[ad_1]
अंबाला। पांच राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों को निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए रेलवे ने तैयारी शुरु कर दी है। चुनाव ड्यूटी के लिए सुरक्षा बलों को समय पर पहुंचाने के लिए चंडीगढ़ से दक्षिण भारत के लिए दो इलेक्शन एफटीआर स्पेशल ट्रेनें चलाई जा रही हैं। यह ट्रेनें आईटीबीपी, बीएसएफ और सीआरपीएफ के जवानों को लेकर केरल के एर्नाकुलम और तमिलनाडु के मदुरै तक की दूरी तय करेंगी।
चंडीगढ़ से एर्नाकुलम, 5 मार्च को रवानगी
पहली इलेक्शन स्पेशल ट्रेन नंबर 00308, 5 मार्च गुरुवार को रात 11 बजे चंडीगढ़ से रवाना होगी, इसमें कुल 19 कोच होंगे, जिनमें 11 सुरक्षा कंपनियां, पांच आईटीबीपी और छह बीएसएफ कंपनियों के जवान सवार होंगे। यह ट्रेन अंबाला कैंट, जयपुर, रत्नागिरी और कन्नूर होते हुए 9 मार्च को दोपहर 3:10 बजे एर्नाकुलम पहुंचेगी। जयपुर में जवानों के लिए दोपहर के भोजन और रत्नागिरी में नाश्ते की विशेष व्यवस्था की गई है।
चंडीगढ़ से मदुरै, दिल्ली और झांसी होकर गुजरेगी
दूसरी स्पेशल ट्रेन नंबर 00306 भी 5 मार्च को ही सुबह 11:35 बजे चंडीगढ़ से मदुरै के लिए रवाना होगी, इसमें आईटीबीपी और सीआरपीएफ की 11 कंपनियां भेजी जा रही हैं। ट्रेन दिल्ली सफदरजंग, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी, खम्मम और काटपाडी होते हुए 8 मार्च को रात 8:25 बजे मदुरै पहुंचेगी। दिल्ली सफदरजंग में शाम 7:15 बजे तीन और सुरक्षा कंपनियां इस ट्रेन में शामिल होंगी।
ट्रेन संचालन को मिलेगी प्राथमिकता
रेलवे बोर्ड ने इन दोनों ट्रेनों को सर्वोच्च प्राथमिकता पर चलाने के निर्देश दिए हैं। उत्तर रेलवे के अधिकारियों को स्पष्ट किया गया है कि यदि स्टेशन पर निर्धारित कार्य समय से पहले पूरा हो जाता है, तो ट्रेन को शेड्यूल से पहले भी रवाना किया जा सकता है। इन ट्रेनों के रैक को सात दिन या 3500 किमी के वैध ब्रेक पावर सर्टिफिकेट के साथ तैयार किया गया है। खाली रैक की वापसी के दौरान भी सभी कोच लॉक रहेंगे और सुरक्षा घेरे में रहेंगे।
रेलवे बोर्ड के निर्देश पर दो चुनाव स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जाएगा। दोनों ट्रेन पांच मार्च को चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से रवाना होंगी।
– एनके झा, वरिष्ठ वाणिज्य प्रबंधक, अंबाला मंडल।
[ad_2]
Source link




