[ad_1]
Last Updated:
फरीदाबाद में गैस सिलेंडर के लिए लोगों की लंबी कतारें लग रही हैं. सुबह 5 से 7 बजे से लोग एजेंसियों के बाहर लाइन में खड़े हैं फिर भी कई लोगों को घंटों इंतजार के बाद सिलेंडर नहीं मिल रहा. नौकरी और काम छोड़कर लोग पर्ची कटवाने के लिए मजबूर हैं जिससे आम लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं.
फरीदाबाद: फरीदाबाद में इन दिनों गैस सिलेंडर को लेकर माहौल कुछ ऐसा हो गया है कि लोग 2016 की नोटबंदी याद करने लगे हैं. सुबह-सुबह लोग शहर के अलग-अलग इलाकों से गैस एजेंसी के बाहर पहुंच रहे हैं, लंबी लाइनें लग रही हैं और हर कोई अपनी बारी का इंतजार कर रहा है. हाल ये है कि सुबह 7 बजे से जो लाइन शुरू होती है वो दोपहर 12 बजे तक भी खत्म नहीं होती. कई लोग घंटों लाइन में खड़े रहते हैं फिर भी खाली हाथ घर लौट जाते हैं. लोगों का कहना है कि अंतरराष्ट्रीय हालात और युद्ध की खबरों का असर अब यहां भी दिखने लगा है इसी वजह से अचानक इतनी भीड़ बढ़ गई है.
सुबह 7 बजे से लाइन में खड़ा हूं
संतोष जो सिलेंडर लेने आए थे, ने बताया मैं सुबह 7 बजे से लाइन में खड़ा हूं. पहले तो बुकिंग करते ही सिलेंडर मिल जाता था अब तो पर्ची कटवाने का झंझट शुरू हो गया है. इसी चक्कर में मेरा सिलेंडर घर पर खत्म हो गया. संतोष की जूस की दुकान है रोज करीब 4000 रुपये की कमाई हो जाती है, लेकिन आज दुकान बंद करके लाइन में लगना पड़ा जिससे कमाई भी गई. वो कहते हैं सुबह से खड़ा हूं अब तो पत्नी को भी लाइन में भेजना पड़ा है पता नहीं सिलेंडर मिलेगा भी या नहीं.
लाइन में खड़ी कीट्टू ने बताया मैं सुबह 11 बजे से लाइन में हूं. इससे पहले मेरे पति लाइन में थे. नौकरी करती हूं काम छोड़कर आना पड़ा. रजनी भी नौकरी करती हैं आज छुट्टी लेकर आई हैं लेकिन सुबह से लाइन में खड़ी रहने के बाद भी नंबर नहीं आया.
सिलेंडर मिलेगा या नहीं, पता नहीं
सुभाष कॉलोनी की अनीता सुबह 9 बजे से लाइन में खड़ी हैं दोपहर हो गई लेकिन सिलेंडर नहीं मिला. आदर्श नगर की रितु भी 9 बजे से लगी हैं छोटे बच्चों को घर पर छोड़कर आई हैं. वो कहती हैं पहले पर्ची कटेगी उसके बाद ही पता चलेगा सिलेंडर मिलेगा या नहीं.
मीरा शर्मा करीब दो घंटे से लाइन में हैं और बताती हैं कि सुबह 5 बजे से ही भीड़ लग गई थी. राहुल ने बताया कि नाइट ड्यूटी करके सीधा यहां आना पड़ा अगर 12 बजे तक पर्ची नहीं कटी तो फिर कल फिर आना पड़ेगा.
बल्लभगढ़ के जाजरू गांव से आए सौरव का हाल तो और खराब है उनका एक्सीडेंट हुआ है फिर भी दो घंटे से लाइन में खड़े हैं लेकिन लाइन बहुत धीरे बढ़ रही है. राजीव कॉलोनी के विनोद कुमार का भी यही हाल है सुबह 9 बजे से लाइन में हूं अभी तक पर्ची भी नहीं कटी. अगर आज पर्ची कट गई तो कल फिर सिलेंडर लेने आना पड़ेगा. लगातार बढ़ती भीड़ और लंबी लाइनें लोगों की मुश्किलें और बढ़ा रही हैं.
About the Author
विवेक कुमार एक सीनियर जर्नलिस्ट हैं, जिन्हें मीडिया में 10 साल का अनुभव है. वर्तमान में न्यूज 18 हिंदी के साथ जुड़े हैं और हरियाणा, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की लोकल खबरों पर नजर रहती है. इसके अलावा इन्हें देश-…और पढ़ें
[ad_2]



