[ad_1]
संवाद न्यूज एजेंसी, नूंह। जिले में नकल पर रोक लगाने के लिए जहां जिला प्रशासन पूरी तरह से सजग रहते हुए मैदान में उतरा हुआ है, वहीं परीक्षा दे रहे परीक्षार्थी नकल करने से बाज नहीं आ रहे है। प्रशासन की चौकसी का नतीजा यह रहा कि बृहस्पतिवार को जिले में दसवीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षा में 11 यूएमसी बनी। बता दें कि जिले में हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की परीक्षाओं को नकल रहित करवाने के लिए जिला प्रशासन ने अपनी पूरी ताकत झोंकी हुई है। जिसका असर परीक्षा केंद्रों पर बाहर से तो खूब देखने को मिल रहा है।
पिछले वर्ष तक जिन परीक्षा केंद्रों पर भारी भीड़ लगी रहती थी, आज वहां केवल पुलिसकर्मी ही नजर आते है। जिला शिक्षा अधिकारी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को दसवीं कक्षा की परीक्षा 16504 विद्यार्थियों को देनी थी, लेकिन उनमें से 611 विद्यार्थी अनुपस्थित रहे, जिसके चलते परीक्षा में 15893 विद्यार्थी बैठे। इनमें से 11 विद्यार्थी ऐसे पाए गए जिन्होंने परीक्षा में नकल करने का प्रयास किया। जिन्हें सतर्कता के चलते पकड़ लिया गया और यूएमसी बनाई गई। नकल रहित परीक्षा के लिए उपायुक्त अखिल पिलानी, पुलिस अधीक्षक राजेश कुमार, शिक्षा विभाग के सभी अधिकारी, सभी एसडीएम व प्रशासन के अन्य अधिकारी दिनभर एक केंद्र से दूसरे केंद्र तक दौड़ लगाते नजर आए।
[ad_2]
Gurugram News: दसवीं की अंग्रेजी परीक्षा में 11 यूएमसी बने



