[ad_1]
.
पंजाब की आज की सबसे बड़ी खबर इजरायल और ईरान के बीच चल रहे युद्ध से आई। इस जंग के कारण पंजाबी एक्टर-सिंगर एमी विर्क का परिवार UAE में फंस गया है। अरब देशों में रहने वाले पंजाबी परिवारों की मदद के लिए AAP सरकार ने अपना कंट्रोल रूम गठित किया है। सरकार ने लैंड लाइन और वॉट्सएप नंबर जारी किए।
चंडीगढ़ की चर्चित खबर पासपोर्ट ऑफिस को बम से उड़ाने की धमकी की रही। धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद पुलिस ने एरिया को खाली करा दिया। ईमेल में हवाला दिया गया है कि रेप मामले में कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने यह कदम उठाया है।
दिनभर की 10 चुनिंदा बड़ी खबरों को VIDEO में देखने के लिए ऊपर क्लिक करें।
इन 10 बड़ी खबरों को विस्तार से यहां पढ़ भी सकते हैं। तो आइए जानते हैं, पंजाब-चंडीगढ़ में दिनभर में क्या कुछ खास रहा
1. एक्टर एमी विर्क का परिवार UAE में फंसा
इजराइल और अमेरिका के ईरान खिलाफ छेड़े युद्ध से खाड़ी देशों में हालात बिगड़े हैं। इससे बड़ी संख्या में भारतीय भी दुबई, कतर, दोहा, UAE, आदि जगहों पर फंस गए हैं। इसी बीच एक्टर-सिंगर एमी विर्क ने अपडेट दिया है कि UAE में उनकी पत्नी और बेटी फंसे हुए हैं।
विर्क ने सोशल मीडिया पर लिखा है कि उनकी बेटी बोल रही है- पापा, जब भी कुछ अनहोनी होगी तो मैं बिस्तर के नीचे छिप जाऊंगी। आप टेंशन मत लो। एक्टर का कहना है कि मिडिल ईस्ट से आ रही हर खबर पर उनकी नजर है। उन्होंने फंसे हुए अन्य लोगों और परिवारों की भी सलामती के लिए प्रार्थना की है।
इसके अलावा मानसा का एक कपल भी दुबई में फंसा हुआ है। वह हनीमून मनाने गया था। गुरप्रीत सिंह और उनकी पत्नी की वापसी की फ्लाइट 3 मार्च को थी, लेकिन उड़ान रद्द होने से वे घर नहीं लौट पा रहे। गुरप्रीत ने फोन कर परिवार को अपने सुरक्षित होने की जानकारी दी है। गुरप्रीत के पिता गुरजंट सिंह ने भावुक होकर कहा कि हम सुबह उठते ही सबसे पहले टीवी चला लेते हैं और दिन भर खबरों पर नजर रहती है।
पंजाबियों के विदेश में फंसने के मामले बढ़ते देख पंजाब सरकार ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। इन पर फोन कर लोग मदद मांग सकते हैं। CM भगवंत मान ने कहा कि सरकार ने अपना कंट्रोल रूम बनाया है। यहां संपर्क कर लोग अपने परिवारों के लिए मदद मांग सकते हैं। सरकार खुद भी खाड़ी देशों में फंसे पंजाबियों के आंकड़े जुटाने में लगी है। इसके लिए सरकार लगातार विदेश मंत्रालय के संपर्क में है। (पढ़ें पूरी खबर)
2. नवजोत कौर सिद्धू बोलीं- राजनीति छोड़ने की सोच रही

पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान व पूर्व क्रिकेटर नवजोत सिद्धू की पत्नी डॉ. नवजोत कौर सिद्धू ने कहा कि मैं राजनीति खत्म कर संतों की सेवा करने की सोच रही हूं। अगर राजनीतिक लोग दूर हो जाएं तो संत रामपाल जैसे लोग ही धरती को संभाल लेंगे। आजकल के राजनीतिक लोग अपनी पहचान भूल चुके हैं।
नवजोत 2 दिन पहले फतेहगढ़ साहिब स्थित सतलोक आश्रम में गई हुई थीं, जहां मीडिया से बातचीत में उन्होंने यह भी कहा कि जब उन्हें ब्रेस्ट कैंसर हुआ तो उन्होंने भगवान का शुक्रिया कहा। ऐसा इसलिए क्योंकि उन्होंने बॉडी दान कर रखी है। ब्रेस्ट की किसी को जरूरत नहीं होती, बाकी बॉडी के हिस्से ठीक हैं तो वह किसी के काम आएंगे।
हालांकि, जिस संत रामपाल के आश्रम में नवजोत कौर गई थीं, वह मूल रूप से हरियाणा के हैं और इस वक्त जेल में बंद हैं। संत रामपाल पर देशद्रोह के आरोप तक के केस दर्ज हैं। हालांकि, कई केसों में वह बरी हो चुके हैं।
नवजोत कौर सिद्धू को पार्टी विरोधी बयानबाजी के चलते कांग्रेस पहले सस्पेंड और फिर पार्टी से निकाल चुकी है। इसके बाद से वह BJP से नजदीकी बढ़ा रही हैं, लेकिन उनके पति नवजोत सिद्धू ने अभी तक इस मामले पर कुछ नहीं कहा है। (पढ़ें पूरी खबर)
3. चंडीगढ़ में जहरीली गैस के 12 बम ब्लास्ट की धमकी

चंडीगढ़ में एक बार फिर बम धमकी से हड़कंप मच गया। सोमवार को ईमेल के जरिए शहर के अलग-अलग सरकारी संस्थानों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। ईमेल में 12 जहरीले बम धमाकों की बात कही गई है। धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं।
धमकी में चंडीगढ़ सेक्टर 17 बस स्टैंड, पासपोर्ट सेवा केंद्र सेक्टर-34 और इंडस्ट्रियल एरिया स्थित मुख्य पासपोर्ट कार्यालय को निशाना बनाने की बात कही गई। सूचना मिलते ही बम स्क्वॉयड, फॉरेंसिक टीम और संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर तलाशी अभियान शुरू किया।
पुलिस ने एहतियातन बस स्टैंड और पासपोर्ट कार्यालय के आसपास के क्षेत्र को खाली करवाया। संदिग्ध वस्तुओं की जांच के लिए डॉग स्क्वॉयड और बम निरोधक दस्ते ने घंटों चेकिंग की। फॉरेंसिक टीम भी ईमेल के सोर्स का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच कर रही है। (पढ़ें पूरी खबर)
4. पाकिस्तान में ऐतिहासिक गुरुद्वारा बेचा, अफसर ने ली ₹1 करोड़ रिश्वत

पाकिस्तान में सिखों व हिंदुओं के धार्मिक स्थलों को लगातार नुकसान पहुंचाया जा रहा है। हाल ही में पाकिस्तान के एबटाबाद शहर से गुरुद्वारा साहिब की इमारत गिराने और जमीन बेचने का मामला सामने आया है।
खालसा वोक्स की रिपोर्ट के अनुसार, पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत के एबटाबाद में ऐतिहासिक गुरुद्वारे को इवैक्यूई ट्रस्ट प्रॉपर्टी बोर्ड (ETPB) के एक अधिकारी ने एक करोड़ पाकिस्तानी रुपए की रिश्वत लेकर बेच दिया है। यही नहीं, अधिकारी ने गुरुद्वारा साहिब को गिराने की अनुमति भी दे दी। अब इसका खरीदार यहां अपनी पत्नियों के लिए बुटीक बनवा रहा है।
पाकिस्तान में रहने वाले सिखों का कहना है कि ETPB ने गुरुद्वारा परिसर में बनी दुकानों का किराया सालों से वसूला, लेकिन गुरुद्वारा साहिब की मरम्मत नहीं की गई। आज भी एबटाबाद में उस मार्केट का नाम गुरुद्वारा मार्केट और गुरुद्वारा गली है।
बता दें कि पाकिस्तान में ETPB अल्पसंख्यक समुदायों के गुरुद्वारों, मंदिरों और अन्य पूजा स्थलों के रखरखाव के लिए जिम्मेदार संस्था है। पाकिस्तान में जितने भी अल्पसंख्यक समुदाय हैं, उनके धार्मिक स्थलों की देखरेख करने के लिए इस बोर्ड का गठन किया गया था। (पढ़ें पूरी खबर)
5. लंदन में सिंगर मंजीत सिंह राल का एक्सीडेंट

मशहूर ब्रिटिश-भारतीय सिंगर और आरडीबी (RDB) ग्रुप के पूर्व लीड सिंगर मंजीत सिंह राल लंदन में सड़क हादसे का शिकार हो गए। इस हादसे के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया जहां उनका इलाज जारी है।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, यह दुर्घटना लंदन की एक व्यस्त सड़क पर हुई। बताया जा रहा है कि मंजीत सिंह अपनी कार से जा रहे थे। तभी एक अन्य तेज रफ्तार वाहन ने उनकी गाड़ी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि उनकी गाड़ी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, विजिबिलिटी कम होने और दूसरे वाहन की लापरवाही को हादसे का कारण माना जा रहा है। मंजीत सिंह राल को दुनिया मंज म्यूजिक के नाम से जानती है।
मंजीत सिंह राल ने अपने भाइयों कुलदीप और सुरजीत के साथ मिलकर ब्रिटिश-भारतीय आइकन और लोकप्रिय बैंड RDB (रिदम, ढोल, बेस) स्थापना की थी। यह ग्रुप पारंपरिक भांगड़ा को कंटेंपररी साउंड्स के साथ मिलाकर और इंटरनेशनल आर्टिस्ट्स के साथ मिलकर पंजाबी म्यूजिक को नई पहचान देने के लिए जाना जाता है। (पढ़ें पूरी खबर)
6. 20 फीट गहरे गड्ढे में गिरी बाइक, युवक की तड़पकर मौत

जालंधर से जंडू सिंघा की ओर जाने वाले रोड पर गड्ढे में गिरने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। ये गड्ढा पुल बनाने वाली कंपनी ने पिल्लर के लिए खोद रखा था। करीब 20 फीट गहरे गड्ढे में रात साढ़े 11 बजे के करीब बाइक गिरी। पास सो रही लेबर ने आवाज सुनी। लेकिन हेल्प के लिए नहीं उठे।
बाइक सवार कई घंटे तक तड़पता रहा और गड्ढे के अंदर ही दम तोड़ दिया। डेडबॉडी और बाइक सुबह दुकानदारों ने देखी तो पुलिस को सूचित किया। गड्ढे के पास ही दुकान करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उसने दुकान खोलने के बाद अचानक गड्ढे की तरफ नजर मारी तो अंदर बाइक गिरी दिखी।
जब उसने आसपास पूछा कि बाइक अंदर कैसे गई तो लेबर ने बताया कि रात को बाइक सवार गिर गया था। हमें अवाज आई। लेकिन हमने सोचा कि निकल गया होगा। जब गड्ढे के अंदर फिर से झांक कर देखा तो वहां डेडबॉडी पड़ी थी। बाइक सवार की सरिया लगने से आंख निकल चुकी थी। उसके पास हेडफोन थे। लेकिन मोबाइल और पर्स दोनों गायब मिले।
मौके पर पहुंची जालंधर पुलिस का कहना है कि जांच की जा रही है। शव को गड्ढे से निकालकर सिविल अस्पताल पहुंचा दिया गया है। अभी तक युवक की पहचान नहीं हुई है। पहचान के लिए आस पास के थानों में सूचना दे दी गई है। (पढ़ें पूरी खबर)
7. खेड़ी वाले बाबा बोले- मेरी पत्नी इतनी सुंदर कि मिस यूनिवर्स बना दो

संगरूर के रहने वाले बाबा गुरविंदर सिंह खेड़ी एक बार फिर चर्चा में हैं। अपने घोड़े ‘पंजाब श्रृंगार’ के कारण पहचान बनाने वाले बाबा ने लव मैरिज करने के बाद हाल ही में एक पॉडकास्ट में अपनी निजी जिंदगी को लेकर कई खुलासे किए हैं।
उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की महीने की आय सवा दो लाख रुपए है। इसके साथ ही बाबा ने पत्नी की फोटो शेयर करने पर हुए विवाद और अपनी निजी जिंदगी से जुड़े कई पहलुओं पर भी खुलकर बात की।
उन्होंने कहा कि हमारी पत्नी इतनी सुंदर है कि उसे मिस यूनिवर्स बना दो। उसे किसी तरह के फेम की जरूरत नहीं है। वह केवल मुझसे प्यार करती है। वह फोटो खिंचवाने से बचती है। वह मेरे साथ रिश्तेदारी में शादी में तक नहीं जाती, ताकि कोई फोटो न खींच ले। मैं सच बोलता हूं। मैं झूठ नहीं बोलता हूं। इस कारण मेरी पत्नी से भी लड़ाई हो गई।
बाबा की पहली शादी अरेंज मैरिज थी। उनके अनुसार, शुरुआत में सब ठीक था, लेकिन धीरे-धीरे उनका अपनी सास और अपने साले के साथ तनाव बढ़ने लगा। बाबा का आरोप है कि उनके ससुराल वाले उनकी संपत्ति को हड़पना चाहते थे। (पढ़ें पूरी खबर)
8. ट्रेन से कटे 2 लोगों की मौके पर मौत

लुधियाना में दो अलग-अलग स्थानों पर ट्रेन की चपेट में आने से 2 लोगों की मौत हो गई। दोनों फैक्ट्री में काम करने वाले मजदूर थे। ट्रेन की टक्कर के कारण एक व्यक्ति के सिर में चोट लगी तो दूसरे की पसलियां टूट गई।
पहला मामला धूरी लाइन का है। मृतक की पहचान भैरो प्रसाद के रूप में हुई है। वह ट्रैक्टर पार्ट्स की फैक्ट्री में काम करता था। बताया जा रहा है कि वह घर से सामान लेने के लिए निकला था, तभी ट्रेन की चपेट में आ गया।
हादसे में उसके सिर पर गंभीर चोट लगी। खून से लथपथ हालत में उसे ट्रैक के पास पड़ा देख स्थानीय लोगों ने परिवार को सूचना दी। मौके पर जीआरपी पुलिस पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
दूसरी घटना ढंडारी इलाके में रेलवे पुल के नीचे हुई। यहां 45 वर्षीय मुलई रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आ गया। मुलई भी एक फैक्ट्री में काम करता था। उसके परिवार में 7 बेटियां और 1 बेटा है। उसकी शादी को करीब 15 साल हो चुके थे। (पढ़ें पूरी खबर)
9. पंजाबी मॉडल रह चुकी ‘कंट्रोवर्सी गर्ल’, लाइव होकर गालियां दे चुकी

पंजाबी मॉडल पायल परम सिगरेट-शराब पीने वाली वीडियो से विवाद में घिर गई है। हालांकि उसने माफी भी मांग ली है। लेकिन पायल की ये पहली कंट्रोवर्सी नहीं है। इससे पहले भी वह लाइव होकर गालियां निकाल चुकी है।
पायल ने खुद माना कि उसने ऐसा किया था। आज भी गालियां देने के कारण इंडस्ट्री में काम लेने में दिक्कत आती है। रोपड़ के गांव धनौरी की रहने वाली पायल परम ने कहा कि अब दोबारा कंट्रोवर्सी में नहीं फंसना चाहती। निहंग सिंह ने जिस वीडियो पर आपत्ति जताई है वो पुरानी है।
पायल ने अपने करियर की शुरुआत टिकटॉक से की थी। इसके बाद उसने पंजाबी सॉन्ग तेरी हो नहीं सकदी, क्रॉस, समझ नी आई और टॉम एंड जैरी में काम किया है। उसने एक वीडियो सलमान खान के साथ बिग बॉस के सेट पर जाने का भी शेयर किया है। टिकटॉक स्टार साहिल सिदयोरा के साथ रिलेशनशिप की खबरें भी सामने आईं। लेकिन पायल ने कहा कि उसे प्यार में धोखा मिला।
वहीं अब सिगरेट-शराब पीने वाली वीडियो सामने आने पर निहंग सिंह ने आपत्ति जताई। चंडीगढ़ के रहने वाले निहंग सिंह जसदीप सिंह ने उसे 48 घंटे के अंदर श्री अकाल तख्त पर पेश होने के लिए कहा था। निहंग सिंह ने कहा था कि परम माफी मांगे नहीं तो हम प्रशाद दे देंगे। (पढ़ें पूरी खबर)
10. अमृतसर के दुर्ग्याणा मंदिर में होली, रंगों से सरोबार हुए भक्त

अमृतसर स्थित दुर्ग्याणा मंदिर में आज (2 मार्च) होली मनाई गई है। यहां होली के एक दिन पहले उत्सव मनाया जाता है। हालांकि 4 मार्च को होली है और 3 मार्च को होली मनाई जानी थी लेकिन चंद्रग्रहण की वजह से इसे एक दिन पहले मनाया गया है।
मंदिर के पंडित मेघा श्यामलाल ने बताया कि कल चंद्रग्रहण सुबह करीब 6:20 बजे शुरू होगा और लगभग 65 मिनट तक चलेगा। इस दौरान मंदिर पूरी तरह से बंद रहेंगे। जैसे ही ग्रहण समाप्त होगा, मंदिर के द्वार फिर से खोले जाएंगे।
होली उत्सव के दौरान पहले पालकी यात्रा निकाली गई। इसके बाद श्रद्धालुओं ने जमकर एक-दूसरे पर रंग उड़ेला। इस दौरान महिला भक्त नाचती नजर आईं। महिला श्रद्धालु रितु ने कहा कि आज दुर्ग्याणा मंदिर में वृंदावन जैसा माहौल देखने को मिला है। (पढ़ें पूरी खबर)
(पंजाब-चंडीगढ़ की 10 बड़ी खबरों के साथ कल शाम 6 बजे फिर होगी मुलाकात)
[ad_2]
पंजाब-चंडीगढ़ दिनभर, 10 बड़ी खबरें: एक्टर एमी विर्क की फैमिली UAE में फंसी; जहरीली गैस के 12 बम ब्लास्ट की धमकी; ₹1 करोड़ में गुरुद्वारा बेचा – Punjab News

