[ad_1]
.
पंजाब में आज की सबसे बड़ी खबर AAP सरकार के बजट की रही। वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने विधानसभा में 2 लाख 60 हजार 437 करोड़ रुपए का बजट पेश किया, जिसमें महिलाओं को हर महीने 1000 रुपए देने का ऐलान किया गया है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. पंजाब का 2.60 लाख करोड़ का बजट पेश, महिलाओं को ₹1000 महीना मिलेगा
पंजाब के वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने रविवार (8 मार्च) को 2,60,437 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। ढाई घंटे से ज्यादा के बजट भाषण में चीमा ने महिलाओं, किसानों, शिक्षा, हेल्थ सेक्टर में कई घोषणाए कीं। उन्होंने कहा कि ये बजट मां-बेटियों को समर्पित है। इस दौरान महिलाओं के लिए एक हजार रुपए महीना देने की स्कीम मावां-धीयां सत्कार योजना लॉन्च की।
वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने कहा कि 18 साल से बड़ी हर उम्र की महिला को 1 हजार रुपए महीना मिलेंगे। हालांकि इस योजना में SC वर्ग की महिलाओं को 1500 रुपए महीने दिए जाएंगे। इसमें 97% महिलाएं कवर होंगी। 9300 करोड़ का फंड रखा गया है।
हरियाणा सरकार पर तंज कसते हुए चीमा ने कहा कि हरियाणा ने इनकम की लिमिट लगा दी, जिससे सिर्फ 20% महिलाओं को लाभ मिला। मगर, हम जुमलेबाजी नहीं करते। इसके साथ ड्रग और सामाजिक-आर्थिक जनगणना अप्रैल 2026 से शुरू होगी, जिसके लिए ₹100 करोड़ का बजट रखा गया है।
इसके अलावा शिक्षा क्षेत्र पर ₹19,279 करोड़ खर्च किए जाएंगे। सेहत पर ₹6,879 करोड़ रुपए खर्च होंगे। कृषि और इससे जुड़े क्षेत्रों के लिए ₹15,377 करोड़ का बजट रखा गया है। विधायक निधी को बढ़ा कर अब डबल कर दिया गया है। रोजगार और स्किल डेवलपमेंट से जुड़ी पहलों के लिए ₹287 करोड़ का बजट रखा गया है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. 8 महीने पहले मंत्री बने अरोड़ा को सबसे ज्यादा बजट, CM को ₹12 हजार करोड़ मिले

पंजाब की CM भगवंत मान की अगुआई वाली AAP सरकार ने साल 2026-27 के लिए करीब 2 लाख 60 हजार 437 करोड़ का बजट पेश किया है। पिछले बजट 2025-26 (2.36 लाख करोड़) की तुलना में लगभग 24 हजार करोड़ की बढ़ोतरी की गई है। वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने बिजली सब्सिडी, खेती, सामाजिक सुरक्षा और बुनियादी ढांचे पर खर्च बढ़ाया है।
सरकार ने आर्थिक गतिविधियों, ग्रामीण विकास और सामाजिक कल्याण से जुड़े मंत्रालयों को प्राथमिकता दी है। मंत्रियों के विभागों के हिसाब से 8 महीने पहले (3 जुलाई 2025) को मंत्री बने संजीव अरोड़ा के विभागों को सबसे ज्यादा बजट मिला। इनके मंत्रालयों को 17 हजार 435 करोड़ मिले हैं। इसमें बिजली के लिए ही 8 हजार करोड़ रखे गए हैं।
बजट में दूसरी बड़ी राशि कृषि एवं किसान कल्याण विभाग को मिली है। मंत्री गुरमीत सिंह खुड्डियां के पास ये डिपार्टमेंट है। इस विभाग के लिए करीब 15 हजार 350 करोड़ का प्रावधान रखा गया है। तीसरी बड़ी राशि 12 हजार 961 करोड़ रुपए CM मान के विभागों को मिली है। इनके पास होम, विजिलेंस, जन्संपर्क और सामान्य प्रशासन विभाग हैं।
इसी तरह सामाजिक सुरक्षा और महिला-बाल विकास जैसे बड़े कल्याणकारी विभाग, जिन्हें कैबिनेट मंत्री बलजीत कौर संभाल रही हैं, उनके लिए 9 हजार 400 करोड़ का बजट निर्धारित किया गया है।(पढ़ें पूरी खबर)
3. स्पीकर बोले- सास-बहू नहीं लड़ेंगी, वित्तमंत्री की स्पीच रोक मंत्री खुद बोलने लगे

पंजाब में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले AAP सरकार के वित्तमंत्री हरपाल चीमा ने 2 लाख 60 हजार 437 करोड़ रुपए का बजट पेश किया। बजट पेश करने के दौरान कई रोचक मोमेंट्स देखने को मिले।
वित्तमंत्री ने महिलाओं के लिए 1 हजार रुपए महीना देने का ऐलान किया तो स्पीकर कुलतार संधवां बोले- मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार स्कीम से अब घरों में सास-बहू की लड़ाई कम होगी।
इससे पहले स्पीकर ने बजट भाषण के बीच में चीमा को कई बार टोका और कहा कि आप पानी पी लो। वहीं, एक बार टैब की स्क्रीन पर हाथ लगने से स्पीच के पन्ने आगे-पीछे हो गए। इस पर 1 मिनट तक वित्तमंत्री की स्पीच रुकी रही। वहीं, मंत्री अमन अरोड़ा ने भी एक बार वित्तमंत्री की स्पीच रोकी और खुद बोलने लग गए। उन्होंने कहा कि चीमा साहब आज सब को खुश कर रहे हैं।
चीमा ने इस बार बंद गले का सूट पहना हुआ है। इससे पहले वित्तमंत्री चीमा ने 2 बजट कुर्ता पजामा और हाफ जैकेट पहनकर पेश किए। उसके बाद 2 बजट बंद गला सूट पहनकर पेश किए। इतना जरूर है कि उन्होंने अपनी पगड़ी और सूट के कलर को हर साल बदला है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. मोमोज-चाप खाने के बाद भाई-बहन की मौत

तरनतारन में आज सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में भाई-बहन की मौत हो गई। दोनों बच्चों ने कल शाम को मोमोज और चाप खाया था। इसके बाद रात में अचानक तबीयत बिगड़ी। परिजन उन्हें अस्पताल ले गए, लेकिन वहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ।
घटना शहर की डीएसपी वाली गली में हुई। मृतक बच्चों की पहचान 6 वर्षीय आरव और 9 वर्षीय दानिका के नाम से हुई है। परिजनों का कहना है कि शाम को बच्चे कुछ खाने की जिद करने लगे।
परिजनों ने कहा कि पिता विशाल 7 से 8 बजे के बीच में एक रेहड़ी से मोमोज और चाप लेकर घर पर आए थे। दोनों ने घर पर रात करीब 8 बजे चाप खाए। 10 बजे के आसपास उनकी तबीयत खराब हो गई। कुछ परिजनों ने उन्हें संभालने का प्रयास किया, लेकिन उनकी हालत बिगड़ती चली गई और अंततः दोनों की मौत हो गई। (पढ़ें पूरी खबर)
5. PAK गई पंजाबी महिला बोली- ब्लैकमेल कर निकाह किया, मुझे भारत भिजवा दो

पाकिस्तान जाकर मुस्लिम व्यक्ति से निकाह करने वाली पंजाबी महिला सरबजीत कौर ने पति करनैल सिंह और एडवोकेट अली चंगेजी संधू से संपर्क किया। उसने भारत वापस लौटने की इच्छा जताई। एडवोकेट संधू ने कहा कि सरबजीत कौर ने बताया है कि वह पाकिस्तान में बेहद कठिन परिस्थितियों से गुजर रही है और नासिर हुसैन उसे लगातार प्रताड़ित कर रहा है। बातचीत के दौरान वह भावुक हो गईं और रोते हुए अपनी आपबीती साझा की।
सरबजीत कौर ने खुलासा किया कि वह पाकिस्तान इसलिए आई थी ताकि नासिर हुसैन के पास मौजूद उसकी आपत्तिजनक तस्वीरें और वीडियो हटवाए जा सकें। लेकिन नासिर हुसैन ने उन तस्वीरों और वीडियो का इस्तेमाल उसे ब्लैकमेल करने के लिए किया। उस पर जबरन धर्म परिवर्तन करने का दबाव बनाया गया।
सरबजीत कौर ने कहा कि वह लाहौर हाईकोर्ट में चल रही एक याचिका की सुनवाई के दौरान अपना बयान दर्ज कराएगी। जब 6 मार्च की सुबह लगभग 7 बजे एक टैक्सी उसे लेने के लिए नासिर हुसैन के घर पहुंची, तो नासिर और उसके परिवार के सदस्यों ने उसे अदालत जाने से रोक दिया। परिवार ने कहा कि अगर वह अदालत गई तो इससे परेशानी खड़ी हो सकती है।
सरबजीत कौर ने यह भी कहा कि वह नासिर हुसैन, उसकी पहली पत्नी और उसकी बेटी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करना चाहती है। सरबजीत कौर से बातचीत का वीडियो एडवोकेट अली ने जारी किया। 5 मार्च को दोनों के बीच बात हुई थी। लेकिन एडवोकेट ने वीडियो अब जारी किया। सरबजीत कौर नंबवर 2025 को सिख जत्थे के साथ पाकिस्तान चली गई थी, फिर पास नहीं लौटी (पढ़ें पूरी खबर)
6. नैन्सी ग्रेवाल हत्याकांड, कनाडाई सिख-हिंदू गुस्से में

पंजाबी यूट्यूबर नैन्सी ग्रेवाल की हत्या के बाद कनाडा में खालिस्तान समर्थकों का विरोध बढ़ गया है। कनाडाई डेमोक्रेट्स, स्थानीय हिंदू और सिख ऑर्गेनाइजेशन के साथ राजनेताओं ने खालिस्तानियों को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर रोष जताया।
उन्होंने लिखा- नैन्सी अच्छी इंसान थी। अब 3 मार्च को एंटी खालिस्तान डे के तौर पर मनाया करेंगे। इसी दिन नैन्सी की चाकू से 18 बार वार और जीभ काटकर हत्या की गई थी।
विंडसर वेस्ट के सांसद हर्ब गिल ने भी कहा है- लासाल और पूरे विंडसर-एसेक्स के कई लोगों की तरह मुझे भी नैन्सी ग्रेवाल की मौत का दुख है। नैन्सी सोशल मीडिया की दुनिया में एक जानी-मानी आवाज थीं और सोशल मीडिया की पोस्टों ने यह साफ कर दिया कि दुनिया भर में बहुत से लोग उनके विचारों को फॉलो करते थे।
इधर, नैन्सी ग्रेवाल की मां आज कनाडा पहुंच जाएंगी और डेडबॉडी लेने के लिए फार्मेलिटीज पूरी करेंगी। बता दें कि कनाडा के विंडसर में रहने वाली नैन्सी ग्रेवाल की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। नैन्सी खालिस्तानी मूवमेंट के खिलाफ सोशल मीडिया पर बोलती थीं। उनकी मौत ने कनाडा की राजनीति और पुलिस सिस्टम पर सवाल खड़े कर दिए हैं। (पढ़ें पूरी खबर)
7. सिंगर श्रेया घोषाल ने पंजाबी गानों का मजाक उड़ाया

मशहूर बॉलीवुड सिंगर श्रेया घोषाल ने एक पॉडकास्ट में पंजाबी गानों का मजाक उड़ाया है। श्रेया ने कहा कि पंजाबी गानों में कार, बंगला और लड़कियों की बात ही होती है। इसके अलावा श्रेया घोषाल ने हाथ से इशारे कर सिंगरों के स्टाइल का भी मजाक बनाया।
श्रेया ने कहा कि ज्यादातर पॉपुलर गानों का सब्जेक्ट भी एक जैसा ही होता है। श्रेया घोषाल ने कहा- यह कहने के लिए माफ करना, लेकिन कई पंजाबी गाने हैं, जो बहुत अच्छे चल रहे हैं। उनमें वह क्या बोलते हैं, खासकर जो सॉन्ग पॉपुलर हैं। उनमें गाड़ी, बंगला, लड़की और हाथ से इशारे होते हैं। पंजाबी गानों में अक्सर धन-दौलत और अपनी ताकत का प्रदर्शन या दिखावा किया जाता है, जो आज के युवाओं के बीच बहुत प्रचलित है।
श्रेया का यह वीडियो सामने आते ही वह पंजाबियों के टारगेट पर आ गईं। सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोल करते हुए पंजाबियों ने कहा कि उनके सॉन्ग नहीं चल रहे तो इसकी वजह से वह ऐसा कह रही हैं। पंजाबियों ने मेहनत कर कार-बंगले बनाए हैं। जब बराबरी नहीं होती तो बदनामी शुरू कर दो। (पढ़ें पूरी खबर)
8. लुधियाना में एटीएम काटकर 7 लाख रुपए निकाले

लुधियाना के जालंधर बायपास रोड स्थित एल्डिको के बाहर बने ICICI एटीएम को शातिर लुटेरों ने अपना निशाना बनाया। लुटेरों ने फिल्मी अंदाज में गैस कटर का इस्तेमाल कर ATM को तोड़कर करीब 7 लाख रुपए कैश से भरी 4 ट्रे निकाल लीं।
घटना रात करीब 1:30 से 2 बजे के बीच हुई। लुटेरे पूरी तैयारी के साथ आए थे। उनके पास आधुनिक गैस कटर और अन्य औजार थे। एटीएम के बाहर सुरक्षा के लिहाज से रात को एटीएम का शटर बंद कर दिया जाता है। लुटेरों ने गैस कटर से शटर को बड़ी सफाई से काटा और अंदर दाखिल हुए
घटना का पता सुबह तब चला जब स्थानीय लोग और एटीएम से जुड़े लोग वहां पहुंचे। अनिल कुमार ने बताया कि हमें सुबह इस चोरी की जानकारी मिली। जब मौके पर आकर देखा तो शटर कटा हुआ था और अंदर मशीन के साथ छेड़छाड़ की गई थी। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
9. महिला दिवस पर वॉकथॉन, 2.5KM पैदल चले चीफ जस्टिस

चंडीगढ़ में आज (8 मार्च) अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में शहर में वॉकथॉन का आयोजन किया गया। सुप्रीम कोर्ट के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने इस वॉकथॉन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और खुद भी इसमें शामिल होकर करीब 2.5 किलोमीटर पैदल चले। यह वॉकथॉन सुखना लेक स्थित पुलिस पोस्ट से शुरू होकर ओपन हैंड मॉन्यूमेंट तक आयोजित की गई।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य समाज में महिलाओं के अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाना था। जस्टिस सूर्यकांत के साथ पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस शील नागू ने भी इस पदयात्रा में हिस्सा लिया।
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने कहा, “सुबह की वॉक बहुत अच्छी लगी। इतने सारे यंग लॉयर्स और जजों के साथ मिलकर वॉक किया। इसका उद्देश्य यही था कि लोगों को महिला अधिकारों के बारे में जागरूक किया जाए। मुझे पूरा विश्वास है कि इस वॉक ने भी इसमें थोड़ा-बहुत योगदान दिया होगा। (पढ़ें पूर खबर)
खबर हटके…
10. पुलिस सुरक्षा पाने के लिए खुद को दिलवाई गैंगस्टर से धमकियां

बरनाला जिले में पुलिस ने ईंट भट्ठा मालिक समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि इन्होंने पुलिस सुरक्षा पाने और समाज में झूठी पहचान बनाने के लिए खुद को गैंगस्टर से धमकियां दिलवाने की साजिश रची थी। जिला पुलिस ने तकनीकी जांच के बाद पूरे मामले का खुलासा किया।
एसएसपी मोहम्मद सरफराज आलम, एसपी अशोक कुमार ने बताया कि ईंट भट्ठा मालिक शिवम मित्तल उर्फ नवी ने शिकायत दी थी कि अज्ञात नंबरों से उसे जान से मारने की धमकी मिल रही है और 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी जा रही है।
जांच में सामने आया कि शिवम मित्तल ने अपने ड्राइवर परमजीत सिंह और कर्मचारी गुरप्रीत सिंह के साथ मिलकर यह साजिश रची थी। इसमें गुरप्रीत के दोस्त कुलवंत राय और कमलप्रीत भी शामिल थे, जिन्होंने व्हाट्सएप और अज्ञात नंबरों से धमकी भरे वॉयस मैसेज भेजे।
पुलिस ने पांचों को गिरफ्तार कर उनके पास से .315 बोर का पिस्तौल, दो जिंदा कारतूस और एक इनोवा गाड़ी बरामद की है। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर,10 बड़ी खबरें: मोमोज खाने से भाई-बहन की मौत; महिलाओं को ₹1000 महीना मिलेंगे; बॉलीवुड सिंगर ने पंजाबी गानों का मजाक उड़ाया – Punjab News

