[ad_1]
कुरुक्षेत्र/लाडवा। लाडवा के पास बुधवार देर शाम हुए एक सड़क हादसे में अग्निवीर सैनिक आर्यन और उनकी इकलौती चचेरी बहन कनिका की मौके पर मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 13 वर्षीय चचेरे भाई अभि को कुरुक्षेत्र के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
आर्यन (22) बुआ के भात में शामिल होने के लिए चार दिन पहले छुट्टी पर लौटा था, जो बुधवार को अपने छोटे चचेरे भाई व बहन के साथ पड़ोसी की शादी के लाडवा में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होकर घर लौट रहे थे। लाठी धनौरा से जैनपुर जाटान के बीच कार का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे खड़े पेड़ से जा टकराई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने तुरंत उन्हें लाडवा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने आर्यन और कनिका को मृत घोषित कर दिया। घायल अभि की नाजुक हालत को देखते हुए कुरुक्षेत्र रेफर किया गया है।
एक ही परिवार में दो बच्चों की मौत से पूरे बडौदा गांव में सन्नाटा पसर गया। परिवार और ग्रामीणों ने कहा कि वह परिवार का सहारा था। हादसे के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।
अभि के माता पिता ऑस्ट्रेलिया में, आर्यन दो साल पहले हुए थे भर्ती
मृतक आर्यन के पिता अनिल ने बताया कि वे दो साल पहले ही सेना में भर्ती हुए थे। पूरे परिवार को उससे काफी आस थी। वहीं उनकी भतीजी अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी। उनका भाई बिजली निगम में कार्यरत हैं। घायल भतीजा अभि उनके पास ही रहता था। उसके माता-पिता अभी ऑस्ट्रेलिया में रह रहे हैं।
[ad_2]
Kurukshetra News: शादी समारोह से लौट रहे अग्निवीर चचेरी बहन की सड़क हादसे में माैत




