[ad_1]
कुरुक्षेत्र। उत्तर रेलवे की ओर से दिल्ली से अंबाला रेलखंड पर विकास कार्य के कारण लगभग एक सप्ताह तक रेल यातायात प्रभावित रहेगा। रेलवे प्रशासन के अनुसार शाहाबाद और मोहड़ी रेलवे स्टेशनों पर लूप लाइनों के विस्तार और नए इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग (ईआई) पैनल लगाने का कार्य किया जाना है। इसके लिए रेलवे बोर्ड ने बिजली और यातायात कटौती की अनुमति दे दी है। यह कटौती 31 मई से 6 जून तक लागू रहेगी। इस दौरान कई ट्रेनों की आवाजाही पर असर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों की सुविधा के लिए पहले ही ट्रेन संचालन में बदलाव की सूचना जारी कर दी है।
इस अवधि में 22 ट्रेनें पूरी तरह रद्द रहेंगी, जबकि तीन ट्रेनों को बीच मार्ग में ही रोक दिया जाएगा। इसके अलावा 29 ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया जाएगा और आठ ट्रेनों का समय पुनर्निर्धारित किया गया है। वहीं 20 ट्रेनें नियमित रूप से चलती रहेंगी।
रेलवे के अनुसार 30 और 31 मई से 5 जून तक प्री-नॉन इंटरलॉकिंग कार्य किया जाएगा, जबकि 6 जून को नॉन-इंटरलॉकिंग (कमीशनिंग) की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इस तकनीकी कार्य के दौरान सिग्नलिंग सिस्टम में बड़े स्तर पर बदलाव किए जाएंगे जिसके कारण रेल यातायात अस्थायी रूप से प्रभावित रहेगा।
ये ट्रेनें रहेंगी प्रभावित
दिल्ली-दौलतपुर चौक एक्सप्रेस (14053), रायपुर हरियाणा-अंबाला-अंदाउरा एमईएमयू (64563), अंबाला-कुरुक्षेत्र एमईएमयू (64482), अंबाला-पानीपत एमईएमयू (64532), नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा स्पेशल (04081), अजमेर-चंडीगढ़ एक्सप्रेस (12983) और चंडीगढ़-अजमेर एक्सप्रेस (12984) सहित 22 ट्रेनों की लगभग 90 ट्रिप रद्द रहेंगी।
6 जून को चंडीगढ़-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस (12046), नई दिल्ली-चंडीगढ़ शताब्दी एक्सप्रेस (12045), अमृतसर-दिल्ली एक्सप्रेस (14680) और दिल्ली-अमृतसर एक्सप्रेस (14679) भी रद्द रहेंगी।
ट्रैक पर किया जाएगा इंटरलॉकिंग कार्य : शंकर मीणा
स्टेशन मास्टर शंकर लाला मीणा ने बताया कि शाहाबाद और मोहड़ी स्टेशन पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 31 मई से 6 जून तक काम किया जाएगा। ऐसे में 22 ट्रेनें रद्द रहेंगी। रेल संचालन को सुरक्षित और सुचारू बनाने के उद्देश्य से ट्रैक पर काम किया जाएगा।
[ad_2]
Kurukshetra News: शाहाबाद और मोहरी स्टेशनों पर इलेक्ट्रॉनिक इंटरलॉकिंग कार्य के कारण 31 मई से 6 जून तक 22 ट्रेनें रहेंगी रद्द




