह के नाम से हुई है। मृतक के भाई कुशलेश सिंह ने बताया कि हरभजन सिंह स्विगी में पार्ट-टाइम काम करता था और साथ ही एसी रिपेयर का काम भी करता था। वह मोहाली जिले के नया गांव में किराए पर रहता था और मूल रूप से उत्तर प्रदेश के रायबरेली का रहने वाला था।
उन्होंने कहा कि थार में शराब की बोलतें थी। पुलिस ने रात कोई कार्रवाई नहीं की और हमारे साथ बदतमीजी की। डीएसपी धीरज कुमार ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। जिन पुलिसकर्मियों ने बदतमीजी की है, उनसे पूछताछ करेंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
5. जालंधर में पैसेंजर से भिड़ी रेलवे की लेडी क्लर्क

जालंधर कैंट रेलवे स्टेशन पर लेडी क्लर्क और पैसेंजर के बीच खुले पैसे को लेकर झगड़ा हो गया। टिकट लेने के बाद क्लर्क ने चेंज लाने को कहा तो पैसेंजर ने कहा कि वह कहां से लाएगा। इसको लेकर दोनों में कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि क्लर्क ने रुपए वापस कर दिए और टिकट देने से इनकार कर दिया। पैसेंजर ने इसका वीडियो बना लिया तो लेडी क्लर्क भड़क उठी। उसने रेलवे पुलिस बुलाने की धमकी दे डाली। पैसेंजर ने कहा कि रुपए देने के बावजूद उसे टिकट नहीं दिया गया। न ही यहां ऑनलाइन पेमेंट ली जा रही है।
पैसेंजर ने टिकट के लिए 200 रुपए दिए। लेडी क्लर्क ने कहा कि 50-50 रुपए के खुले लेकर आओ। मेरे पास लौटाने के लिए छुट्टे नहीं हैं। इस पर पैसेंजर ने कहा कि वह कहां से खुले पैसे जाएगा। यह तो आपके पास होने चाहिए। इस पर लेडी क्लर्क ने कहा कि अगर उसने उसे रुपए दे दिए तो बाकी पैसेंजर को कहां से रुपए देगी। इसको लेकर उनके बीच खूब बहस हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
6. जालंधर में निगम के रिटायर्ड सुपरिटेंडेंट ने आत्मदाह किया

जालंधर में नगर निगम के रिटायर्ड सुपरिटेंडेंट ने घर में आत्मदाह कर लिया। कर्मचारी ने शुक्रवार तड़के अपने कमरे में आग लगा दी। जिसके बाद उनके चिल्लाने की आवाज सुनकर परिवार जागा। मगर, उन्हें बचा नहीं पाया।
रिटायर्ड निगम मुलाजिम परिवार के सामने ही जिंदा जल गया। उनके परिवार में बेटा और पत्नी हैं। शुरुआती जांच में पता चला कि वह कर्जे को लेकर परेशान थे। हालांकि पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला।
विवेक ने बताया कि शुक्रवार तड़के साढ़े 4 बजे उनके कमरे में आग लगी दिखी। तब पता चला कि उन्होंने खुद ही आग लगाई है। पिता उसमें झुलसने लगे तो उनके चिल्लाने की आवाज आने लगी। आग और चीखों की आवाज सुनकर पड़ोसी जाग गए। उन्होंने शोर मचाया। जिसके बाद वह उठे और तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी।
पुलिस यह भी जांच कर रही है कि कहीं मृतक का सुसाइड नोट जल तो नहीं गया या फिर उन्होंने कोई वीडियो तो नहीं बनाया था। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भिजवा दिया गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. लुधियाना में दड्डा सट्टा पर MLA की रेड

लुधियाना में अवैध दड्डा सट्टा पर आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक अशोक पराशर पप्पी ने पुलिस के साथ रेड की। रेड की भनक लगते ही दड्डा सट्टा चलाने वाले करिंदे मौके से भागने लगे, लेकिन पुलिस ने समय रहते कुछ लोगों को काबू कर लिया।
विधायक ने भाजपा नेताओं पर इसे चलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विरोधी अकसर गलत अफवाहें फैलाते हैं। वह खुद मौके पर आकर देख सकते हैं कि वह दड्डा सट्टा और अवैध लॉटरी के खिलाफ कार्रवाई करवा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि गरीब लोगों के साथ हो रही लूट अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस को जो मोबाइल मौके से मिले हैं, उनमें से भाजपा के नेताओं के नाम और हिसाब-किताब मिले हैं।
रेड के दौरान व्यक्ति ने पुलिस को बताया कि जो लोग लॉटरी डालने आते हैं उन्हें 11 रुपए के बदले 100 रुपए देने का लालच दिया जाता है। वह खुद दिहाड़ी मजदूरी करता है और असली मालिक कोई और है। (पढ़ें पूरी खबर)
8. मोहाली में गेहूं की बोरी में मिले कीड़े, लोगों का हंगामा

मोहाली में बलटाना स्थित सरकारी राशन डिपो में लोगों ने हंगामा कर दिया। लोगों ने गेहूं में कीड़े मिलने का आरोप लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने कहा कि स्मार्ट कार्ड धारकों को दिए जा रहे गेहूं की गुणवत्ता बेहद खराब है। गरीब परिवारों को मिलने वाले राशन में लगातार लापरवाही बरती जा रही है।
मामले की सूचना मिलने के बाद संबंधित विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और लोगों की शिकायतें सुनीं। प्राथमिक जांच के बाद अधिकारियों ने तुरंत सप्लाई रोक दी। लोगों ने प्रशासन से मांग कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस संबंध में डीएफएससी वरिंदर कुमार ने बताया कि मामले को गंभीरता से लेते हुए डीएफएसओ को जांच के लिए मार्क कर दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की बनती कार्रवाई की जाएगी। (पढ़ें पूरी खबर)
9. ऑनलाइन गेम में सब-इंस्पेक्टर का बेटा 2 लाख हारा

लुधियाना में ऑनलाइन गेम में लाखों रुपए हारने के बाद गायब हुए युवक को पुलिस ने 24 घंटे के भीतर ढूंढकर परिजनों के हवाले कर दिया। युवक सब-इंस्पेक्टर का बेटा बताया जा रहा है। युवक दिल्ली से ट्रेन के जरिए लुधियाना पहुंच गया था और फील्डगंज इलाके में स्थित छोटू राम धर्मशाला में ठहरा था।
युवक धर्मेश के घर से निकलने के बाद परिवार वाले परेशान हो गए। पिता लगातार बेटे को फोन करता रहा। लेकिन युवक ने फोन नहीं उठाया। इसके बाद पिता ने बेटे की लोकेशन ट्रेस की। जिससे पता चला कि वह लुधियाना में है।
परिजनों ने तुरंत इसकी सूचना लुधियाना की कोतवाली पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई और लोकेशन के आधार पर छोटू राम धर्मशाला पहुंची। यहां से पुलिस ने युवक को काबू कर लिया।
भाई लोकेश गौतम ने बताया कि धर्मेश कुमार दिल्ली में पढ़ाई करता है और साथ ही शेयर मार्केट ट्रेडिंग भी करता था। परिवार मूल रूप से आगरा का रहने वाला है और फिलहाल दिल्ली में रह रहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
खबर जरा हटके…
बठिंडा में दूल्हा-दुल्हन पर चलती गाड़ी में नोट बरसाए

बठिंडा में दूल्हा-दुल्हन की चलती स्कॉर्पियो पर रिश्तेदारों ने बीच रोड पर नोट बरसा दिए। दूल्हा-दुल्हन जिस गाड़ी में बैठे थे, वह हरियाणा नंबर की है। जिस चलती ओपन जीप से नोट उड़ाए गए, वह पंजाब नंबर की थी। नोट उड़ाने के दौरान जीप पर बैठे युवक हुल्लड़बाजी भी करते देखे गए।
दूल्हा-दुल्हन की गाड़ी पर बरसाए नोट वहीं उड़कर सड़क पर गिरते रहे और बारातियों की गाड़ियां बढ़ती रहीं। दूल्हा-दुल्हन की स्कॉर्पियो का नंबर HR26DR-8787 गुरुग्राम ट्रांसपोर्ट अथॉरिटी का है। वहीं ओपन जीप पर विंटेज नंबर PCV-2436 है, जिसकी रजिस्ट्रेशन का ऑनलाइन डेटा तो नहीं है लेकिन यह पंजाब नंबर माना जा रहा है।
इसी दौरान पीछे से गाड़ी में चल रहे एक अन्य व्यक्ति ने उनका वीडियो बना लिया। उसने वीडियो में कहा- देखो, नोटों की बरसात हो रही है। यह बारात जा रही है। इसमें युवक पैसे लुटा रहे हैं। इसी दौरान स्कॉर्पियो से हॉर्न बजता है। जिसके बाद युवक ओपन जीप में नीचे बैठ जाते हैं। वीडियो बनाने वाले ने इसे फिर सोशल मीडिया पर डाल दिया। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: गैस संकट- लाइन में बुजुर्ग की मौत, सिलेंडर लेकर भागी भीड़; दूल्हा-दुल्हन पर नोट बरसाए; SI का बेटा जुए में ₹2 लाख हारा – Chandigarh News


