[ad_1]
– महिला का बैंक खाता ठगों को बेचने का आरोप, जोधपुर से दबोचा गया आरोपी बुध राज
संवाद न्यूज एजेंसी
अंबाला। सेना से रिटायर्ड सूबेदार अजीत सिंह को डिजिटल अरेस्ट कर व फर्जी नोटिस का डर दिखाकर 12.50 लाख रुपये ठगने के मामले में पुलिस ने अंतरराज्यीय गिरोह के एक और सदस्य को काबू किया। आरोपी कापहेड़ा गांव निवासी बुध राज को साइबर सेल की टीम ने राजस्थान के जोधपुर से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी से वारदात में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया। रविवार कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इस मामले में पहले पुलिस भाई-बहन को काबू कर जेल भेज चुकी है।
वर्दी पहनकर किया वीडियो कॉल
रिटायर्ड सूबेदार अजीत ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 9 जनवरी को उनके पास एक अनजान नंबर से फोन आया। फोन करने वाले ने खुद को एनआईए इंस्पेक्टर रणजीत कुमार बताया। कहा कि जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के आरोपी अफजल खान के पास से आपके व पत्नी के आधार कार्ड मिले हैं। ठग ने दावा किया था कि आतंकी ने सूबेदार के खाते में सात करोड़ रुपये भेजे हैं। डर के कारण 13 जनवरी को एफडी तोड़ने के बाद दो अलग-अलग बैंक खातों में 12 लाख 50 हजार रुपये जमा करवा दिए थे। पैसे मिलने के बाद आरोपी ने मोबाइल बंद कर लिया।
महिला का खाता सक्रिय करवा ठगों को बेचा
पुलिस की जांच में खुलासा हुआ है कि गिरफ्तार आरोपी बुध राज ने पहले पकड़े गए व्यक्ति की बहन के खाते का इस्तेमाल किया था। लालच देकर व्यक्ति से उसका बैंक खाता ले लिया था। उसके बाद बैंक खाते को सक्रिय करने के बाद आगे साइबर ठगों को बेच दिया था। इसी खाते का इस्तेमाल पीड़ित अजीत सिंह से ठगी गई राशि को ठिकाने लगाने के लिए किया गया था। पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।
[ad_2]
Source link




