Top Companies Market Cap Loss: घरेलू बाजार में शुक्रवार, 27 फरवरी को भारी गिरावट दर्ज की गई. बिकवाली के दबाव में बीएसई सेंसेक्स 961.42 अंक टूटकर 81,287.19 पर बंद हुआ. जबकि एनएसई निफ्टी 50 317.90 अंक गिरकर 25,178.65 के लेवल पर दिन की समाप्ति की थी. इस तेज गिरावट का असर बड़ी कंपनियों पर भी पड़ा.
बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज की टॉप-10 कंपनियों में से 9 के मार्केट कैपिटलाइजेशन में कुल मिलाकर 2.18 लाख करोड़ रुपये की कमी दर्ज की गई. यानी पिछले एक हफ्ते में निवेशकों की इतनी बड़ी पूंजी में गिरावट देखने को मिली. आइए जानते हैं, किन कंपनियों को सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है….
इन कंपनियों को हुआ सबसे ज्यादा नुकसान
आंकड़ों के अनुसार, टेलीकॉम कंपनी एयरटेल को सबसे ज्यादा नुकसान उठाना पड़ा. कंपनी के मार्केट कैप में करीब 55,852 करोड़ रुपये की गिरावट दर्ज की गई है. एचडीएफसी बैंक को पिछले सप्ताह जबरदस्त नुकसान का सामना करना पड़ा. इस दौरान कंपनी को 37,580 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप में करीब 34,846 करोड़ रुपये की गिरावट देखने को मिली है.
कमजोर बाजार संकेतों से कंपनियों को तगड़ा नुकसान उठाना पड़ा. वहीं, बजाज फाइनेंस को 20,316 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ. टीसीएस का 18,181 करोड़ रुपये और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) का मार्केट कैपिटलाइजेशन 14,990 करोड़ रुपये कम हो गया है.
गिरते बाजार में हिंदुस्तान यूनिलीवर ने दिखाई मजबूती
जब बाजार में ज्यादातर शेयर दबाव में थे, तब एफएमसीजी सेक्टर की दिग्गज कंपनी हिंदुस्तान यूनिलीवर ने अलग ही तस्वीर पेश की. अस्थिर माहौल के बावजूद कंपनी की मार्केट वैल्यू में 5,463 करोड़ रुपये की बढ़ोतरी दर्ज की गई. इस दौरान कंपनी शेयरों में निवेशकों ने भरोसा बनाए रखा.
रिलायंस इंडस्ट्रीज नंबर वन
मार्केट कैपिटलाइजेशन के आधार पर रिलायंस इंडस्ट्रीज अभी भी नंबर 1 पर बनी हुई है. वहीं, दूसरा स्थान एचडीएफसी बैंक और तीसरा स्थान एसबीआई का है.
डिस्क्लेमर: (यहां मुहैया जानकारी सिर्फ़ सूचना हेतु दी जा रही है. यहां बताना जरूरी है कि मार्केट में निवेश बाजार जोखिमों के अधीन है. निवेशक के तौर पर पैसा लगाने से पहले हमेशा एक्सपर्ट से सलाह लें. ABPLive.com की तरफ से किसी को भी पैसा लगाने की यहां कभी भी सलाह नहीं दी जाती है.)
यह भी पढ़ें: मिडिल ईस्ट संकट का असर, सोमवार को कैसी रहेगी शेयर बाजार की चाल? जानिए पूरी डिटेल
Source: https://www.abplive.com/business/sensex-nifty-fall-bse-top-10-companies-market-cap-loss-reliance-hdfc-airtel-weekly-crash-update-know-the-details-3096119



